पटना: खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 (Khelo India Youth Games 2025) में मेज़बान बिहार ने रग्बी में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए फाइनल मुकाबलों में बिहार की लड़कियों और लड़कों की टीमों ने ओडिशा को पराजित कर दो स्वर्ण पदकों पर कब्जा जमाया। यह जीत न केवल बिहार के लिए गर्व का क्षण रही, बल्कि रग्बी जैसे तेजी से लोकप्रिय होते खेल में राज्य की मजबूत उपस्थिति का प्रमाण भी बनी।
लड़कियों की टीम ने दिखाया दबदबा
लड़कियों के फाइनल मुकाबले में बिहार की टीम ने पूरी तरह से एकतरफा खेल दिखाया और ओडिशा को 22-0 से शिकस्त दी। मुकाबले के दौरान ओडिशा की टीम को ट्राई करने का एक भी मौका नहीं मिला। बिहार की खिलाड़ियों ने अनुशासित और आक्रामक खेल का बेहतरीन संयोजन पेश किया, जिससे जीत बेहद आसान साबित हुई।
लड़कों का मुकाबला बना रोमांच का पर्याय
वहीं दूसरी ओर, लड़कों का मुकाबला पूरी तरह से सांसें थाम देने वाला रहा। ओडिशा की टीम जब 12-7 से आगे थी और मुकाबले में कुछ ही मिनट शेष थे, तब लगा कि मेहमान टीम खिताब जीत सकती है। लेकिन बिहार के खिलाड़ियों ने जबरदस्त जज़्बा दिखाते हुए आखिरी पलों में निर्णायक ट्राई किया और स्कोर 14-12 कर जीत अपने नाम की। दर्शकों ने इस संघर्ष को खड़े होकर देखा और तालियों से स्टेडियम गूंज उठा।
पदक तालिका में सुधार की ओर बिहार
इन जीतों के साथ अब बिहार के खाते में कुल 3 स्वर्ण, 5 रजत और 8 कांस्य पदक हो गए हैं। वह पदक तालिका में 13वें स्थान पर है। तालिका के शीर्ष पर महाराष्ट्र बना हुआ है, उसके बाद क्रमशः कर्नाटक, राजस्थान, मध्य प्रदेश और हरियाणा का स्थान है।