KRIDA NEWS

Deodhar Trophy के लिए नीतीश राणा के नेतृत्व में नॉर्थ जोन की टीम घोषित, 15 सदस्यीय टीम में जम्मू कश्मीर के तीन खिलाड़ी शामिल

नीतीश राणा (फोटो- ट्विटर)

बीसीसीआई द्वारा आयोजित होने वाली देवधर ट्रॉफी (Deodhar Trophy) एकदिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत 24 जुलाई से हो रही है। नॉर्थ जोन के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। इस टीम का कप्तान दिल्ली एवं कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान नितीश राणा को बनाया गया।

आईपीएल 2023 में कोलकाता नाइट राइडर्स की अगुआई करने वाले राणा इस टूर्नामेंट के जरिए राष्ट्रीय चयनकर्ताओं को प्रभावित करके राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने की दावेदारी पेश करेंगे। राणा ने 2021 में श्रीलंका दौरे के दौरान भारत के लिए एक एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय और दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले थे। राणा ने इंडियन प्रीमियर लीग के पिछले सत्र में नाइट राइडर्स के लिए 14 मैच में तीन अर्धशतक से 140.95 के स्ट्राइक रेट से 413 रन बनाए।

प्रतिभावान बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह और हर्षित राणा को भी 15 सदस्यीय टीम में जगह मिली है। ये तीनों हालांकि 13 से 23 जुलाई तक श्रीलंका में होने वाले एमर्जिंग टीम एशिया कप के लिए भारतीय टीम का हिस्सा भी हैं। भारत के टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाने की स्थिति में वो लोग टीम से बाद में जुड़ेंगे। नॉर्थ जोन चयन समिति के समन्वयक अनिरुद्ध चौधरी ने कहा, ‘‘अगर भारत फाइनल में पहुंचता है तो इनके टीम से जुड़ने में विलंब हो सकता है और ऐसी स्थिति में स्टैंडबाई खिलाड़ी पहले मैच में खेलेंगे।’’

उत्तर क्षेत्र की टीम: नितीश राणा (कप्तान), अभिषेक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह, एसजी रोहिल्ला, एस खजूरिया, मनदीप सिंह, हिमांशु राणा, विवरांत शर्मा, निशांत सिंधू, ऋषि धवन, युद्धवीर सिंह, संदीप शर्मा, हर्षित राणा, वैभव अरोड़ा, मयंक मारकंडेय। स्टैंडबाई खिलाड़ी: मयंक डागर, मयंक यादव, अर्सलान खान, शुभम अरोड़ा, युवराज सिंह, मनन वोहरा, आकिब नबी, शिवांक वशिष्ठ।

Read More

नालंदा जिला सीनियर क्रिकेट लीग: क्रांतिकारी क्रिकेट क्लब की 5 विकेट से शानदार जीत

बिहारशरीफ: नालंदा जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित नालंदा जिला सीनियर ए डिवीजन क्रिकेट लीग में शुक्रवार को क्रांतिकारी क्रिकेट क्लब (नूरसराय) ने लिटिल स्टार क्लब (बिहारशरीफ) को 5 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (मैन ऑफ द मैच) का पुरस्कार क्रांतिकारी क्लब के ऑलराउंडर मोहित कुमार को उनके शानदार प्रदर्शन (4 विकेट और 50 रन) के लिए दिया गया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लिटिल स्टार क्लब की पूरी टीम 146 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से शशि रंजन ने सर्वाधिक 56 रन बनाए, जबकि विनीत ने 27, श्याम ने 15 और कृष ने 11 रनों का योगदान दिया। क्रांतिकारी क्रिकेट क्लब की ओर से मोहित ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि लकी ने 3 विकेट अपने नाम किए।

147 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्रांतिकारी क्रिकेट क्लब की टीम ने 5 विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की जीत में मोहित ने 50 रनों की अहम पारी खेली, लकी ने 30 रन और रोहित ने 21 रनों का योगदान दिया। लिटिल स्टार क्लब की ओर से समीर ने 4 विकेट लेकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

