KRIDA NEWS

भारत (India) की अंडर-17 फुटबॉल टीम करेगी रियाल मैड्रिड का सामना

भाषा: भारत (India) की अंडर-17 पुरुष फुटबॉल टीम बुधवार को मैड्रिड के स्यूदाद डिपोर्टिवा डेल रियाल मैड्रिड में रियाल मैड्रिड अंडर-17 टीम का सामना करेगी जो उसका स्पेन दौरे में चौथा अभ्यास मैच होगा।

भारत की जूनियर टीम थाईलैंड में जून में होने वाले एएफसी अंडर-17 एशियाई कप की तैयारियों के सिलसिले में अभी स्पेन के दौरे पर है। भारत को एएफसी अंडर-17 एशियाई कप में जापान, वियतनाम और उज्बेकिस्तान के साथ ग्रुप डी में रखा गया है।

भारतीय टीम ने मुख्य कोच बिबियानो फर्नांडीस के नेतृत्व में स्पेन दौरे में अभी तक एटलेटिको डी मैड्रिड अंडर-17 (4-1), सीडी लेगानेस अंडर-18 (0-2) और एटलेटिको मैड्रिलिनो (2-1) के खिलाफ तीन मैच खेले हैं।

फर्नांडीस का मानना है कि भारतीय टीम के लिए अपने कुशल प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ खुद को परखने का यह बहुत अच्छा अवसर है। उन्होंने कहा,‘‘ यह हमारे खिलाड़ियों के लिए रियाल मैड्रिड जैसे चोटी के क्लब के कुशल खिलाड़ियों के खिलाफ खेलने का शानदार मौका है। हमारी टीम का प्रत्येक खिलाड़ी इस मैच में खेलने के लिए तैयार है और हम अपनी तरफ से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास करेंगे।’’

भारतीय कोच ने कहा,‘‘ इन मैचों से हमारे खिलाड़ी वास्तव में अच्छी तरह से तैयार रहेंगे क्योंकि वह स्पेन में कुछ बेहद प्रतिस्पर्धी टीमों के मुकाबला कर रहे हैं। इससे उन्हें एएफसी अंडर-17 एशियाई कप से पहले आवश्यक स्तर पर पहुंचने में मदद मिलेगी।’’

Read More

किरण क्रिकेट एकेडमी जहानाबाद ने 5 विकेट से दर्ज की शानदार जीत, एबी क्रिकेट एकेडमी को हराया

बिहार: करजरा स्टेशन ग्राउंड, गया में खेले गए मुकाबले में किरण क्रिकेट एकेडमी, जहानाबाद ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए एबी क्रिकेट एकेडमी को 5 विकेट से हराकर शानदार जीत हासिल की। मुकाबला 28 फरवरी 2026 को खेला गया, जिसमें टॉस जीतकर एबी क्रिकेट एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए एबी क्रिकेट एकेडमी की टीम 24.2 ओवर में 136 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से तेजस कुमार ने सबसे अधिक 32 रनों की पारी खेली, जबकि शिवम कुमार ने 16 रन और प्रशांत पांडेय ने 6 रन का योगदान दिया। हालांकि नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी। किरण क्रिकेट एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में अमन विश्वनाथ कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। वहीं आयुष रंजन ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट हासिल किए और शंतनु ने भी 2 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।

137 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी किरण क्रिकेट एकेडमी जहानाबाद की शुरुआत मजबूत रही। कप्तान सोनू संजीत कुमार ने जिम्मेदार बल्लेबाजी करते हुए 45 रन बनाए। इसके बाद ऋतिक संजय राज ने आक्रामक अंदाज में नाबाद 38 रन की तेज पारी खेल टीम को जीत दिला दी। आयुष रंजन ने नाबाद 16 रन बनाकर उनका अच्छा साथ निभाया। किरण क्रिकेट एकेडमी ने लक्ष्य को 18 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। एबी क्रिकेट अकादमी की ओर से गेंदबाजी में साहवाग कुमार ने 3 विकेट तथा शिवम कुमार ने 2 विकेट लिए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

