KRIDA NEWS

बीसीए को बचा रहे हैं ईश्वर और क्रिकेट कंस को कुछ जिला संघ मान रहे है परमेश्वर :- कृष्णा पटेल

पटना। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ( बीसीए) की वर्तमान हालात में संविधान से छेड़छाड़ और चल रही मनमानी को देखते हुए बीसीए मीडिया कमेटी के चेयरमैन कृष्णा पटेल ने बयान जारी कर कहा कि बीसीए और जिला संघों का जो अस्तित्व है उसकी रक्षा ईश्वरीय कृपा से हो रही है। जबकि जो गिरोह बीसीए सहित सभी जिला संघों का अस्तित्व को एक झटके में समाप्त कर देने वाले नापाक इरादों से कार्य करने में लगे हुए हैं वैसे क्रिकेट कंस को कुछ जिला संघ अपना सबसे बड़ा हितैषी और परमेश्वर मान बैठे हैं।

कृष्णा पटेल ने जिला संघों को ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि यह सर्वविदित है कि जिला संघों को अंधकार में रखकर अध्यक्ष गिरोह द्वारा बीसीए के संविधान संशोधन का मामला माननीय सर्वोच्च न्यायालय में अनुमोदन कराने के लिए पेश किया गया था। जिसमें बड़े चतुराई से अंग्रेजी भाषा में लिखित इस बीसीए संविधान में कई छेड़छाड़ की गई थी। क्योंकि अंग्रेजी भाषा का बहुत ज्यादा समझ कई जिला संघ के भोले-भाले पदाधिकारी को नहीं है और इसमें 38 जिला संघ के अलावे अन्य संस्थाओं व क्लबों को भी जिला संघ के बराबर वोटिंग राइट सहित अन्य अधिकार को देने का जिक्र किया गया था जो आज भी मद्य -निषेध निबंधन विभाग बिहार सरकार में बिना माननीय सुप्रीम कोर्ट से अनुमोदित कराए बीसीए संविधान संशोधन प्रक्रिया के तहत असंवैधानिक रुप से जमा है।

MADHU PREMIER LEAGUE(MPL)

माननीय सुप्रीम कोर्ट द्वारा बीसीसीआई के संविधान संशोधन प्रक्रिया के तहत यह निर्देशित किया गया है कि बीसीसीआई की संशोधित इस संविधान को मान्यता प्राप्त सभी राज्य संघ को भी अपनाना होगा और सुप्रीम कोर्ट से अनुमोदित संविधान ही राज्य संघ अपने निबंधन विभाग के पास संस्था की संविधान को संशोधित प्रक्रिया के तहत जमा करेंगे। इस पूरे प्रकरण में ईश्वरीय कृपा से कई घटनाक्रम घटना के बाद बीसीए के मानद सचिव अमित कुमार ने माननीय सुप्रीम कोर्ट में अध्यक्ष गिरोह द्वारा बीसीए संविधान संशोधन प्रक्रिया के खिलाफ एक आईए फाइल कर बीसीए व जिला संघों के अस्तित्व को बचाया।

परन्तु एक बार पुनः बीसीए और जिला संघों के अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है और समय रहते जिला संघ के सम्मानित पदाधिकारी गहरी नींद से नहीं जागे तो फिर हाथ मलते रह जायेंगे और आज तो आपके सामने लज़ीज़ व्यंजन भी परोसा जा रहा है ताकि आप उस लज़ीज़ व्यंजन के आनंद में डूबकर कोरे कागज पर हस्ताक्षर कर अपना अस्तित्व को खुद समाप्त कर दें। ठीक उसी प्रकार जैसे अंग्रेजों ने हमारे देश में एक व्यापारी के रूप में आया और धीरे-धीरे देखते हीं देखते पुरे देश पर कब्जा जमाकर अपनी हुकूमत चलाने लगी और हम अपने हीं देश में गुलामी की जिंदगी जीने लगे।

कुछ ऐसी ही तस्वीर वर्तमान समय में बीसीए में देखने को मिल रही है जो संविधान संशोधन मामला में दाल नहीं गलने के कारण अब बीसीए का निबंधन सोसायटी एक्ट से हटाकर कंपनी एक्ट में कराने का प्रयास किया जा रहा है। इस संदर्भ मुझे सूत्रों के माध्यम से जानकारी मिल रही है माननीय उच्च न्यायालय पटना में एक याचिका दायर किया गया है जिसमें बीसीए नामक संस्था को कंपनी एक्ट से निबंधित कराने का भी जिक्र किया गया है।

