झारखंड क्रिकेट में चयन समितियों का पुनर्गठन किया गया है। धनबाद के पूर्व रणजी क्रिकेटर मनीष वर्द्धन को सीनियर चयन समिति का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। वहीं, धनबाद क्रिकेट संघ के संयुक्त सचिव और अनुभवी कोच बाल शंकर झा को झारखंड महिला क्रिकेट टीम का चयनकर्ता बनाया गया है।
महिला चयन समिति में उनके साथ कविता राय, मनोज कुमार सिंह और चरणजीत कौर भी शामिल हैं। इसके अलावा, संजीव गुप्ता को जूनियर चयन समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है।
मनीष वर्द्धन बिहार रणजी टीम की कप्तानी कर चुके हैं, जबकि बाल शंकर झा बीसीसीआई लेवल-2 कोच हैं। वे पिछले दो वर्षों से झारखंड अंडर-23 पुरुष टीम के गेंदबाजी कोच रहे हैं, जहां दोनों ही वर्षों में टीम ने क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया। 35 वर्षों तक टाटा स्टील में कार्यरत रहे बाल शंकर झा अपने लंबे अनुभव के लिए जाने जाते हैं।
नियुक्ति पर धनबाद क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार उत्तम बिस्वास, साध्वेंद्र सिंह, जावेद खान, रविजीत सिंह डांग, मनोज सिंह, सुनील कुमार और महासचिव बिनय कुमार सिंह ने मनीष वर्द्धन, बाल शंकर झा और संजीव गुप्ता को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि तीनों अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करेंगे और इससे झारखंड क्रिकेट को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।