पटना: अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में पटना के पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज में चल रहे बिहार राज्य महिला फिडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता में आज छठे चक्र की समाप्ति के बाद मरियम फातिमा एवं नेहा सिंह साढ़े पांच अंको के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर चल रही हैं। वहीं पांच अंको के साथ पटना की अदीबा उल्ला अकेले दूसरे स्थान पर चल रही हैं।
सुबह खेले गए पांचवे चक्र के शीर्ष बोर्ड पर दोनों अग्रता लिए खिलाड़ियों मरियम फातिमा और नेहा सिंह के बीच खेली गई बाजी आखिरकार अनिर्णीत रही और इस तरह दोनों खिलाड़ियों ने अपनी अग्रता बनाये रखी। छठे चक्र में शीर्ष बोर्ड पर मुजफ्फरपुर की मरियम ने सहरसा की प्रेरणा कुमारी को सफेद मोहरों से पराजित कर छह चक्रों में साढ़े पांच अंक कर लिये। दूसरे बोर्ड पर नेहा सिंह ने भी अपने प्रतिद्वंद्वी भोजपुर की अर्पिता सिंह से काले मोहरों से खेल कर बाजी जीत ली और साढ़े पांच अंको के साथ अपनी अग्रता बनाये रखी। इस तरह दोनों खिलाड़ी छह अंको के बाद संयुक्त रूप से शीर्ष पर चल रही हैं।
वहीं प्रतियोगिता की पांचवी वरीयता प्राप्त पटना की अदीबा उल्लाह ने आज अपने दोनों मुकाबले जीत पांच अंको के साथ अकेले दूसरे स्थान पर आ गई हैं। आज सुबह के मुकाबले में अदीबा ने मुजफ्फरपुर की नव्या गोयनका को हराया , वहीं संध्या में खेले गए छठे चक्र में बोर्ड नम्बर तीन पर गया की कोमल सिंह मुस्कान को पराजित कर छह में कुल पांच अंक अपने खाते में जोड़ लिए।
बोर्ड नम्बर चार पर इस प्रतियोगिता में उल्लेखनीय प्रदर्शन कर रही शालिनी श्रीवास्तव ने पुनः छठे चक्र में नौंवी वरीयता प्राप्त फिडे रेटेड खिलाड़ी नव्या गोयनका को पराजित कर अब तक चार रेटेड खिलाड़ियों के विरुद्ध तीन अंक बना चुकी हैं। 1700 से ऊपर का
रेटिंग प्रदर्शन कर रही शालिनी के इस प्रतियोगिता में फिडे रेटिंग आने की संभावना प्रबल दिख रही है।शालिनी साढ़े चार अंको के साथ अकेले तीसरे स्थान पर आ गई हैं। अभी प्रतियोगिता में तीन चक्र और खेले जाने हैं।
आज छठे चक्र में खेले गए मुकाबलों के परिणाम इस तरह रहे:
1. मरियम फातिमा 5.5 ने प्रेरणा कुमारी 4 को
2. नेहा सिंह 5.5 ने अर्पिता सिंह 4 को
3. अदीबा उल्लाह 5 ने कोमल सिंह मुस्कान 4 को
4. शालिनी श्रीवास्तव 4.5 ने नव्या गोयनका 3.5 को
5. धान्वी कर्मकार 4 ने नूपुर आनंद 3.5 को
6. रश्मि प्रिया 4 ने सरस्वती सक्सेना 3 को
7. प्रशंसा कुमारी 4 ने ऋषिका सिन्हा 3 को
8. वैभवी वाणी 4 ने कीर्ति सिन्हा 3 को पराजित किया।