अगर ऐसा संभव हुआ तो बीसीए एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बन जाएगी और मालिकाना हक रखने वाले आप सभी जिला संघ पर अपनी हुकूमत चलाएंगे और आप सभी जिला संघ का आत्मसम्मान और अस्तित्व एक झटके में समाप्त हो जाएगा साथ हीं साथ यह संस्था लोकतंत्र से राजतंत्र परिवर्तित हो जाएगा। इसके बाद ना संविधान, ना स्वाभिमान और ना हीं आत्मसम्मान बचेगी बल्कि हर दिन आप सबों के आत्मसम्मान का हनन किया जायेगा और आप घुटने टेकते नजर आएंगे जैसे आज से ठीक 76 -77 साल पहले हमारे पूर्वज अंग्रेजी हुकूमतों के सामने बेबस और लाचार होकर घुटने टेकते नजर आते थें।

आप एक नज़र प्राइवेट लिमिटेड कंपनियों में कार्यरत बड़े-बड़े इंजीनियरों व मजदूरों की हालात के बारे में सोचिए और खुद से तुलनात्मक किजिए और बताएं मैं पूछना चाहता हूं जिला संघों के सम्मानित पदाधिकारी से :-
क्या आपको किसी के बंधन में कार्य करना पसंद है?
क्या आपको दैनिक भत्ता पर कार्य करने वाले मजदूरों के जैसा बर्ताव सहने का शौक है ?
क्या इस लोकतांत्रिक देश में लोकतंत्र के बजाय राजतंत्र में रहना आपको पसंद है?
क्या आपको अपनी स्वाभिमान और आत्मसम्मान से कोई वास्ता नहीं है?
क्या कई वर्षों से अपने जिला क्रिकेट संघ को ईमानदारी पूर्वक घर परिवार से दूर रह कर इस उद्देश्य के साथ सींचते आयें है कि एक दिन एक व्यापारी हम पर हुकूमत करें ?
क्या आपकी तपस्या और कड़ी मेहनत करने के पश्चात लंबे अंतराल के बाद बीसीए को मान्यता मिली और अब किसी एक व्यक्ति विशेष के हाथों में मालिकाना हक देकर खुश होंगे ?
इन तमाम प्रकार के अनैतिक कार्यों का हिस्सा बनकर क्या आप अपने आने वाले पीढ़ियों के सामने शान के साथ जीवन व्यतीत कर पायेंगे ?

इसलिए मैं एक पूर्व क्रिकेटर और बीसीए मीडिया कमेटी के अध्यक्ष होने के नाते जिला संघों के सभी सम्मानित पदाधिकारीयों से हाथ जोड़कर बारंबार आग्रह कर रहा हूं कि आप अपनी हाथों से हीं अपने अस्तित्व को मिटाने का घोर अनर्थ ना करें और गहरी नींद से जागकर अपना स्वाभिमान और आत्मसम्मान की रक्षा के लिए हौसला बुलंद आवाज़ बनें और किसी भी कंफुकबा दलाल के बहकावे से बाहर निकलें।

MADHU PREMIER LEAGUE(MPL)

क्योंकि जिसे आप परमेश्वर समझ रहे हैं वो वास्तविक रूप में बीसीए व जिला संघों के लिए किसी क्रिकेट कंस से कम नहीं है। जो आपके सामने फर्जी संविधान संशोधन प्रक्रिया से लेकर सोसायटी एक्ट निबंधन से हटाकर अब कंपनी एक्ट के तहत निबंध करने का नापाक साजिश रच रहा है ताकि आजीवन बीसीए पर एक मालिकाना हक के तहत एक क्षत्र राज किया जा सके।

इसलिए अब आपको एकजुट होकर ऐसे नापाक इरादों वाले गिरोह से सावधान रहने की जरूरत है और ईश्वर हर बार आपकी मदद और सचेत भी करते आ रहे हैं कभी सचिव अमित कुमार के रूप में तो अब बारी है सभी जिला संघों की एकजुटता में ताकि नापाक इरादे वाले को करारा जवाब दिया जा सके।

