KRIDA NEWS

DCA सूर्या रियलकान सुपर डिवीजन टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब जियलगोरा क्रिकेट अकादमी को, डीएसए रेलवे को सात विकेट से हराया

डीएसए रेलवे को सात विकेट से पराजित कर जियलगोरा क्रिकेट अकादमी (जेसीए) ने सूर्या रियलकान सुपर डिवीजन टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट जीत लिया है। शुक्रवार को टाटा डिगवाडीह स्टेडियम में टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डीएसए रेलवे ने बीस ओवरों में छह विकेट पर 133 रन बनाए। मनीष वर्धन ने 56 और चंद्रमोहन झा ने 29 रनों की नाबाद पारी खेली। मनीष ने 47 गेंदों की पारी में छह चौके व एक छक्के जड़े। इसके अतिरिक्त श्रेष्ठ ने 21 रन बनाए।

जेसीए की ओर से सन्नी कुमार यादव ने 14 पर दो, निरंजन राउत ने 19 पर दो और रितम डे ने 18 पर एक विकेट लिए। बाद में जेसीए ने 17.2 ओवर में तीन विकेट पर 135 रन बनाकर मैच जीत लिया। युवराज सिंह ने 48 और निरंजन राउत ने 45 रन बनाए। मनीष वर्धन, तारिक अजीज व इब्ने हसन खान ने एक-एक विकेट लिए।

बाद में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि सूर्या रियलकान के निदेशक संतोष सिंह ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्राफियां एवं क्रमश: 25 हजार व बीस हजार रुपये की इनामी राशि प्रदान की। इस अवसर पर जेएससीए के कार्यकारिणी सदस्य बिनय कुमार सिंह, डीसीए के महासचिव उत्तम विश्वास, संयुक्त सचिव बाल शंकर झा व बीएच खान, सहायक कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, अंपायर मनोरंजन कांजीलाल, संगीत भट्टाचार्य, महेश गोराई व अन्य उपस्थित थे।

Read More

संतोष प्रकाश का ऑलराउंड जलवा, राहुल मिश्रा की तूफानी पारी से इलेक्ट्रिकल की 199 रन से बड़ी जीत

सोनपुर: रेलवे स्टेडियम, सोनपुर में खेले जा रहे अंतर विभागीय टी-20 प्रतियोगिता के लीग मुकाबले में इलेक्ट्रिकल विभाग ने वाणिज्य विभाग को एकतरफा मुकाबले में 199 रनों से हराकर टूर्नामेंट की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। इस जीत के हीरो कप्तान संतोष प्रकाश और बल्लेबाज राहुल मिश्रा रहे, जिन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इलेक्ट्रिकल विभाग ने निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 228 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से कप्तान संतोष प्रकाश ने तेजतर्रार 33 रनों की पारी खेली, जबकि राहुल मिश्रा ने महज 26 गेंदों पर विस्फोटक 79 रन ठोककर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। मध्यक्रम में ज्योति यादव ने भी शानदार अर्धशतक लगाते हुए 50 रन का अहम योगदान दिया। इस तरह वाणिज्य विभाग को जीत के लिए 229 रनों का कठिन लक्ष्य मिला।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी वाणिज्य विभाग की टीम शुरुआत से ही दबाव में आ गई। कप्तान संतोष प्रकाश ने अपने पहले ही ओवर में हैट्रिक विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। इसके बाद पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका। वाणिज्य विभाग की ओर से मनीष कुमार सिंह ने सर्वाधिक 26 रन बनाए और वही एकमात्र बल्लेबाज रहे जो दहाई का आंकड़ा पार कर सके।

इलेक्ट्रिकल की ओर से गेंदबाजी में संतोष प्रकाश ने घातक प्रदर्शन करते हुए 3.2 ओवर में मात्र 16 रन देकर 6 विकेट झटके, जो मैच का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ। वहीं राहुल मिश्रा ने भी 3 ओवर में 11 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। इस शानदार प्रदर्शन के दम पर इलेक्ट्रिकल विभाग ने 199 रनों से जीत दर्ज करते हुए टूर्नामेंट में लगातार पांचवीं जीत हासिल की। गेंद और बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन के लिए संतोष प्रकाश को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।

Read More

पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में रौनित का शतक, आरबीएनवाईएसी ने वाईएमसीसी को हराया

पटना, 31 मार्च। पटना जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में खेली जा रही अधिकारी मदन मोहन प्रसाद मेमोरियल पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग (सुपर सिक्स) में खेले गए मुकाबले में आरबीएनवाईएसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वाईएमसीसी को 35 रन से हरा दिया। विजेता टीम के रौनित (110 रन) को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।

विक्रम स्थित याशवन स्पोट्र्स ग्राउंड पर खेले गए मैच में वाईएमसीसी ने टॉस जीता और आरबीएनवाईएसी को बैटिंग का न्योता दिया। आरबीएनवाईएसी ने 30 ओवर में सात विकेट पर 217 रन बनाये। जवाब में वाईएमसीसी ने 30 ओवर में 8 विकेट पर 182 रन ही बना सकी।

आरबीएनवाईएसी की बैटिंग

पहले बल्लेबाजी करते हुए आरबीएनवाईएसी की टीम ने 30 ओवर में 7 विकेट पर 217 रन बनाए। टीम की ओर से रौनित ने शानदार शतक जड़ते हुए 78 गेंदों में 110 रन बनाए जिसमें 10 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा हर्ष राज ने 58 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि अन्य बल्लेबाज ज्यादा योगदान नहीं दे सके।

