बरबीघा (शेखपुरा): अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में बिहार राज्य सीनियर फिडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को शेखपुरा जिले के बरबीघा स्थित सेंट मैरी इंग्लिश स्कूल में हुआ। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में कुल 94 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं, जिनमें 52 फिडे रेटेड खिलाड़ी शामिल हैं। नौ चक्रों में आयोजित यह पांच दिवसीय स्पर्धा कुल 50,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि के लिए खेली जा रही है।
प्रतियोगिता के पहले दिन वरीयता प्राप्त सभी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबले जीत लिए और अगले चक्र में प्रवेश किया। शीर्ष वरीय खिलाड़ी सुनील कुमार सिन्हा, किशन कुमार, विपल सुभाषी, और मरियम फातिमा ने सधे हुए खेल का प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथियों ने किया उद्घाटन
प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन शेखपुरा के जिलाधिकारी आरिफ अहसन ने दीप प्रज्वलन कर किया। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक बलिराम कुमार चौधरी, एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार, अखिल बिहार शतरंज संघ के सचिव धर्मेंद्र कुमार, दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ अरुण साथी एवं सेंट मैरी स्कूल के प्राचार्य शब्बीर अहमद मंचासीन रहे।
इस अवसर पर संघ के उपाध्यक्ष जय प्रकाश सिन्हा, संयुक्त सचिव नंदकिशोर, वरिष्ठ खिलाड़ी विपल सुभाषी, शिवप्रिय भारद्वाज, शशिनन्द कुमार, उपमुख्य निर्णायक मनीष कुमार, निर्णायक राज चन्द्र एवं रितेश कुमार सहित जिले के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
प्रमुख मुकाबलों के परिणाम इस प्रकार रहे:
- सुनील कुमार सिन्हा ने पार्थवाह को पराजित किया
- किशन कुमार ने अनुराग भारद्वाज को मात दी
- विपल सुभाषी ने संजीत कुमार सौरव को हराया
- देवब्रत सिंह ने शशि प्रकाश को शिकस्त दी
- मरियम फातिमा ने आरुष कुमार को हराया
- आशुतोष कुमार ने आयुष वैभव को पराजित किया
- पीयूष कुमार ने अभय रजक को मात दी
- शुभम कुमार ने अभिजीत भारती को हराया
- वाई. पी. श्रीवास्तव ने अभिमन्यु कुमार को शिकस्त दी
- रूपेश रामचंद्र ने अभिषेक कुमार को पराजित किया
- राहुल कुमार ने अभिषेक नंद भारती को हराया