इस अवसर पर पूर्व सीनियर क्रिकेटर सह संघ के पूर्व पदाधिकारी संजय कुमार उर्फ पिंटू दा, क्रिकेट एसोसिएशन नालंदा के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, सचिव गोपाल कुमार सिंह, पूर्व सचिव सैयद मोहम्मद जावेद इकबाल, कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, संयुक्त सचिव संजीव कुमार, डॉ. संजय, संतोष पांडेय, हैदर अली, सिद्धार्थ कुमार बाबा, अंकित राज, विकास, मयूरेश्वर, विश्वजीत कुमार और अभिषेक कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मैच में अंपायरिंग की जिम्मेदारी सीनियर अंपायर परवेज़ मुस्तफा पप्पू और मनीष कुमार ने निभाई।

Read More

पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में ईआरसीसी और आरबीएनवाईएसी ने जीता अपना मुकाबला

पटना: अधिकारी एमएम प्रसाद मेमोरियल पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग के अंतर्गत शुक्रवार को खेले गए मैचों में ईआरसीसी और आरबीएनवाईएसी ने जीत हासिल की। ईआरसीसी की यह लगातार तीसरी जबकि आरबीएनवाईएसी की दूसरी जीत है। ईआरसीसी ने क्रिसेंट सीसी को 9 जबकि आरबीएनवाईएसी ने सिटी स्टूडेंट क्लब को 222 रन से हराया।

पहला मैच
22 यार्ड क्रिकेट अकादमी एवं फिजिकल अकादमी मैदान पर खेले गए मुकाबले में आरबीएनवाईएसी ने सिटी स्टूडेंट क्लब को 222 रनों के विशाल अंतर से पराजित कर प्रभावशाली जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आरबीएनवाईएसी ने निर्धारित 40 ओवर में 9 विकेट पर 304 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में सिटी स्टूडेंट क्लब की टीम 20.4 ओवर में मात्र 82 रन पर सिमट गई।

आरबीएनवाईएसी की ओर से बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। रौनित ने 43 गेंदों पर 74 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हर्ष राज राज ने 69 रन बनाकर पारी को स्थिरता दी, जबकि कप्तान इंद्रजीत कुमार और श्लोक कुमार ने 48-48 रनों का योगदान देकर स्कोर को 300 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

सिटी स्टूडेंट क्लब की शुरुआत बेहद खराब

304 रनों के कठिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिटी स्टूडेंट क्लब की शुरुआत बेहद खराब रही और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। टीम की ओर से बलजीत सिंह बिहारी ने सर्वाधिक 29 रन बनाए, जबकि अंशुल राज ने 12 रनों का योगदान दिया। बाकी बल्लेबाज आरबीएनवाईएसी के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके और पूरी टीम 82 रन पर ढेर हो गई।

आरबीएनवाईएसी की जीत के नायक शाहबाज अनवर रहे, जिन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए 6 ओवर में मात्र 21 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके और विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। उन्हें शाश्वत जीत राज, मन्मोहन और उत्कर्ष धीरज कुमार का अच्छा साथ मिला, जबकि हर्ष राज राज ने भी दो विकेट लेकर जीत को और आसान बना दिया। मैन ऑफ द मैच शाहबाज अनवर रहे।

