KRIDA NEWS

WJAI और Veterans के बीच हुआ रोमांचक मुकाबला, कलम के सिपाहियों ने खेल में भी दिखाया दम

पटना: पटना सिटी के मनोज कमालिया स्टेडियम में आज सद्भावना कप टेनिस सॉफ्ट क्रिकेट टूर्नामेंट का शानदार आयोजन किया गया। यह मुकाबला वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI) और Veterans टीम के बीच खेला गया। टूर्नामेंट ने खेल प्रेमियों को रोमांच से भर दिया और दर्शकों ने पूरे मैच के दौरान दोनों टीमों का उत्साहवर्धन किया। 

मैच का शुभारम्भ WJAI के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद कौशल ने बतौर मुख्य अतिथि किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय सचिव मधुप मणि “पिक्कू”, पूर्व क्रिकेटर और सॉफ्ट बॉल क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व सचिव कुमार ज्योति, साल 2023 के मिस्टर इंडिया विजेता चक्रपाणि पांडे, , खिलाड़ी ऋषि राज उपस्थित थें। मैच के शुभारम्भ के दौरान पूर्व खिलाड़ी और कॉमेंट्रेटर सुरेश मिश्रा और सॉफ्ट बॉल एसोसिएशन के पूर्व सचिव कुमार ज्योति ने मुख्य अतिथि आनंद कौशल, विशिष्ट अतिथि मधुप मणि “पिक्कू”, चक्रपाणि पांडे समेत अन्य अतिथियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।

WJAI करेगी क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित

मुख्य अतिथि आनंद कौशल ने उपस्थित खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा कि WJAI प्रत्येक वर्ष इस तरह के टूर्नामेंट का आयोजन करेगी। उन्होंने पूर्व क्रिकेटर और बिहार सॉफ्ट बॉल क्रिकेट टीम के पूर्व सचिव रहे कुमार ज्योति WJAI के कोच नियुक्त करने की घोषणा करते हुए कहा कि वो जरूरी प्रशिक्षण देकर WJAI के लिए एक मजबूत टीम का निर्माण करेंगे और अगले मुकाबले के लिए बेहतर टीम बनाएंगे। WJAI के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद कौशल ने सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्द्धन किया। उन्होंने महिला खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि आज का मैच देख कर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि हमारी बेटियां कहीं भी लड़कों से कम नहीं हैं। मैच के दौरान बेटियों का प्रदर्शन काबिलेतारीफ रहा।

मैच के अंत में अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीम के सभी खिलाड़ियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। मैच से पहले टॉस के लिए WJAI टीम के कप्तान राजू पाठक और Veterans टीम के कप्तान पिंकू मिश्रा मैदान में आए। टॉस जीतकर Veterans टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया।

पहली पारी: Veterans की दमदार बल्लेबाजी

मैच की पहली पारी में Veterans टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 15 ओवर में 189 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के बल्लेबाजों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। प्रगति सिंह ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सबका ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने 75 गेंदों पर 78 रन बनाए और अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। वहीं सुरेश मिश्रा उर्फ पिंकू ने भी शानदार बल्लेबाजी की और 42 गेंदों पर 47 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों के बीच 100 रनों की साझेदारी हुई, जिससे टीम का स्कोर मजबूत स्थिति में पहुंचा।

दूसरी पारी: WJAI की संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी

189 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी WJAI की टीम शुरुआत से ही दबाव में रही। विपक्षी गेंदबाजों ने कड़ी गेंदबाजी करते हुए WJAI टीम के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। WJAI की तरफ से मिथिलेश मिश्रा ने टीम के लिए सबसे अधिक 32 रन बनाए। कप्तान राजू पाठक ने भी संघर्ष करते हुए 21 रन बनाए। पूरी टीम विपक्षी टीम के द्वारा दिए गए लक्ष्य का पीछा करते हुए 15 ओवर में केवल 100 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई।

मैच के सितारे और मैन ऑफ द मैच

इस रोमांचक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करने वाले प्रगति सिंह को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्होंने 75 गेंदों पर 78 रनों की बेहतरीन पारी खेली और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। सद्भावना कप टेनिस सॉफ्ट क्रिकेट टूर्नामेंट ने क्रिकेट प्रेमियों को एक शानदार मुकाबला देखने का अवसर दिया। Veterans टीम की जबरदस्त बल्लेबाजी और WJAI टीम की संघर्षपूर्ण पारी ने इस टूर्नामेंट को यादगार बना दिया।