Read More

स्वर्गीय अरुण सिंह की स्मृति में ‘यूनिटी कप’ अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट 7 मार्च से, 16 टीमें लेंगी भाग

पटना: राजधानी पटना में स्वर्गीय अरुण सिंह जी की स्मृति में आयोजित यूनिटी कप” अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ आगामी 7 मार्च से किया जाएगा। यह प्रतियोगिता नौबतपुर–मसौढ़ी रोड स्थित पीटमास (पटना) मैदान में The GamePlan Co. के तत्वावधान में आयोजित होगी। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का उद्देश्य राज्य की उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं को बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना है।

टूर्नामेंट के अध्यक्ष प्रभात कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता पारंपरिक क्रिकेट प्रारूप में रेड बॉल एवं सफेद ड्रेस के साथ खेली जाएगी। टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें भाग लेंगी और सभी मुकाबले लीग चरण के आधार पर आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक मैच 25 ओवर का होगा तथा प्रतियोगिता की लाइव स्कोरिंग CricHeroes ऐप पर उपलब्ध रहेगी, जिससे दर्शक और अभिभावक मैच की जानकारी लाइव देख सकेंगे।

टूर्नामेंट के संरक्षक ज्ञानेश्वर गौतम ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और भविष्य में बड़े स्तर पर खेलने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि प्रतियोगिता को Patna District Cricket Association (PDCA) से मान्यता प्राप्त हो चुकी है, जिससे टूर्नामेंट की विश्वसनीयता और महत्व और बढ़ गया है।

प्रतियोगिता में विजेता टीम को ₹25,000 तथा उपविजेता टीम को ₹12,500 नगद पुरस्कार के साथ आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक मैच में मैन ऑफ द मैच पुरस्कार दिया जाएगा, वहीं मैन ऑफ द टूर्नामेंट, बेस्ट बैटर, बेस्ट बॉलर और बेस्ट फील्डर सहित कई व्यक्तिगत सम्मान भी खिलाड़ियों को दिए जाएंगे। आयोजन समिति द्वारा सभी मैचों के दौरान खिलाड़ियों के लिए नाश्ता एवं आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जाएगी।

टूर्नामेंट के सफल संचालन के लिए गठित कमिटी में प्रभात कुमार को अध्यक्ष तथा ज्ञानेश्वर गौतम को संरक्षक बनाया गया है। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक अकादमी, स्कूल अथवा खिलाड़ी पंजीकरण एवं अन्य जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9939089666 एवं 9117916602 पर संपर्क कर सकते हैं।

Read More

बीसीए सीनियर मेंस वनडे ट्रॉफी: रोमांचक मुकाबले में नवादा ने गया को 3 विकेट से हराया

नालंदा: Bihar Cricket Association के घरेलू सत्र 2025-26 के तहत आयोजित बीसीए सीनियर मेंस वन डे ट्रॉफी (मगध जोन) के पांचवें मुकाबले में नवादा ने संघर्षपूर्ण प्रदर्शन करते हुए गया को 3 विकेट से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। मैच नालंदा जिला क्रिकेट संघ की मेजबानी में एसएससीसी खेल मैदान, पावापुरी में खेला गया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए गया की टीम ने 47.2 ओवर में सभी विकेट खोकर 232 रन बनाए। टीम की ओर से यशराज ने 46 रन, रंजन ने 33 रन, गौरव ने 31 रन, मंगल ने 23 रन तथा अभिषेक ने 17 रन का योगदान दिया। नवादा की ओर से गेंदबाजी में अर्णव यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 61 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि सुदर्शन और सागर ने 3-3 विकेट लेकर गया की पारी को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया।