दूसरा मैच
जेनेक्स क्रिकेट ग्राउंड, फतेहपुर में खेले गए मुकाबले में ईआरसीसी ने क्रिसेंट सीसी को 9 विकेट से करारी शिकस्त देते हुए एकतरफा जीत दर्ज की। क्रिसेंट सीसी द्वारा दिए गए 174 रनों के लक्ष्य को ईआरसीसी ने मात्र 9.2 ओवर में हासिल कर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए क्रिसेंट सीसी ने 40 ओवर में 7 विकेट पर 173 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान अभिनव सिन्हा ने शानदार 89 रनों की नाबाद पारी खेलकर पारी को संभाला, जबकि नदीम स्ट्राइकर ने 40 रनों का योगदान दिया। हालांकि अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सके, जिसके कारण टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही। ईआरसीसी की ओर से गेंदबाजी में ऋषभ राज ने 8 ओवर में मात्र 26 रन देकर 3 विकेट झटके और क्रिसेंट सीसी की रनगति पर अंकुश लगाया। रोहित राज राज ने 2 विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईआरसीसी की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। यश प्रताप यादव ने मात्र 18 गेंदों पर 52 रन बनाकर मैच का रुख पलट दिया। इसके बाद रोहित राज राज ने 22 गेंदों पर नाबाद 60 रन और आशीष कुमार कुमार ने 16 गेंदों पर नाबाद 56 रन की विस्फोटक पारियां खेलकर मैच को 9.2 ओवर में समाप्त कर दिया। टीम की रनगति 19 से अधिक रही, जो इस लीग के सबसे तेज़ सफल रन चेज़ में से एक माना जा रहा है। विजेता टीम के रोहित राज को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।

Read More

1 मार्च को ‘कुसुमराज खेल सम्मान समारोह’, खेल जगत और समाज के विभिन्न क्षेत्रों के हस्तियों को किया जाएगा सम्मानित

पटना। खेल और संस्कृति के संगम का गवाह बनने जा रहा है राजधानी का दानापुर इलाका। आगामी 1 मार्च को श्रीराम खेल मैदान, सुल्तानपुर मठ, दानापुर में कुसुमराज खेल सम्मान समारोह सह होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन सरदार पटेल स्पोटर्स फाउंडेशन के तत्वावधान में किया जा रहा है, जिसमें खेल जगत और समाज के विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट हस्तियां एक मंच पर नजर आएंगी।

कुसुमराज एजुकेशनल इंस्टीच्यूशन के एमडी डॉ. अमरेंद्र कुमार अमरेश ने जानकारी देते हुए बताया कि यह समारोह केवल सम्मान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह प्रतिभाओं को नई ऊर्जा और प्रोत्साहन देने का एक सशक्त प्रयास होगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में युवा खिलाड़ी, प्रशिक्षक, खेल तकनीकी पदाधिकारी, खेल प्रमोटर, खेल पत्रकार के साथ-साथ शिक्षा, कला और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने आगे बताया कि होली के पावन अवसर को देखते हुए समारोह को होली मिलन के रंगों से भी सजाया जाएगा, ताकि यह आयोजन खेल सम्मान के साथ-साथ आपसी भाईचारे और उत्साह का प्रतीक बन सके। रंग, उत्साह और उपलब्धियों का यह संगम समारोह को और भी खास बना देगा।

फाउंडेशन के महासचिव नवीन कुमार ने बताया कि कुसुमराज एजुकेशनल इंस्टीच्यूशन के सहयोग से आयोजित समारोह का मुख्य उद्देश्य राज्य के होनहार खिलाड़ियों को पहचान दिलाना और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग देना है। उन्होंने कहा, “हमारी संस्था सिर्फ अपने विकास की बात नहीं करती, बल्कि समाज के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रतिभाओं को मंच देना और उनका मनोबल बढ़ाना हमारी प्राथमिकता है।”

समारोह के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पारंपरिक होली मिलन के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे उपस्थित लोगों को उत्सव का आनंद मिलेगा। आयोजकों का मानना है कि इस तरह के कार्यक्रम न केवल खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में खेल के प्रति सकारात्मक वातावरण भी तैयार करते हैं।

Read More

दिव्यांग चैलेंजर ट्रॉफी 2026 का खिताब मध्य प्रदेश ने किया अपने नाम, 200 रन बनाकर भी हारा जम्मू-कश्मीर