जवाब में वाईएमसीसी की लड़ाई अधूरी

लक्ष्य का पीछा करने उतरी वाईएमसीसी की टीम 30 ओवर में 8 विकेट पर 182 रन ही बना सकी। टीम के लिए श्यामल पांडे ने 61 रन बनाए, जबकि ऋषभ राकेश ने 38 और कप्तान विराट पांडे ने 41 रन की पारी खेली। आरबीएनवाईएसी की जीत में गेंदबाजों की अहम भूमिका रही। सिद्धांत विजय ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 6 ओवर में 23 रन देकर 4 विकेट झटके और मैच का रुख पलट दिया। उनके अलावा अमन आनंद ने 3 विकेट लेकर विपक्ष की कमर तोड़ दी। आरबीएनवाईएसी ने 35 रन से जीत दर्ज कर ली और सुपर सिक्स चरण में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। बल्लेबाजी में रौनित और गेंदबाजी में सिद्धांत विजय इस जीत के हीरो साबित हुए।

संक्षिप्त स्कोर
आरबीएनवाईएसी : 30 ओवर में सात विकेट पर 217 रन, रौनित 110, हर्ष राज 58,अतिरिक्त 15,रिषभ राकेश 2/ 12, दिव्यांश 2/22, गौरव राज 1/37, कार्तिक पांडेय 2/39

वाईएमसीसी : 30 ओवर में 8 विकेट पर 182 रन, श्यामल पांडेय 61, रिषभ राकेश 38, विराट पांडेय 41, सूरज कश्यप 16, अतिरिक्त 18, श्लोक कुमार 1/35, सिद्धांत विजय 4/23, अमन आनंद 3/36

Read More

अमित कुमार के शतक और प्रियांशु-प्रिंस की घातक गेंदबाजी से जेनेक्स अकादमी फाइनल में

पटना: बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी अंडर-13 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले में जेनेक्स क्रिकेट अकादमी ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए ईशान किशन क्रिकेट अकादमी ‘बी’ को 225 रनों से करारी शिकस्त देकर फाइनल में जगह बना ली। प्रिंस यादव को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जेनेक्स क्रिकेट अकादमी ने 40 ओवर में 267 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अमित कुमार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 99 गेंदों पर 103 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेली, जिसमें 21 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा प्रिंस यादव ने 44 रन और शिपु ने 23 रन का योगदान दिया।

268 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईशान किशन क्रिकेट अकादमी ‘बी’ की टीम जेनेक्स के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई और महज 12.3 ओवर में 42 रनों पर सिमट गई। जेनेक्स की ओर से कप्तान प्रियांशु जे.एस. ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके, जबकि प्रिंस यादव ने किफायती गेंदबाजी के साथ 3 विकेट हासिल किए। इसके अलावा अंश राज और गौरव राज ने भी एक-एक विकेट लेकर विपक्षी टीम को पूरी तरह दबाव में रखा। इस शानदार जीत के साथ जेनेक्स क्रिकेट अकादमी ने टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया है और टीम का मनोबल काफी ऊंचा है।

Read More

बिहार सब-जूनियर बेसबॉल टीम चयन ट्रायल संपन्न, 50 खिलाड़ियों की सूची जल्द होगी जारी

पटना, 31 मार्च 2026: आगामी 30वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय बालक-बालिका बेसबॉल चैंपियनशिप के लिए बिहार टीम के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी कड़ी में बेसबॉल संघ बिहार द्वारा सारण जिले के सोनपुर स्थित डाकबंगला मैदान में चयन ट्रायल का सफल आयोजन किया गया।

यह राष्ट्रीय चैंपियनशिप 24 से 29 मई 2026 तक ओडिशा के KIIT विश्वविद्यालय, भुवनेश्वर में आयोजित होनी है, जिसमें भाग लेने के लिए बिहार की मजबूत टीम तैयार करने की दिशा में यह ट्रायल अहम कदम माना जा रहा है। ट्रायल शुरू होने से पहले सहायक सचिव प्रमोद कुमार, कोषाध्यक्ष रूपक कुमार, राष्ट्रीय खिलाड़ी विष्णु कुमार तथा सारण जिला के सदस्य गोल्डी, अविनाश, शिवम, अंकित और चंदन उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

इस चयन ट्रायल में राज्यभर से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। संघ के सचिव मधु शर्मा ने बताया कि ट्रायल के आधार पर 25 बालक एवं 25 बालिका खिलाड़ियों की सूची जारी की जाएगी। चयनित खिलाड़ियों को आगे प्रशिक्षण शिविर के लिए बुलाया जाएगा, जिसके बाद अंतिम टीम की घोषणा की जाएगी।

चयन प्रक्रिया में अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी आदित्य कुमार, राष्ट्रीय खिलाड़ी संजीत कुमार और उमंग कुमार सिंह चयनकर्ता के रूप में मौजूद रहे। पूरी चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया गया, जिसमें सहायक सचिव प्रमोद कुमार और राष्ट्रीय खिलाड़ी मोनू कुमार की अहम भूमिका रही।

संघ के अध्यक्ष दिलजीत खन्ना ने जानकारी देते हुए बताया कि बिहार बेसबॉल टीम को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार किया जा रहा है और खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यह चयन ट्रायल बिहार में बेसबॉल खेल के बढ़ते स्तर और युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.