KRIDA NEWS

ए के जी चेरकी क्रिकेट अकादमी ने जीता गया जिला क्रिकेट लीग अंडर-16 का खिताब

गया, 12 फरवरी 2025: अंडर-16 विष्णु सिंह मेमोरियल गया जिला क्रिकेट लीग का फाइनल मुकाबला आज गुरुकुल क्रिकेट ग्राउंड, मेडिकल में खेला गया, जिसमें ए के जी चेरकी क्रिकेट अकादमी ने रोमांचक संघर्ष में बालमुकुंद वैष्णव स्थल क्रिकेट क्लब को तीन रनों से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए चेरकी की टीम ने बनाए 159 रन

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेरकी क्रिकेट अकादमी ने 28.4 ओवर में 159 रन बनाए। टीम के लिए विक्रांत कुमार ने 45 गेंदों में 52 रन (8 चौके, 1 छक्का) की शानदार पारी खेली, जबकि मोहम्मद हमजा ने 42 गेंदों में 50 रन (8 चौके, 2 छक्के) जोड़े। इसके अलावा अमन लाल ने 21 गेंदों में 23 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। गेंदबाजी में बालमुकुंद वैष्णव स्थल क्रिकेट क्लब के शिवम कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2.4 ओवर में 16 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं, सुमन राज और अनीश कुमार ने भी 2-2 विकेट अपने नाम किए।

मजबूत संघर्ष के बावजूद तीन रन से चूकी बालमुकुंद वैष्णव स्थल की टीम

159 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बालमुकुंद वैष्णव स्थल क्रिकेट क्लब ने शानदार संघर्ष किया लेकिन 35 ओवर में 156 रन पर 9 विकेट गंवाकर तीन रन से हार गई। टीम के लिए सुमन राज ने 79 गेंदों में 67 रन (10 चौके, 1 छक्का) की बेहतरीन पारी खेली, जबकि पप्पू कुमार ने 39 गेंदों में 25 रन जोड़े। चेरकी क्रिकेट अकादमी की ओर से कुंदन पासवान ने 7 ओवर में 42 रन देकर 3 विकेट, जबकि अरमान खान ने 7 ओवर में 32 रन देकर 2 विकेट चटकाए और अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

फाइनल मुकाबले में चमके विक्रांत कुमार, बने ‘मैन ऑफ द मैच’

फाइनल मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी करने वाले विक्रांत कुमार को ‘मैन ऑफ द मैच’ के खिताब से नवाजा गया।

लीग में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी

  • सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज: आदित्य शर्मा – 8 मैचों में 399 रन (औसत 66)
  • सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज: अंकित पंत – 8 मैचों में 22 विकेट

विजेता टीम को ट्रॉफी और पुरस्कार वितरण

फाइनल मुकाबले के बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विनर ट्रॉफी दिलीप कुमार और गया जिला क्रिकेट संघ के सचिव असद शाहीन ने विजेता टीम को प्रदान की। इस मौके पर गया जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष पुलस्कार सिंह, उपाध्यक्ष दिवेश आनंद, उपसचिव अशोक यादव, कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार तिवारी, तथा ऑब्जर्वर शुभम कुमार, रोहित कुमार, पुरुषोत्तम कुमार भी मौजूद रहे। अंपायरिंग की जिम्मेदारी दीपू प्रधान और डीपी पांडे ने निभाई।

40 खिलाड़ियों का ट्रेनिंग कैंप कल से होगा शुरू

गया जिला क्रिकेट संघ द्वारा कल से 40 चयनित खिलाड़ियों का विशेष ट्रेनिंग कैंप शुरू किया जाएगा, जहां गुरुकुल क्रिकेट अकादमी में उनकी फिटनेस जांच की जाएगी। इस कैंप के आधार पर जिला स्तर की टीम का चयन किया जाएगा।

इस शानदार फाइनल मुकाबले ने युवा खिलाड़ियों के उत्साह और प्रतिभा का परिचय दिया। गया जिला क्रिकेट संघ ने सभी खिलाड़ियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Read More

पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट में क्रिसेंट सीसी ने हासिल की बड़ी जीत, विद्यार्थी सीसी को 10 विकेट से हराया

पटना, 4 फरवरी: पटना जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में खेली जा रही अधिकारी एम एम प्रसाद मेमोरियल पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग के अंतर्गत बुधवार को खेले गए मुकाबले में क्रिसेंट क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यार्थी क्रिकेट क्लब को 10 विकेट से पराजित किया। प्रिंस कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।

विद्यार्थी सीसी की पारी: सनी की जुझारू बल्लेबाजी

स्थानीय अल्फा स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला विद्यार्थी सीसी के लिए भारी पड़ गया और पूरी टीम 26 ओवर में 120 रन पर सिमट गई। कप्तान सनी ने अकेले मोर्चा संभालते हुए नाबाद 69 रन की पारी खेली। उन्होंने 88 गेंदों का सामना किया और 7 चौके व 2 छक्के लगाए। हालांकि, उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका।

शीर्ष क्रम से लेकर निचले क्रम तक विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे। पूरी टीम 26 ओवर में 10 विकेट खोकर सिर्फ 120 रन ही बना सकी। क्रिसेंट सीसी की गेंदबाजी बेहद अनुशासित रही। प्रिंस कुमार और रित्विक ने तीन-तीन विकेट झटके। हिमांशु कुमार ने किफायती गेंदबाजी करते हुए दो विकेट हासिल किए, जिससे विद्यार्थी सीसी बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही।

लक्ष्य का पीछा: क्रिसेंट सीसी का दबदबा

120 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्रिसेंट सीसी की टीम ने शुरू से ही मैच पर नियंत्रण बना लिया। सलामी बल्लेबाज अभिनव सिन्हा और मोहम्मद कैफ ने बिना कोई जोखिम लिए शानदार बल्लेबाजी की और विपक्षी गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया।

अभिनव सिन्हा ने 60 गेंदों पर 64 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 9 चौके शामिल रहे। वहीं मोहम्मद कैफ ने 78 गेंदों पर 47 रन बनाकर उनका बेहतरीन साथ निभाया। दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई नाबाद साझेदारी के दम पर क्रिसेंट सीसी ने 22.4 ओवर में बिना विकेट गंवाए 123 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

संक्षिप्त स्कोर
विद्यार्थी सीसी: 120/10 (26 ओवर), सनी नाबाद 69, प्रिंस कुमार 3/18, रित्विक 3/29, हिमांशु कुमार 2/15
क्रिसेंट सीसी: 123/0 (22.4 ओवर), अभिनव सिन्हा नाबाद 64, मोहम्मद कैफ नाबाद 47

Read More

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की बिहार रूरल लीग का कैंप शुरू, 105 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

पटना: बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित बिहार रूरल लीग के तहत खुशी टारगेट क्रिकेट एकेडमी, दीघा (पटना) में आज से चयन कैंप का शुभारंभ हो गया। कैंप के पहले दिन खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला और कुल 105 खिलाड़ियों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई। मीडिया प्रभारी रूपक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कैंप बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच देने और मजबूत टीम तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

कैंप कन्वेनर प्रभात कुमार ने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से की जा रही है और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का पूरा अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कैंप के दौरान फिटनेस टेस्ट, स्किल असेसमेंट और मैच प्रैक्टिस सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे खिलाड़ियों की क्षमता का सही आकलन किया जा सके।

उन्होंने यह भी बताया कि जहां एक ओर बड़ी संख्या में खिलाड़ी कैंप में शामिल हुए, वहीं सैकड़ों खिलाड़ियों ने काउंसिल की परीक्षाओं का हवाला देते हुए कैंप और मैच की घोषित तिथियों में बदलाव की मांग की है। खिलाड़ियों की इस मांग पर रूरल लीग मैनेजमेंट गंभीरता से विचार कर रहा है, ताकि अधिक से अधिक खिलाड़ियों को मौका मिल सके।

