पटना: आगामी 25 मार्च से बोधगया स्थित सम्बोधि रिट्रीट में 12वीं राष्ट्रीय एमेच्योर शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। अखिल भारतीय शतरंज महासंघ के तत्वावधान में अखिल बिहार शतरंज संघ द्वारा आयोजित हो रही इस राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता में देश भर से करीब 800 खिलाडियों के भाग लेने की संभावना है।
ज्ञात हो कि जयपुर, राजस्थान में आयोजित प्रतियोगिता के पिछले संस्करण में कुल 600 से ज्यादा खिलाडियों ने भाग लिया था। राज्य में शतरंज गतिविधियों को विभिन्न क्षेत्रों में प्रचारित प्रसारित करने के उद्देश्य से इस बार राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता हेतु बोधगया का चयन किया गया है।
इस बारे में जानकारी देते हुए अखिल बिहार शतरंज संघ के सचिव धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि अलग अलग रेटिंग वर्गों के आधार पर आयोजित होने वाले इस प्रतियोगिता में कुल छह वर्गों में मुकाबले खेले जाएंगे। 2300 , 2000 एवं 1700 रेटिंग वर्ग के पुरुष एवं महिला स्पर्धा में वर्गीकृत इस प्रतियोगिता के आधार पर चयनित खिलाड़ी एशियाई एवं विश्व शतरंज प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उन्होंने आगे बताया कि नौ चक्रों में आयोजित होनेवाली इस प्रतियोगिता में भाग लेने की अंतिम तारीख 11 मार्च है। साथ ही उन्होंने बताया कि रियल एस्टेट क्षेत्र की अग्रणी कम्पनी वास्तु विहार के सौजन्य से प्रतियोगिता स्थल के रूप में सम्बोधि रिसोर्ट का चयन किया गया है।
प्रतियोगिता का विवरण एवं प्रवेश की प्रक्रिया अखिल भारतीय शतरंज महासंघ के वेबसाइट पर आधिकारिक रूप से प्रकाशित कर दी गई है। अधिक जानकारी के लिये महासंघ के वेबसाइट पर जाकर https://aicf.in/wp-content/uploads/2025/02/Revised-Copy-12th-NationL-Amateur-2025-1-1.pdf/ विवरणिका के माध्यम से विस्तृत जानकारी ली जा सकती है।