पटना: बिहार की शतरंज प्रतिभा मरियम फ़ातिमा ने राज्य का नाम रोशन करते हुए एक ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की है। वो बिहार की पहली महिला फिडे मास्टर (WFM) बन गई हैं। यह खिताब उन्हें स्पेन के बार्सिलोना में जुलाई और अगस्त में आयोजित अंतरराष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिताओं में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्राप्त हुआ, जहाँ उन्होंने महिला फिडे मास्टर बनने के लिए आवश्यक 2100 रेटिंग अंक हासिल किए।
बिहार शतरंज संघ ने दी बधाई
इस उपलब्धि की जानकारी अखिल बिहार शतरंज संघ के सचिव धर्मेंद्र कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि विश्व शतरंज संघ (FIDE) ने हाल ही में अखिल भारतीय शतरंज महासंघ को पत्र भेजकर मरियम को WFM खिताब प्रदान किए जाने की पुष्टि की है। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रन शंकरन ने मरियम को बधाई देते हुए कहा कि यह राज्य के लिए गर्व की बात है। उन्होंने आशा जताई कि मरियम जल्द ही महिला इंटरनेशनल मास्टर (WIM) और महिला ग्रैंडमास्टर (WGM) जैसे प्रतिष्ठित खिताब भी अपने नाम करेंगी।
अखिल बिहार शतरंज संघ के अध्यक्ष दिलजीत खन्ना ने भी मरियम को बधाई दी और कहा कि उनकी यह उपलब्धि राज्य के शतरंज खिलाड़ियों, विशेषकर युवा लड़कियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि मरियम का समर्पण, कड़ी मेहनत और उत्कृष्टता यह दर्शाता है कि बिहार की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं।मरियम वर्तमान में राज्य की महिला शतरंज चैंपियन भी हैं और उनकी यह नई उपलब्धि बिहार के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ती है।