Read More

बीसीए चुनाव रद्द, नए सिरे से चुनाव की सिफारिश; सुप्रीम कोर्ट ने अभय श्रीनिवास ओक को बनाया नया लोकपाल

पटना: बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) के चुनाव को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज एल. नागेश्वर राव द्वारा की गई जांच के बाद कोर्ट में सौंपी गई रिपोर्ट में 28 सितंबर 2025 को हुए बीसीए चुनाव को खारिज करने और नए सिरे से चुनाव कराने की अनुशंसा की गई है।

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने पहले ही बीसीए की कार्यप्रणाली को लेकर हस्तक्षेप करते हुए अनुच्छेद 142 के तहत पूर्व न्यायाधीश एल. नागेश्वर राव को लोकपाल नियुक्त किया था, ताकि चुनाव प्रक्रिया और संघ के कार्यों की निगरानी की जा सके। जांच के बाद लोकपाल ने अपनी रिपोर्ट में चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे निरस्त करने की सिफारिश की।

नए लोकपाल की नियुक्ति

इस बीच सुप्रीम कोर्ट ने 20 मार्च 2026 को दिए अपने आदेश में पूर्व लोकपाल के अलग होने के बाद अभय श्रीनिवास ओक को बिहार क्रिकेट का नया लोकपाल नियुक्त कर दिया है। अब आगे की पूरी प्रक्रिया उनके निर्देशन में होगी। रिपोर्ट के आधार पर अब बीसीए का चुनाव नए सिरे से कराया जाएगा, जिसमें सभी जिला क्रिकेट संघों की वोटर लिस्ट की गहन जांच की जाएगी। इसके बाद ही पारदर्शी तरीके से नई कार्यकारिणी का गठन होगा।

एडमिनिस्ट्रेटर की भी हो सकती है नियुक्ति

पूर्व लोकपाल की अनुशंसा पर सुप्रीम कोर्ट आगामी 13 मई को इस मामले की सुनवाई करेगा, जिसमें एक एडमिनिस्ट्रेटर नियुक्त करने पर भी फैसला लिया जा सकता है। प्रेस नोट के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की कार्यशैली लगातार विवादों में रही है। कई जगहों पर अनियमितताओं और वित्तीय गड़बड़ियों को लेकर एफआईआर तक दर्ज हुई हैं। साथ ही, निगरानी एजेंसियां भी इस मामले पर नजर बनाए हुए हैं।

सुप्रीम कोर्ट की निगरानी और नए लोकपाल की नियुक्ति के बाद यह उम्मीद जताई जा रही है कि बिहार क्रिकेट में पारदर्शिता आएगी और नई व्यवस्था के तहत साफ-सुथरे तरीके से चुनाव संपन्न होंगे। इस पूरे मामले ने बिहार क्रिकेट प्रशासन में एक बड़े बदलाव के संकेत दे दिए हैं, जिस पर अब सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Read More

यूनिटी कप U-16: विवेक सिंह की तूफानी पारी, इमर्जिंग प्लेयर अकादमी की धमाकेदार जीत

पटना: राजधानी पटना के पंकज स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स (पीटमास मैदान) में The GamePlan Co के तत्वावधान में स्वर्गीय अरुण सिंह की स्मृति में आयोजित यूनिटी कप अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट के पूल-बी के अंतिम मुकाबले में इमर्जिंग प्लेयर क्रिकेट अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पंकज स्पोर्ट्स क्रिकेट क्लब को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंकज स्पोर्ट्स क्रिकेट क्लब की टीम इमर्जिंग प्लेयर के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 20 ओवर में 107 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से रिशु राज ने 41 रन की पारी खेली, जबकि अंकित (21 रन) और पंकज (12 रन) ने कुछ संघर्ष किया। इमर्जिंग प्लेयर क्रिकेट अकादमी की ओर से गेंदबाजी में रौशन ने 3 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। वहीं अतुल और आयुष ने 2-2 विकेट लेकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

