KRIDA NEWS

BCA महिला U-19 टी20 का खिताब टीम B ने 43 रनों से किया अपने नाम, स्वीटी की फिफ्टी और काजल की ‘चौके’ से टीम बनी चैंपियन

पटना: बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) द्वारा महिला क्रिकेट को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित महिला अंडर-19 टी20 ट्रॉफी 2024-25 का फाइनल मुकाबला आज मोईन-उल-हक़ स्टेडियम, पटना में खेला गया। फाइनल में टीम B ने टीम E को 43 रनों से पराजित कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।

BCA अध्यक्ष श्री राकेश कुमार तिवारी द्वारा दिए गए प्रेरणात्मक स्लोगन ‘खेलेगी बेटी तो बढ़ेगी बेटी’ को धरातल पर साकार करते हुए इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया और शानदार प्रदर्शन किया।

फाइनल मुकाबले में टीम B ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 162 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से स्वीटी कुमारी ने 33 गेंदों में 8 चौकों की मदद से नाबाद 50 रन की प्रभावी पारी खेली, जबकि नंदनी यादव ने 32 गेंदों पर 33 रन और खुशबू ने नाबाद 24 रन का योगदान दिया। दीपा ने 15, शिखा यादव ने 12 और कप्तान अक्षरा गुप्ता ने 11 रन बनाए।

टीम E की गेंदबाजी में मुस्कान वर्मा ने 3 ओवर में 15 रन देकर 1 विकेट, अर्चना सहनी ने 4 ओवर में 39 रन देकर 1 विकेट और रौशनी ने 1 ओवर में 14 रन देकर 1 विकेट लिया।

जवाबी पारी में टीम E निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट पर 125 रन ही बना सकी। बल्लेबाजी में नेहा चौधरी ने 33 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 55 रनों की साहसिक पारी खेली, जबकि रिया सिंह ने नाबाद 30 और अर्चना ठाकुर ने 13 रन बनाए।टीम B की गेंदबाजी में काजल ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 1 मेडन के साथ 19 रन देकर 4 विकेट चटकाए। सिद्धि कुमारी, कप्तान अक्षरा  गुप्ता और वैष्णवी ने भी एक-एक विकेट लिया।

BCA अध्यक्ष श्री राकेश कुमार तिवारी ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन और खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि, “हमारी बेटियों ने मैदान पर जिस ऊर्जा, तकनीक और अनुशासन के साथ खेल दिखाया है, वह बिहार क्रिकेट का भविष्य उज्जवल करता है। ‘खेलेगी बेटी तो बढ़ेगी बेटी’ सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि हमारा संकल्प है।”

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा यह आयोजन महिला क्रिकेट के विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ है, जिससे भविष्य में राज्य की प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ी राष्ट्रीय मंच तक पहुँच सकेंगी।

Read More

पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में वाईएमसीसी और बीएसईबी जीते

पटना: पटना जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रही अधिकारी मदन मोहन प्रसाद मेमोरियल पटना डिस्ट्रिक्ट सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में बुधवार को खेले गए मुकाबलों में वाईएमसीसी और बीएसईबी की टीमों ने शानदार जीत दर्ज की। एक मैच में वाईएमसीसी ने सत्यम कुमार के तूफानी शतक और सूरज कश्यप (84 रन, 3 विकेट) के हरफनमौला खेल की बदौलत शर्मा स्पोर्टिंग को 166 रन के बड़े अंतर से पराजित किया, जबकि दूसरे मुकाबले में बीएसईबी ने बेहद रोमांचक संघर्ष में क्रिसेंट सीसी को 1 विकेट से हराकर जीत अपने नाम की।

YMCC की जीत

स्थानीय जेनेक्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वाईएमसीसी की टीम ने निर्धारित 35 ओवर में 7 विकेट पर 324 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से सत्यम कुमार ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 53 गेंदों में 129 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 11 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा सूरज कुमार कश्यप ने 57 गेंदों में 84 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कप्तान विराट पांडेय ने 43 रन का योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत वाईएमसीसी ने बड़ा स्कोर खड़ा किया।

324 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी शर्मा स्पोर्टिंग की टीम वाईएमसीसी के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 28 ओवर में 158 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से राहुल कुमार ने 33 रन और आदित्य कुमार राय ने 24 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। वाईएमसीसी की ओर से गेंदबाजी में गौरव राज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 ओवर में 30 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं सूरज कश्यप ने 3 विकेट विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की। विजेता टीम के सूरज कश्यप (84 रन, 3 विकेट) को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

BSEB ने हासिल की जीत

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए क्रिसेंट सीसी की टीम ने 40 ओवर में 150 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से आशीष राज ने 37 गेंदों में 40 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि नदीम स्ट्राइकर ने 21 रन और रितविक राज ने 14 रन का योगदान दिया। बीएसईबी की ओर से तुषार कांत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 ओवर में 13 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं परमेश्वर यादव ने 2 विकेट लिए और शंभू कुमार तथा प्रदीप को 1-1 सफलता मिली।

151 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीएसईबी की टीम को क्रिसेंट सीसी के गेंदबाजों ने कड़ी चुनौती दी। एक समय टीम ने लगातार विकेट गंवा दिए, लेकिन पंकज कुमार मिश्रा ने 36 गेंदों में 44 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया।

इसके अलावा दीपक कुमार ने 25 रन और कप्तान मुकेश कुमार शर्मा ने 21 रन का योगदान दिया। बीएसईबी की टीम ने 30 ओवर में 9 विकेट खोकर 151 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। क्रिसेंट सीसी की ओर से गेंदबाजी में गुलरेज अख्तर और रितविक राज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट हासिल किए, लेकिन इसके बावजूद टीम जीत दर्ज नहीं कर सकी। विजेता टीम के तुषारकांत को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

