अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में शेखपुरा – बरबीघा स्थित संत मैरी इंग्लिश स्कूल में चल रहे बिहार राज्य सीनियर फिडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता के सात चक्रों की समाप्ति के पश्चात पटना के विजय कुमार साढ़े छह अंको के साथ अपनी बढ़त बरकरार रखी है। वहीं छह अंको के साथ राहुल अकेले दूसरे स्थान पर चल रहे हैं जबकि छह खिलाड़ी साढ़े पांच अंको के साथ तीसरे स्थान पर बने हुए हैं।
शीर्ष बोर्ड पर दो धुरंधरों के बीच खेली गई बाजी में अंततः विजय ने अंक अपने खाते में जोड़ लिये। ओल्ड सिसिलियन पद्धति से खेली गई इस रोचक बाजी में विजय ने 68वें चाल में आशुतोष के एक चूक का फायदा उठाते हुए मात कर दिया।
वहीं दो नम्बर बोर्ड पर पूर्व राज्य चैंपियन विपल सुभाषी को राहुल ने मात देकर प्रतियोगिता की रोचकता बढ़ा दी। सीसीलियन सुरक्षा पद्धति पर खेली गई इस 100 चालों की मैराथन बाजी में अंततः राहुल ने विपल सुभाषी को हार मानने पर मजबूर कर दिया। रोमांचक अंत खेल में राहुल के बढ़ते प्यादे को रोकने के लिए विपल को अपना घोड़ा देना पड़ा। हालांकि विपल ने बाजी सम्भालने की कोशिश की लेकिन 12 चाल बाद विपक्षी के बढ़ते प्यादे को देख हार मान ली।
तीन नम्बर बोर्ड पर वेटरन खिलाड़ी देवब्रत सिंह ने सफेद मोहरों से खेलते हुए मरियम फ़ातिमा को ड्रा पर रोक अंक बांटने पर मजबूर कर दिया। वहीं दिव्यांशु, रूपेश , शशिनन्द एवं जयेश ने अपने अपने प्रतिद्वंदियों को मात कर साढ़े पांच अंको के साथ तीसरे स्थान पर बने हुए हैं।
आज के महत्वपूर्ण परिणाम इस तरह रहे:
1. विजय कुमार 6.5 ने आशुतोष कुमार 5.5 को
2. राहुल कुमार 6 ने विपल सुभाषी 5 को
3. दिव्यांशु सिंह 5.5 ने वाई पी श्रीवास्तव 4.5 को
4. रूपेश रामचंद्र 5.5 ने प्रेम कुमार 4.5 को
5. शशिनन्द कुमार 5.5 ने सुशील कुमार सिन्हा 4.5 को
6. जयेश मिश्र 5.5 ने राज आर्यन 4 को पराजित किया जबकि मरियम फ़ातिमा 5.5 एवं देवब्रत सिंह 5 के बीच बाजी ड्रा रही।