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से पटना सहित आसपास के सभी खिलाड़ियों को सूचित किया गया है कि भले ही वे कैंप का हिस्सा नहीं बन पाए हों, फिर भी कैंप स्थल पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं। इससे चयन प्रक्रिया को सुचारु रूप से पूरा किया जा सकेगा और टीम को अंतिम रूप देने में सहूलियत होगी। आयोजकों ने उम्मीद जताई है कि बिहार रूरल लीग के माध्यम से नए और उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा।

Read More

लक्ष्मण सिंह स्मृति स्कूली क्रिकेट टूर्नामेंट में चेंजर्स जीता, वारियर्स ने सुपरकिंग्स को 1 रन से हराया

पटना । श्रीकृष्णा खेल मैदान, खेमनीचक, पटना में खेले जा रहे लक्ष्मण सिंह स्मृति स्कूली क्रिकेट मैच में चेंजर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइटर्स को 59 रनों से पराजित किया। मुकाबले में टॉस जीतकर फाइटर्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन चेंजर्स के बल्लेबाजों ने तय 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाकर मजबूत लक्ष्य खड़ा किया।

चेंजर्स की ओर से शौर्य समीर ने जिम्मेदार और आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 43 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। उनके अलावा स्वजित टासकट ने 19 रन, तमजीद आलम ने 18 रन और रयान अनवर ने 12 रनों का योगदान दिया। टीम को एक्स्ट्रा के रूप में 18 रन मिले, जो स्कोर को मजबूती देने में अहम साबित हुए।

170 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फाइटर्स की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और पूरी टीम 17.1 ओवर में 110 रन पर सिमट गई। फाइटर्स की ओर से सचिन यादव ने सर्वाधिक 29 रन बनाए, जबकि अनुपम राज ने 15 रन और आदर्श कुमार व नीरज ने 11-11 रनों का योगदान दिया। टीम को एक्स्ट्रा के रूप में 21 रन मिले, लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए विजेता टीम के शौर्य समीर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

संक्षिप्त स्कोर
चैंजर्स 169/9 (20 ओवर), तमजीद आलम 18, रयान अनवर 12, शौर्य समीर 43, स्वजीत डासकट 19, अतिरिक्त 18, सचिन यादव 3/25, श्याम कुमार 2/27, कार्तिक चौधरी 2/48.

फाइटर्स 110/10 (17.1 ओवर), रोहित कुमार 10, आदर्श कुमार 11, सचिन यादव 29, अनुपम राज 15, नीरज 11, अतिरिक्त 21, विशाल 2/28, जीत यादव 2/18.

दिन का दूसरा मुकाबला दर्शकों के लिए सांसें रोक देने वाला साबित हुआ, जहां वारियर्स और सुपरकिंग्स के बीच खेला गया मैच आखिरी गेंद तक रोमांच से भरा रहा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वारियर्स की टीम ने आक्रामक अंदाज में रन बटोरते हुए 19.5 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 179 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

वारियर्स की पारी में कप्तान आयुष यादव ने शानदार नेतृत्व करते हुए 39 रनों की अहम पारी खेली। उनके अलावा प्रत्युष सुंदरम ने 24 रन बनाए, जबकि अमन कुमार और रोहन कुमार ने 21–21 रनों का योगदान दिया। शुभम घोष ने 15 रन जोड़े। टीम को एक्स्ट्रा के रूप में 45 रन मिले, जिसने कुल स्कोर को मजबूती दी।

180 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुपरकिंग्स की टीम ने भी जोरदार मुकाबला पेश किया। हर्ष राज ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 57 रन बनाए, वहीं कप्तान अनिकेत प्रकाश ने 43 रनों की सधी हुई पारी खेली। अंत के ओवरों में विपुल ने नाबाद 35 रन बनाकर मैच को आखिरी क्षणों तक पहुंचा दिया। सुपरकिंग्स को एक्स्ट्रा के रूप में 32 रन मिले, लेकिन टीम निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 178 रन ही बना सकी। इस तरह वारियर्स ने बेहद रोमांचक मुकाबले में सुपरकिंग्स को एक रन से शिकस्त दी। शानदार कप्तानी पारी के लिए वारियर्स के आयुष यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

संक्षिप्त स्कोर
वारियर्स 179/10 (19.5 ओवर), आयुष यादव 39, अमन कुमार 21, प्रत्युष सुंदरम 24, रोहन सिंह 21, शुभमम घोष 15, अतिरिक्त 45, पियूष रंजन 4/47.
सुपर किंग्स 178/6 (20 ओवर), हर्ष राज 57, अनिकेत प्रकाश 43, विपुल कुमार 35, अतिरिक्त 32, यशस्वी 2/26, आयुष यादव 2/32.