आयोजन समिति ने इस प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और सभी खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ बेहतरीन प्रदर्शन किया। यह टूर्नामेंट न केवल खिलाड़ियों के लिए बल्कि खेल प्रेमियों के लिए भी बेहद खास रहा।

Read More

बीच थ्रोबॉल ऑफ इंडिया में बिहार का जलवा, हरियाणा को हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंची

पटना: उत्तराखंड के ऋषिकेश में आयोजित बीच थ्रोबॉल ऑफ इंडिया प्रतियोगिता में बिहार की पुरुष और महिला टीमों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। पुरुष वर्ग में बिहार की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पहले मध्य प्रदेश और फिर हरियाणा को पराजित कर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। टीम के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल दिखाते हुए दोनों मुकाबलों में प्रभावशाली जीत दर्ज की।

वहीं महिला वर्ग में भी बिहार की टीम ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। बिहार की महिला टीम ने उत्तर प्रदेश को हराकर प्रतियोगिता में अपनी पहली जीत हासिल की। इस मुकाबले में ईशा नंदनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

बीच थ्रोबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना होने से पहले बिहार टीम को सुमित कुमार श्रीवास्तव ने विदा किया था। वहीं सीनियर वाइस प्रेसिडेंट सतीश कुमार श्रीवास्तव ने टीम के खिलाड़ियों को आगामी मुकाबलों के लिए अग्रिम बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की।

Read More

यूनिटी कप अंडर-16 : फेयर लेस फाल्कन्स की शानदार जीत, पंकज स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स को 10 विकेट से हराया

पटना। राजधानी पटना के पंकज स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स (पीटमास) मैदान में The GamePlanCo के तत्वावधान में स्वर्गीय अरुण सिंह जी की स्मृति में आयोजित “यूनिटी कप” अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट के पूल-बी का पहला मुकाबला पंकज स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स और फेयर लेस फाल्कन्स के बीच खेला गया। इस मुकाबले में फेयर लेस फाल्कन्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पंकज स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स को 10 विकेट से पराजित कर दिया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए पंकज स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स की टीम 15.4 ओवर में 79 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से आयुष ने 20 गेंदों पर 18 रन, अंकित सिंह ने 14 गेंदों में 16 रन और पंकज ने 12 गेंदों पर 10 रन बनाए। फेयर लेस फाल्कन्स की ओर से गेंदबाज़ी में विशेष सुनील गोस्वामी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट पर 22 रन दिए। इसके अलावा सक्षम भारती ने 2/29 और रौनक ने 2/14 विकेट लिए।

फाल्कन्स की आसान जीत

80 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फेयर लेस फाल्कन्स की टीम ने आक्रामक बल्लेबाज़ी करते हुए मात्र 5 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 84 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से आदित्य कुमार ने 15 गेंदों पर तेज़ 52 रन बनाए, जबकि पीयूष ने 15 गेंदों में 24 रन का योगदान दिया। शानदार गेंदबाज़ी प्रदर्शन के लिए विशेष सुनील गोस्वामी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

Read More

पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग: शर्मा स्पोर्टिंग और अमर सीसी की शानदार जीत

पटना। पटना जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में खेले जा रहे सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में शुक्रवार को खेले गये दो मुकाबलों में शर्मा स्पोर्टिंग और अमर सीसी ने शानदार जीत दर्ज की। दोनों टीमों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी में दमदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों को बड़े अंतर से हराया।

शर्मा स्पोर्टिंग ने विद्यार्थी सीसी को हराया

पहले मैच में शर्मा स्पोर्टिंग ने विद्यार्थी सीसी को 238 रन से पराजित किया। शर्मा स्पोर्टिंग ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 40 ओवर में 8 विकेट पर 281 रन का विशाल स्कोर बनाया। टीम की ओर से चंद्रमणि पटेल ने 93 रन की शानदार पारी खेली, जबकि शाहिल कुमार ने 36 गेंदों पर नाबाद 62 रन बनाये। आदित्य कुमार राय ने 47 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी विद्यार्थी सीसी की टीम 13 ओवर में मात्र 43 रन पर सिमट गई। गेंदबाजी में अनिश कुमार ने 4 विकेट, गौरव ललिता कुमार ने 3 विकेट हासिल किये।