Read More

बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी अंडर-13: जेनेक्स क्रिकेट एकेडमी की शानदार जीत, YCC को 4 विकेट से हराया

पटना। बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी मैदान पर खेले गए बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी अंडर-13 के लीग मुकाबले में जेनेक्स क्रिकेट एकेडमी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए YCC क्रिकेट एकेडमी को 4 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैच में गेंदबाजों और बल्लेबाजों दोनों ने अहम भूमिका निभाई। प्रियांशु को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए YCC क्रिकेट एकेडमी की टीम 34 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से कप्तान अनुराग राणा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 63 गेंदों में 82 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 16 चौके और एक छक्का शामिल रहा। उनके अलावा शशांक शेखर ने 21 रन और अन्य बल्लेबाजों ने छोटे-छोटे योगदान दिए। जेनेक्स क्रिकेट एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में कप्तान प्रियांशु जे.एस. ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 ओवर में 26 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं आदित्य कुमार ने 3 विकेट और अंश राज तथा आर्यन राज ने 1-1 विकेट लेकर YCC की पारी को समेट दिया।

160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जेनेक्स क्रिकेट एकेडमी की टीम ने आक्रामक शुरुआत की। आकर्ष राज ने 49 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि अमित कुमार ने 27 रन बनाए। अंत में शिपु ने 36 रनों की नाबाद पारी खेलते हुए टीम को 21.4 ओवर में 160/6 तक पहुंचाकर जीत दिला दी। YCC क्रिकेट एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में रुद्र नारायण ने 2 विकेट, अनुराग राणा ने 2 विकेट और सचिन कुमार ने 1 विकेट हासिल किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। इस तरह जेनेक्स क्रिकेट एकेडमी ने संतुलित प्रदर्शन करते हुए मुकाबले को अपने नाम किया और टूर्नामेंट में शानदार जीत दर्ज की।

Read More

29 मार्च से पटना में बिहार रूरल लीग, 24 टीमों के बीच होगा रोमांचक मुकाबला

पटना: पटना जिला में क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। बिहार रूरल लीग के तहत जिला स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन आगामी 29 मार्च से किया जाएगा, जिसमें कुल 24 टीमें भाग लेंगी। टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए मीडिया प्रभारी रूपक कुमार एवं गवर्निंग काउंसिल के कन्वेनर ज्ञानेश्वर गौतम ने बताया कि प्रतियोगिता के सभी मुकाबले नौबतपुर–मसौढ़ी रोड स्थित पंकज स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स (पीटमास मैदान) में खेले जाएंगे। बड़ी संख्या में टीमों की भागीदारी के कारण मुकाबलों के बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट का विस्तृत कार्यक्रम जल्द ही जारी किया जाएगा। पटना जिला के मुकाबलों के समापन के बाद इसी लीग के अंतर्गत समस्तीपुर, जहानाबाद और मोतिहारी जिलों में भी मैचों का आयोजन किया जाएगा, जिनकी तिथियों की घोषणा शीघ्र की जाएगी।

ज्ञानेश्वर गौतम ने आगे बताया कि प्रतियोगिता के पहले चरण के सभी मैच पारंपरिक व्हाइट ड्रेस में खेले जाएंगे। इसके लिए सभी टीमों को आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं। आयोजकों ने सभी टीमों के कप्तानों से अनुरोध किया है कि वे मैच से संबंधित जानकारी के लिए प्रभात कुमार (मोबाइल: 9939089666) से संपर्क कर लें।

Read More

BCA अंडर-23 वनडे ट्रॉफी: शेखपुरा की रोमांचक जीत, नालंदा को 4 रन से हराया

नालंदा: बिहार क्रिकेट संघ के घरेलू सत्र 2025-26 के तहत आयोजित बीसीए मेंस अंडर-23 वनडे ट्रॉफी (मगध जोन) के चौथे मुकाबले में शेखपुरा ने नालंदा को बेहद रोमांचक मैच में 4 रन से हरा दिया। यह मुकाबला बुधवार, 18 मार्च 2026 को नालंदा जिला क्रिकेट संघ की मेजबानी में खेला गया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए शेखपुरा की टीम 45.4 ओवर में 199 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से रिक्की ने शानदार 83 रन की पारी खेली, जबकि सचिन ने 47 रन और अभिषेक ने 16 रन का योगदान दिया। सूरज ने भी 11 रन बनाए। नालंदा की गेंदबाजी में आदित्य राज ने 23 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि आदर्श ने 52 रन पर 3 विकेट हासिल किए। गौरव को 2 और दिव्यांश को 1 विकेट मिला।

200 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नालंदा की टीम 40.3 ओवर में 195 रन बनाकर सिमट गई और मैच 4 रन से गंवा बैठी। नालंदा की ओर से लव ने सर्वाधिक 70 रन बनाए, जबकि गौरव ने 29, दिव्यांश ने 23, हर्ष ने 12 और हर्षित ने 10 रन का योगदान दिया। शेखपुरा की ओर से गेंदबाजी में कन्हैया ने 53 रन देकर 4 विकेट चटकाए। सूरज, रिक्की और मोहम्मद सत्तार ने 2-2 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए शेखपुरा के रिक्की शर्मा को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।

इस अवसर पर क्रिकेट एसोसिएशन नालंदा के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, सचिव गोपाल कुमार सिंह, पूर्व सचिव सैयद मोहम्मद जावेद इकबाल, कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, संयुक्त सचिव संजीव कुमार समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मैच में अंपायर की भूमिका बीसीए पैनल के सुनील सिंह और नितेश कुमार ने निभाई। अब टूर्नामेंट का अगला मुकाबला 19 मार्च 2026 को नवादा और गया के बीच खेला जाएगा।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.