Read More

लक्ष्मण सिंह स्मृति अंडर-15 अंतर विद्यालय क्रिकेट टूर्नामेंट में लायंस और चैंपियंस ने जीते अपने मुकाबले

पटना। कप्तान हिमांशु और हरिओम की धारदार गेंदबाजी के आगे ब्लास्टर के बल्लेबाज नहीं टिक सके। श्रीकृष्ण खेल मैदान, खेमनीचक में मंगलवार को खेले गए चैंपियंस बनाम ब्लास्टर के बीच मैच में चैंपियंस ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 18 ओवर में दो विकेट खोकर 146 रन बनाए। चैंपियंस के लिए अस्तित्व चंद्रा ने 62 रन, आयुष्मान जैन ने 29 रन और अभिमान ने 16 रन बनाए।

जवाब में खेलने उतरे ब्लास्टर को ओपनर बल्लेबाज रवि कुमार व अमन ने बेहतरीन शुरुआत थी। रवि ने जहां 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. वहीं कप्तान अमन ने 23 गेंदों में 35 रन का योगदान दिया. इनके बाद के बल्लेबाज चैंपियंस के गेंदबाज हिमांशु व हरिओम के सामने नहीं टिक सके. पूरी टीम 16.3 ओवर में 130 रन पर सिमट गई। हिमांशु व हरिओम ने तीन-तीन विकेट चटकाए। विजेता टीम के हरिओम को प्लेयर आफ द मैच चुना गया।

संक्षिप्त स्कोर
चैंपियंस: 18 ओवर में 2 विकेट पर 146 रन, आयुष्मान जैन 29, अस्तित्व चंद्रा 62, अभिमान नाबाद 16, शरद सिंह नाबाद 11, अतिरिक्त 28, यश राज 1/21, अर्पित लाल 1/23.
ब्लास्टर: रवि कुमार 57, अमन कुमार 35, सौरव 11, जैकी 11, अतिरिक्त 6, हिमांशु 3/35, हरिओम 3/23, शरद सिंह 1/25, अस्तित्व चंद्रा 1/2, आयुष्मान जैन 1/0.

दूसरा मैच
दिन के दूसरे मुकाबले में रोमांचक संघर्ष देखने को मिला, जहां लायंस और जाबांज की टीमें आमने-सामने थीं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लायंस की टीम निर्धारित 20 ओवर भी पूरे नहीं खेल सकी और 19.5 ओवर में 121 रन पर सिमट गई। लायंस की ओर से साहिल ने सर्वाधिक 36 रन बनाए, जबकि प्रशांत ने 30 रन का योगदान दिया. इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी जाबांज की टीम भी दबाव में बिखरती नजर आई और 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 103 रन ही बना सकी। लायंस के गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी के सामने जाबांज के बल्लेबाज खुलकर नहीं खेल पाए। इस तरह लायंस ने 18 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। शानदार गेंदबाजी के लिए लायंस के शिबू भूषण को मैन ऑफ द मैच चुना गया। शिबू ने अपने चार ओवर के स्पेल में एक मेडन सहित सिर्फ 12 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट झटके और टीम की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई।

संक्षिप्त स्कोर
लायंस: 19.5 ओवर में 121 रन पर आलआउट, प्रशांत 30, साहिल 36, अतिरिक्त 24, रुद्र प्रकाश मिश्रा 3/18, पार्थ पुष्कर 2/16, सार्थक राज 2/17.
जाबांज: 20 ओवर में 9 विकेट पर 103 रन, सार्थक राज 41, पियूष रंजन 12, पियूष कुमार 14, अतिरिक्त 17, शिबू भूषण 3/12, मयंक 2/13.

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.