अमर सीसी ने बाटा सीसी को हराया

दूसरे मुकाबले में अमर सीसी ने बाटा सीसी को 119 रन से हराया। अमर सीसी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवर में 7 विकेट पर 223 रन बनाये। आर्यमन देवानंद सिंह ने 73 रन, आयुष राज ने 58 रन और कप्तान रवि शंकर ने नाबाद 46 रन की पारी खेली। जवाब में बाटा सीसी की टीम 23 ओवर में 104 रन पर ऑल आउट हो गई। बाटा सीसी की ओर से पार्थ सिन्हा ने 57 रन बनाये। गेंदबाजी में मोनू कुमार ने 5 विकेट, आर्यमन देवानंद सिंह ने 3 विकेट तथा प्रकाश यादव ने 2 विकेट लिये।

Read More

पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग: अमर सीसी की 9 रन से रोमांचक जीत, पंचशील सीसी को मिली हार

पटना, 12 मार्च। पटना जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित अधिकारी मदन मोहन प्रसाद मेमोरियल पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग के मुकाबले में अमर सीसी ने पंचशील सीसी को रोमांचक मुकाबले में 9 रन से पराजित कर दिया। स्थानीय अल्फा स्पोर्ट्स अकादमी मैदान पर खेले गए इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अमर सीसी की टीम 31.3 ओवर में 141 रन पर सिमट गई। जवाब में पंचशील सीसी की टीम 29.1 ओवर में 132 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और अमर सीसी ने 9 रन से मैच जीत लिया। विजेता टीम के मोनू कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

अमर सीसी की संघर्षपूर्ण पारी

पहले बल्लेबाजी करते हुए अमर सीसी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शुरुआती विकेट जल्दी गिर गए। हालांकि मध्यक्रम में अभिषेक कुमार ने 24 गेंदों पर 21 रन बनाए जबकि रिषभ भारद्वाज ने 13 रन का योगदान दिया। अंत के ओवरों में मोनू कुमार ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों पर 35 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल थे। वहीं पटेल अमन ने नाबाद 28 रन बनाकर टीम को 141 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। पंचशील सीसी की ओर से गेंदबाजी में प्रियांशु कुमार प्रतीक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6.3 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं मोहम्मद सुल्तान और राजकुमार सिंह ने 2-2 विकेट लिए।

अमर सीसी की शानदार गेंदबाजी

142 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंचशील सीसी की शुरुआत खराब रही और टीम लगातार विकेट खोती रही। मध्यक्रम में बिट्टू कुमार ने 71 गेंदों पर 50 रन की जुझारू पारी खेली, जबकि अनिरुद्ध राज ने 46 गेंदों पर 30 रन बनाए। इसके बावजूद टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी और 132 रन पर सिमट गई। अमर सीसी की ओर से गेंदबाजी में आर्यमान सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट लिए। वहीं प्रकाश यादव और मोनू कुमार ने 2-2 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

रोमांचक मुकाबले में मिली जीत

मैच के अंत तक मुकाबला काफी रोमांचक बना रहा, लेकिन अमर सीसी के गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा और पंचशील सीसी को लक्ष्य तक पहुंचने नहीं दिया। इस तरह अमर सीसी ने 9 रन से महत्वपूर्ण जीत हासिल की।

संक्षिप्त स्कोर

अमर सीसी: 141 ऑल आउट (31.3 ओवर), मोनू कुमार 35, पटेल अमन नाबाद 28, अभिषेक कुमार 21, आयुष राज 12, रिषभ भारद्वाज 13, अतिरिक्त 19, प्रियांशु कुमार प्रतीक 3/30, मोहम्मद सुल्तान 2/22, राजकुमार सिंह 2/20

पंचशील सीसी: 132 ऑल आउट (29.1 ओवर), बिट्टू कुमार 50, अनिरुद्ध राज 30, अतिरिक्त 25, आर्यमान सिंह 2/19, प्रकाश यादव 2/33, मोनू कुमार 2/22, दीपक कुमार 1/16, रिषभ भारद्वाज 1/23

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.