108 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी इमर्जिंग प्लेयर क्रिकेट अकादमी की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। विवेक सिंह ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मात्र 33 गेंदों में 76 रन ठोक दिए और मैच को एकतरफा बना दिया। उनके साथ अतुल ने 11 रन का योगदान दिया। इमर्जिंग प्लेयर की टीम ने महज 7.5 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला आसानी से अपने नाम कर लिया। पंकज स्पोर्ट्स की ओर से प्रिंस राज को एकमात्र सफलता मिली।

शानदार और विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए विवेक सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ इमर्जिंग प्लेयर क्रिकेट अकादमी ने पूल-बी में अपनी मजबूत स्थिति दर्ज कराते हुए टूर्नामेंट में खिताब की दावेदारी पेश की।

Read More

30वीं सब-जूनियर नेशनल बेसबॉल के लिए बिहार टीम चयन 31 मार्च को, सोनपुर में ट्रायल

पटना: 30वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय बालक-बालिका बेसबॉल चैंपियनशिप के लिए बिहार टीम के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसको लेकर सेलेक्शन ट्रायल 31 मार्च को सारण जिले के सोनपुर स्थित डाकबंगला मैदान में सुबह 8 बजे से आयोजित किया जाएगा।

यह जानकारी देते हुए बेसबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार के सचिव मधु शर्मा ने बताया कि आगामी 24 से 29 मई 2026 तक यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित KIIT विश्वविद्यालय में आयोजित होगी, जिसमें बिहार टीम भी भाग लेगी। उन्होंने बताया कि चयन ट्रायल के बाद खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर लगाया जाएगा और कैंप के प्रदर्शन के आधार पर ही अंतिम टीम का चयन किया जाएगा।

सेलेक्शन ट्रायल में चयनकर्ताओं की भूमिका अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी आदित्य कुमार, राष्ट्रीय खिलाड़ी संजीत कुमार और उमंग कुमार सिंह निभाएंगे। वहीं प्रशिक्षण शिविर राष्ट्रीय खिलाड़ी कुलदीप कुमार और पृथ्वीराज की देखरेख में संचालित होगा।

चयन प्रक्रिया के संयोजक राष्ट्रीय खिलाड़ी मोनू कुमार होंगे। सचिव ने सभी इच्छुक खिलाड़ियों को निर्देश दिया है कि वे ट्रायल में भाग लेने के लिए अपने साथ आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो और अपने जिले के लेटरहेड पर अनुमोदित पत्र अनिवार्य रूप से लेकर आएं। इस ट्रायल को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह देखा जा रहा है और बेहतर प्रदर्शन कर राज्य टीम में जगह बनाने के लिए युवा खिलाड़ी पूरी तैयारी में जुटे हैं।

 

Read More

बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी U-13: बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी C टीम की धमाकेदार जीत, सुदय क्रिकेट एकेडमी को 10 विकेट से हराया

पटना। बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी मैदान पर खेले गए बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी अंडर-13 के लीग मुकाबले में बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी की सी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सुदय क्रिकेट एकेडमी को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सुदय क्रिकेट एकेडमी की टीम 19.3 ओवर में 136 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से कप्तान ईशु शाहिल ने 35 रनों की तेज पारी खेली, जबकि हर्ष कुमार (15 रन), सरस (10 रन) और पियूष (10 रन) ने कुछ योगदान दिया। टीम को अतिरिक्त रनों (45) का भी सहारा मिला।

बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में अमन राज ने घातक प्रदर्शन करते हुए 7 ओवर में 5 विकेट झटके और विपक्षी बल्लेबाजी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा एमडी तबरेज़ ने 2 विकेट और ओजैर ने 1 विकेट हासिल किया।

137 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। ओपनिंग जोड़ी रोहित राज और प्रतिश ने बिना कोई विकेट खोए मैच खत्म कर दिया। रोहित राज ने नाबाद 52 रन (13 चौके) और प्रतिश ने नाबाद 55 रन (10 चौके, 2 छक्के) की बेहतरीन पारियां खेलीं। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर 14.1 ओवर में ही 139 रन बनाकर टीम को आसान जीत दिला दी।

सुदय क्रिकेट एकेडमी के गेंदबाज इस मैच में पूरी तरह बेअसर नजर आए और एक भी विकेट हासिल नहीं कर सके। इस तरह बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी ने एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की, जबकि सुदय क्रिकेट एकेडमी को हार का सामना करना पड़ा।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.