संघर्ष के बाद नवादा ने हासिल की जीत

233 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नवादा की टीम को जीत के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ा। हालांकि मध्यक्रम बल्लेबाजों की जिम्मेदार पारियों की बदौलत टीम ने 47.4 ओवर में 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। नवादा की ओर से सुमन सौरभ ने 62 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। दीपक ने 41, निशांत ने 38, हर्ष ने 32, अनुराग ने 21 तथा सुदर्शन ने 14 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। गया की ओर से गौरव और गौतम ने 2-2 विकेट लिए, जबकि निक्कू, मंगल और प्रीतम को एक-एक सफलता मिली। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए नवादा के अर्णव यादव को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पूर्व सीनियर क्रिकेटर एवं नालंदा जिला क्रिकेट संघ के पूर्व पदाधिकारी संजय कुमार उर्फ पिंटू दा, क्रिकेट एसोसिएशन नालंदा के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, सचिव गोपाल कुमार सिंह, पूर्व सचिव सैयद मोहम्मद जावेद इकबाल, कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, संयुक्त सचिव संजीव कुमार, शेखपुरा के पूर्व सचिव गंगा यादव, बीसीए ऑब्जर्वर केशव कुमार, डॉ. संजय संतोष पांडेय, हैदर अली, सिद्धार्थ कुमार बाबा, विश्वजीत कुमार एवं अभिषेक सहित कई खेलप्रेमी मौजूद रहे। मुकाबले में अंपायरिंग की जिम्मेदारी BCA Umpires Panel के पैनल अंपायर राजीव कुमार एवं नीरज कुमार ने निभाई।

Read More

बीसीए सीनियर मेंस वनडे ट्रॉफी: नालंदा की शानदार जीत, शेखपुरा को 156 रन से हराया

नालंदा: Bihar Cricket Association के घरेलू सत्र 2025-26 के अंतर्गत आयोजित बीसीए सीनियर मेंस वन डे ट्रॉफी के मगध जोन मुकाबले में नालंदा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शेखपुरा को 156 रन के बड़े अंतर से पराजित किया। मुकाबला नालंदा जिला क्रिकेट संघ की मेजबानी में एसएससीसी खेल मैदान, पावापुरी में खेला गया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नालंदा की टीम ने मजबूत बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। टीम की ओर से अर्णव किशोर ने शानदार शतक लगाते हुए 104 रन की बेहतरीन पारी खेली। वहीं नमन गौरव ने 45, अंकित ने 34, मुन्ना कुमार ने 28, आकाश ने 25, आदित्य ने 18 तथा सुमन ने 13 रन का योगदान दिया। नालंदा की पूरी टीम 48.5 ओवर में 313 रन बनाकर ऑल आउट हुई। शेखपुरा की ओर से अमरजीत ने 60 रन देकर 4 विकेट, सूरज ने 65 रन पर 3 विकेट तथा रिशु ने 50 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।

आदित्य राज की घातक गेंदबाजी

314 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी शेखपुरा की टीम नालंदा के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 28.2 ओवर में 157 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से अंकुश ने 43, रश्मि ने 27, मंजीत ने 21 तथा पटेल और अमरजीत ने 16-16 रन बनाए। नालंदा की जीत के नायक रहे स्पिन गेंदबाज आदित्य राज, जिन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 7.2 ओवर में मात्र 27 रन खर्च कर 6 विकेट झटके और शेखपुरा की बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। मनीष राज ने 32 रन देकर 2 विकेट, जबकि सुमन और पवन ने एक-एक विकेट प्राप्त किया।

गणमान्य लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर पूर्व सीनियर क्रिकेटर एवं नालंदा जिला क्रिकेट संघ के पूर्व पदाधिकारी संजय कुमार उर्फ पिंटू दा, क्रिकेट एसोसिएशन नालंदा के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, सचिव गोपाल कुमार सिंह, पूर्व सचिव सैयद मोहम्मद जावेद इकबाल, कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, संयुक्त सचिव संजीव कुमार, शेखपुरा के पूर्व सचिव गंगा यादव, बीसीए ऑब्जर्वर केशव कुमार, डॉ. संजय संतोष पांडेय, हैदर अली, सिद्धार्थ कुमार बाबा, विश्वजीत कुमार एवं अभिषेक कुमार सहित कई खेलप्रेमी उपस्थित रहे। मुकाबले में अंपायरिंग की जिम्मेदारी BCA Umpires Panel के पैनल अंपायर राजीव कुमार एवं नीरज कुमार ने निभाई।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.