पटना: पटना के ऊर्जा स्टेडियम में फ्लडलाइट की रोशनी में खेले गए दिव्यांग चैलेंजर ट्रॉफी 2026 के फाइनल मुकाबले में मध्य प्रदेश ने रोमांचक अंदाज में जम्मू-कश्मीर को 2 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। दिव्यांग क्रिकेट के इतिहास में यह पहला अवसर रहा जब किसी बड़े टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रात में फ्लडलाइट में आयोजित किया गया। रोशनी से जगमगाते मैदान में खेले गए इस मुकाबले ने दर्शकों को अंत तक रोमांचित रखा। मध्य प्रदेश के लिए लकी कराड़िया और संजय कुमार साकेत ने 9वें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी करते हुए जम्मू-कश्मीर के हाथों से जीत छीन ली। जम्मू-कश्मीर ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 200 रन बनाए, लेकिन मध्य प्रदेश ने 18 ओवर में 8 विकेट खोकर 202 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया।

विजेता टीम को मुख्य अतिथि बिहार खेल विश्वविद्यालय, राजगीर के कुलपति शिशिर सिन्हा ने ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं उपविजेता टीम और तीसरे नंबर पर रही बिहार की टीम को बक्सर विधायक एवं पूर्व मंत्री संतोष निराला, राजेश कुमार (पुलिस महानिरीक्षक, नागरिक सुरक्षा), मनोज कुमार (उप महानिरीक्षक, होम गार्ड एवं अग्निशमन सेवा) तथा रंजीत शंकर प्रसाद (प्रभारी विधि प्रकोष्ठ, गृह विभाग, बिहार सरकार) ने सम्मानित किया। इस दौरान बिहार दिव्यांग क्रिकेट डेवलपमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अमितेश कुमार, सचिव उज्जवल कुमार सिन्हा एवं आयोजन सचिव डॉ. प्रभात चंद्रा सहित अन्य सदस्य ने खिलाड़ियों को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया।

जम्मू-कश्मीर की दमदार शुरुआत

जम्मू-कश्मीर की शुरुआत बेहतरीन रही। राहुल शर्मा ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए 56 गेंदों पर नाबाद 89 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। आकिब मलिक ने 26 गेंदों पर 43 रन की तेज पारी खेली और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 85 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। मध्यक्रम में शाकूर बशीर ने 23 गेंदों पर 39 रन जोड़कर टीम को मजबूती दी। अंतिम ओवरों में तेज रन गति से टीम 200 के आंकड़े तक पहुंचने में सफल रही। मध्य प्रदेश की ओर से कप्तान माखन सिंह राजपूत ने 2 विकेट और अंकित सिंह बघेल ने 1 विकेट हासिल किया।

मध्य प्रदेश को लगे शुरुआती झटके

201 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मध्य प्रदेश की टीम शुरुआती झटकों से उबर नहीं पा रही थी। 10.4 ओवर में 85 रन पर 8 विकेट गिर जाने के बाद जम्मू-कश्मीर की जीत लगभग तय मानी जा रही थी। बबलू बेग ने 3 विकेट लेकर और तरसेम लाल ने 2 विकेट लेकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया था। हालांकि इसके बाद संजय कुमार साकेत और लकी कराड़िया ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

9वें विकेट के लिए लकी और संजय के बीच शतकीय साझेदारी

संजय कुमार साकेत ने 25 गेंदों पर नाबाद 48 रन बनाए, जिसमें 9 चौके शामिल थे। वहीं लकी कराड़िया ने 20 गेंदों पर नाबाद 67 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। दोनों के बीच 9वें विकेट के लिए 117 रन की अविजित साझेदारी हुई, जिसने मैच को पूरी तरह पलट दिया। मध्य प्रदेश ने 18वें ओवर में लक्ष्य हासिल कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए लकी कराड़िया को मैन ऑफ द मैच तथा अंकित सिंह बघेल को प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार प्रदान किया गया।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.