KRIDA NEWS

Women’s Inter Zonal Multi-Day Trophy 2024 Final: दीप्ति शर्मा के 10 विकेट से ईस्ट जोन की वापसी, जीत के लिए ईस्ट जोन को करनी होगी मेहनत

Women’s Inter Zonal Multi-Day Trophy 2024 Final: वीमेंस इंटर जोनल मल्टी-डे ट्रॉफी 2024 के फाइनल में ईस्ट जोन के कप्तान दीप्ति शर्मा ने 10 विकेट लेकर टीम को वापसी कराई। भारत की स्पिन ऑलराउंडर दीप्ति ने फाइनल के दूसरे दिन दूसरी पारी में 61 रन देकर छह विकेट चटकाए जिससे साउथ जोन दूसरी पारी में 70.5 ओवर में 179 रन पर सिमट गया। ईस्ट जोन को 184 रन का लक्ष्य मिला है।

लक्ष्य का पीछा करते हुए ईस्ट जोन ने दो विकेट पर 30 रन बना लिए हैं। सलामी बल्लेबाज उमा छेत्री सात रन बनाकर खेल रही हैं। ईस्ट जोन की टीम पहली पारी में 129 रन ही बना सकी थी और अगर उसे मैच जीतना है तो दूसरी पारी में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।

ईस्ट जोन ने इससे पहले दिन की शुरुआत पहली पारी में पांच विकेट पर 108 रन से की और उसने पहले घंटे में दस से भी कम ओवर में 21 रन जोड़कर अपने बाकी पांच विकेट भी गंवा दिए। केरल की ऑफ स्पिनर मीनू मनि ने 47 रन देकर पांच विकेट चटकाते हुए ईस्ट जोन को निचले क्रम को समेटा। ईस्ट जोन की ओर से रिचा घोष ने सर्वाधिक 25 रन बनाए।

चार रन की बढ़त लेने के बाद दक्षिण क्षेत्र को दूसरी पारी में सलामी बल्लेबाज मिरियाला दुर्गा ने 130 गेंद में 64 रन की पारी खेलकर सकारात्मक शुरुआत दिलाई। धारा गुर्जर (सात रन पर एक विकेट) ने ईस्ट जोन को पहली सफलता दिलाई जिसके बाद दक्षिण क्षेत्र ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। कप्तान मीनू ने 117 गेंद में 31 रन की पारी खेली। दीप्ति ने इसके बाद फिरकी का जादू चलाते हुए साउथ जोन की पारी को समेटा।

Read More

कासा पिकोला स्कूल लीग का शानदार आगाज, अंडर-15 कैटेगरी में वीजीयू थंडरबोल्ट जीता

पटना, 22 मार्च। टर्निंग प्वाइंट के तत्वावधान में राजधानी पटना के खेमनीचक स्थित कृष्णा क्रिकेट ग्राउंड पर रविवार को कासा पिकोला स्कूल क्रिकेट लीग (अंडर-15 सीजन-6 और अंडर-12 सीजन-1) का शानदार आगाज हुआ। उद्घाटन मुकाबले में अंडर-15 कैटेगरी में वीजीयू थंडरबोल्ट ने जीत हासिल की। वीजीयू थंडरबोल्ट ने मानव रचना लायंस को 6 विकेट से हराया।

इस प्रतिष्ठित स्कूल क्रिकेट लीग के तहत अंडर-15 (सीजन-6) और अंडर-12 (सीजन-1) प्रतियोगिताओं की शुरुआत की गई।उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों की बड़ी संख्या मौजूद रही जिससे पूरे मैदान में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति

उद्घाटन समारोह में कई प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की। कार्यक्रम में बिहार सरकार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव, पटना नगर निगम की उपमेयर श्रीमती रेशमी चंद्रवंशी,बिहार प्लेयर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मृत्युंजय तिवारी, कुम्हरार विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी श्री इंद्रदीप चंद्रवंशी, भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के संयोजक सतीश राजू, कोषाध्यक्ष विकास सिंह, स्टेडियम के ऑनर अंजनी कुमार, लोकप्रिय शिक्षक विपिन कुमार की उपस्थिति से चार चांद लग किया। इन सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया। साथ ही आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए इस पहल को खेल विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

अतिथियों के प्रेरणादायक संबोधन

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक फिटनेस बल्कि मानसिक मजबूती और अनुशासन भी सिखाता है। उन्होंने युवाओं से खेल के साथ-साथ पढ़ाई में भी संतुलन बनाए रखने की अपील की। उपमेयर रेशमी चंद्रवंशी ने कहा कि पटना में इस तरह के आयोजन शहर के खेल वातावरण को मजबूत करते हैं और बच्चों को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का अवसर देते हैं।

मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि यह लीग आने वाले समय में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सामने लाएगी, जो राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे। वहीं, इंद्रदीप चंद्रवंशी ने इसे समाज में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने वाली पहल बताया, जबकि सतीश राजू ने खिलाड़ियों को मेहनत और निरंतर अभ्यास के जरिए सफलता हासिल करने की सलाह दी।

बेहतर आयोजन और व्यवस्थाएं

कार्यक्रम के स्वागतकर्ता और टर्निंग प्वाइंट के डायरेक्टर विजय शर्मा ने शॉल ओढ़ा कर और स्मृति चिह्न समर्पित कर सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस लीग का उद्देश्य बच्चों को एक मजबूत प्लेटफॉर्म देना है, जहां वे अपनी प्रतिभा को निखार सकें।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए सरदार पटेल स्पोट्र्स फाउंडेशन के संरक्षक संतोष तिवारी ने कहा कि हमारा फाउंडेशन राज्य में खेलों के विकास के लिए प्रयास कर रहा है। टूर्नामेंटों का आयोजन कर प्रतिभाओं को मंच देने का पूरा प्रयास करता है। लीग संयोजक सुमित शर्मा ने कहा कि खिलाड़ियों की डिमांड पर इस बार अंडर-12 कैटेगरी की भी लीग की शुरुआत की गई है। आने वाले दिनों में अन्य कैटेगरी की शुरुआत करने पर विचार किया जा रहा है।

सरदार पटेल स्पोट्र्स फाउंडेशन के महासचिव सह इस लीग के आयोजन सचिव नवीन कुमार ने सबों का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि यह लीग स्कूली स्तर पर क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक मंच देने की दिशा में हम सबों का एक महत्वपूर्ण पहल है। हमारा उद्देश्य है कि छोटे स्तर से ही खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलें, ताकि वे भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

कार्यक्रम का संचालन मृत्युंजय झा और संदीप पाटिल ने किया, जिन्होंने पूरे आयोजन को रोचक और व्यवस्थित बनाए रखा।खिलाड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हिलोसिटी फिजियोथरेपी एंड रिहैब सेंटर द्वारा फिजियोथेरेपी सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे खिलाड़ियों को तुरंत चिकित्सकीय सहायता मिल सके।

मैच रिपोर्ट

टॉस जीत कर पहले बैटिंग करते हुए मानव रचना लायंस ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 148 रन बनाये। आर्यन सिंह ने 51 रन की पारी खेली। जवाब में वीजीयू थंडरबोल्ट ने 19.1 ओवर में चार विकेट पर 152 रन बना कर मैच अपने नाम कर लिया। आशीष ने नाबाद 70 रन बना कर टीम को जीत दिला दी। आयुष ने 34 रन की पारी खेली। विजेता टीम के आशीष को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

संक्षिप्त स्कोर
मानव रचना लायंस : 20 ओवर में नौ विकेट पर 148 रन, आर्यन सिंह 51, केयान विनायक 11, प्रशांत कुमार 24, सचिन कुमार 11, अतिरिक्त 25, विश्वजीत आनंद 2/37, अभिनव राज 1/21,सुजल राज 2/21, नवीन 2/18.

वीजीयू थंडरबोल्ट : 19.1 ओवर में चार विकेट पर 152 रन, श्रेयांश कुमार 13, आशीष नाबाद 70, आयुष 34, अतिरिक्त 22, देवराज 1/18, गोलू 2/27, सचिन कुमार 1/23

Read More

बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी अंडर-13: डी.एस.ए. क्रिकेट एकेडमी की रोमांचक जीत, बीसीसीए रॉयल को 1 विकेट से हराया

पटना: बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी मैदान पर खेले गए बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी अंडर-13 के लीग मुकाबले में डी.एस.ए. क्रिकेट एकेडमी ने रोमांचक खेल का प्रदर्शन करते हुए बीसीसीए रॉयल को 1 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मुकाबला अंतिम ओवर तक रोमांचक बना रहा।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बीसीसीए रॉयल की टीम 32 ओवर में 138 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से कप्तान प्रियंशु (07) ने 41 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि करण पटेल रंजन ने 21 रन और अन्य बल्लेबाजों ने छोटे-छोटे योगदान दिए। टीम को अतिरिक्त रनों (30) का भी फायदा मिला। डी.एस.ए. क्रिकेट एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में राज डांगी और सार्थक सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-3 विकेट झटके। वहीं आशीष रंजन ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट हासिल किए, जिससे बीसीसीए रॉयल की टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी।

139 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डी.एस.ए. क्रिकेट एकेडमी की टीम की शुरुआत लड़खड़ाती रही, लेकिन कप्तान रिटिक ने 40 रनों की जिम्मेदार पारी खेलकर टीम को संभाला। अंत के ओवरों में कौशिक राजपूत ने नाबाद 26 रनों की तेज पारी खेली और टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। डी.एस.ए. की टीम ने 25.4 ओवर में 9 विकेट खोकर 139 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया। बीसीसीए रॉयल की ओर से गेंदबाजी में रोहित रंजन ने 3 विकेट, जबकि रुद्र कुमार और प्रियंशु ने 1-1 विकेट हासिल किए, लेकिन टीम जीत से चूक गई।

Read More

9वीं सीनियर राष्ट्रीय टेनिस क्रिकेट प्रतियोगिता: बिहार टीम जयपुर रवाना, 22 से शुरू होंगे मुकाबले

बिहार: 9वीं सीनियर राष्ट्रीय टेनिस क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बिहार राज्य टेनिस क्रिकेट टीम को जयपुर (राजस्थान) के लिए रवाना किया गया। गया बिहार टेनिस क्रिकेट संघ की ओर से चयनित 16 खिलाड़ियों की टीम को संघ के पदाधिकारियों ने शुभकामनाओं के साथ विदा किया।

इस अवसर पर बिहार राज्य टेनिस क्रिकेट संघ के सचिव रंजीत राज ने चयनित खिलाड़ियों को टीम जर्सी प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हुए राज्य का नाम रोशन करने की अपील की।

प्रतियोगिता के मुकाबले 22 मार्च से 25 मार्च तक जयपुर के क्रिकेट ग्राउंड में खेले जाएंगे, जहां बिहार टीम अपने अभियान की शुरुआत करेगी। टीम कोच गुलशन कुमार के मार्गदर्शन में खिलाड़ी जयपुर के लिए रवाना हुए।

इस मौके पर गया और पटना जिला टेनिस क्रिकेट संघ के पदाधिकारी तथा ऑब्जर्वर आदित्य कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

टीम : गुलशन कुमार, पीयूष कुमार, साहिल राज, अमित कुमार, कुंदन कुमार, अभिजीत राज, आदित्य राज, प्रिंस राज, अरव राज, शुभम कुमार, हिमांशु कुमार, विशेष कुमार, अभिनव गिरी, विकी कुमार, अभिषेक कुमार, राहुल कुमार एवं गौतम।

संघ के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि टीम प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर बिहार को गौरवान्वित करेगी।

Read More

कासा पिकोला स्कूल क्रिकेट लीग की सभी तैयारियां पूरी, कल होगा शानदार आगाज

पटना, 21 मार्च। टर्निंग प्वाइंट के तत्वावधान में स्थानीय कृष्णा क्रिकेट ग्राउंड (खेमनीचक) पर 22 मार्च यानी रविवार को कासा पिकोला स्कूल क्रिकेट लीग के अंडर-15 सीजन-6 और अंडर-12 सीजन-1 का शानदार आगाज होगा।

यह जानकारी देते हुए आयोजन अध्यक्ष सह टर्निंग प्वायंट के निदेशक विजय शर्मा ने बताया कि उद्घाटन के मौके पर अंडर-15 वर्ग का मुकाबला खेला जायेगा। उद्घाटन मैच मानव रचना लायंस बनाम वीजीयू थंडरबोल्ट के बीच खेला जायेगा। उद्घाटन के अवसर पर कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहेंगे।

आयोजन को सफल और भव्य बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। मैदान को सजाया और संवारा गया है, पिच को बेहतर तरीके से तैयार किया गया है।

आयोजन सचिव नवीन कुमार ने बताया कि टूर्नामेंट की ओपनिंग सेरेमनी को खास बनाने के लिए विशेष कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है। उद्घाटन के दिन खिलाड़ियों का परिचय से लेकर मार्च पास्ट का आयोजन किया जाएगा, जिससे पूरे आयोजन में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिलेगा।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.