KRIDA NEWS

IPL 2023: आईपीएल के 1000वें मैच में चला धोनी के चेन्नई सुपर किंग्स का जादू, मुंबई की लगातार दूसरी हार

IPL 2023: चेन्नई सुपर किंग्स के बायें हाथ के स्पिनरों रविंद्र जडेजा (20 रन पर तीन विकेट) और मिशेल सेंटनर (28 रन पर दो विकेट) की कमाल की गेंदबाजी के बाद अजिंक्य रहाणे की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के दम पर चेन्नई (CSK) ने इंडियन प्रीमियर लीग टी20 टूर्नामेंट में मुंबई इंडियंस पर 11 गेंद शेष रहते सात विकेट से जीत दर्ज की। चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को आठ विकेट पर 157 रन पर रोकने बाद 18.1 ओवर में तीन पर 159 रन बना कर आईपीएल के 1000वें मैच को यादगार बना लिया। चेन्नई की यह तीन मैचों में दूसरी जीत है जबकि मुंबई की दो मैचों में यह दूसरी हार है।

चेन्नई के लिए पहला मैच खेल रहे रहाणे ने 27 गेंद की आक्रामक पारी में सात चौके और तीन छक्के लगाये। उन्होंने 19 गेंद में इस सत्र का सबसे तेज अर्धशतक पूरा करने के साथ दूसरे विकेट के लिए रुतुराज गायकवाड़ के साथ 82 रन की साझेदारी कर टीम की जीत की नींव रखी। गायकवाड़ 36 गेंद में 40 रन पर नाबाद रहे जबकि शिवम दूबे ने 26 गेंद में 28 रन बनाये और अनुभवी अंबाती रायुडु 16 गेंद में नाबाद 20 रन की पारी खेली।

चेन्नई को मैच के शुरुआती ओवर में मुख्य तेज गेंदबाज दीपक चाहर के चोटिल होने से झटका लगा लेकिन मैन ऑफ द मैच जडेजा और सेंटनर ने अपने कोटे के आठ ओवर में सिर्फ 48 रन देकर पांच विकेट साझा कर मुंबई को बैकफुट पर धकेल दिया। जडेजा ने चार ओवर में 20 और सेंटनर ने इतने ही ओवर में महज 28 रन खर्च किये। तुषार देशपांडे (तीन ओवर में 31 रन) ने दो और आईपीएल में पदार्पण कर रहे सिसंडा मगाला (चार ओवर में 37 रन) ने एक विकेट लिये। मुंबई के लिए इशान किशन ने 21 गेंद में सबसे ज्यादा 32 जबकि टिम डेविड ने 22 गेंद में 31 रन बनाये।

लक्ष्य का पीछा करते हुए जेसन बेहरनडोर्फ (24 रन पर एक विकेट) ने पहले ओवर में डेवोन कोनवे को खाता खोले बगैर बोल्ड कर मुंबई को शानदार शुरुआत दिलायी। रहाणे ने तीसरे ओवर में इस गेंदबाज के खिलाफ छक्का लगा कर अपने इरादे जताये। उन्होंने चौथे ओवर में अरशद खान के खिलाफ छक्का लगाने के बाद लगातार चार चौके जड़ ओवर से 23 रन बटोरे।

रहाणे ने इसके बाद कैमरून ग्रीन के खिलाफ छक्का और छठे ओवर में पीयूष चावला (33 रन पर एक विकेट) के खिलाफ लगातार दो चौके लगाकर 2020 के बाद आईपीएल में अपना पहला पचासा पूरा किया। पावरप्ले में चेन्नई ने एक विकेट पर 68 रन बना लिये।चावला ने आठवें ओवर में सूर्यकुमार के हाथों कैच कराकर रहाणे की शानदार पारी का अंत किया।

रहाणे के आउट होने के बाद चेन्नई के बल्लेबाजों ने जोखिम लिये बिना दौड़कर रन बनाने पर जोर दिया। रुतुराज ने 10वें ओवर की चौथी गेंद पर चावला के खिलाफ अपनी पारी का पहला चौका जड़ा तो वही शिवम ने ऋतिक शौकिन के खिलाफ 14वें ओवर में अपना पहला छक्का लगाया। वह हालांकि अगले ओवर में ‘इंपैक्ट प्लेयर’ कुमार कार्तिकेय (24 रन पर एक विकेट) की गेंद पर बोल्ड हो गये। उन्होंने रुतुराज के साथ 43 रन की साझेदारी की।

चेन्नई के ‘इंपैक्ट प्लेयर’ अंबाती रायुडु ने इसके बाद रुतुराज का अच्छे से साथ दिया और 19वें ओवर की पहली गेंद पर चौका लगाकर टीम को मुंबई के खिलाफ 35 मैचों में 15वीं जीत दिला दी। इससे पहले कप्तान रोहित शर्मा और किशन ने शुरुआती चार ओवर में 38 रन की साझेदारी कर मुंबई इंडियंस को आक्रामक शुरुआत दिलायी। रोहित (13 गेंद में 21 रन) ने शुरुआती दो ओवरों में दीपक और देशपांडे के खिलाफ कुल तीन चौके लगाये जबकि किशन ने मगाला का स्वागत तीसरे ओवर में तीन चौके से किया।

रोहित ने देशपांडे के खिलाफ चौथे ओवर में पारी का पहला छक्का लगाया लेकिन इस गेंदबाज ने ओवर की आखिरी गेंद पर उन्हें बोल्ड कर टीम को पहली सफलता दिलायी। इस विकेट के बाद भी किशन का अंदाज नहीं बदला। उन्होंने छठे ओवर में मगाला के खिलाफ दो और चौके लगाये, जिससे पावर प्ले के बाद मुंबई का स्कोर एक विकेट पर 61 रन था।

महेंद्र सिंह धोनी ने सातवें ओवर में गेंद जडेजा को थमाई और इस अनुभवी गेंदबाज ने किशन को प्रिटोरियस के हाथों कैच कराया। अगले ओवर में मिशेल सेंटनर की गेंद पर धोनी ने शानदार कैच लपककर सूर्यकुमार यादव की खराब लय को जारी रखा। मैदानी अंपायर ने इसे वाइड करार दिया था लेकिन धोनी ने डीआरएस लिया और रीप्ले में गेंद सूर्या के दस्तानों में लगती हुई दिखी।

जडेजा ने इसके बाद अपनी गेंद पर ग्रीन (11 गेंद में 12 रन) का बेहतरीन कैच पकड़ा तो वही सेंटनर ने अरशद को पगबाधा किया। मुंबई ने इस तरह 12 रन के अंदर चार विकेट गंवा दिये। पिछले मैच में मुंबई के लिए अर्धशतक लगाने वाले तिलक वर्मा ने 13वें ओवर में जडेजा के खिलाफ छक्का लगा टीम के रनों का सैंकड़ा पूरा किया लेकिन अगली गेंद पर पगबाधा हो गये जडेजा का तीसरा शिकार बने। ट्रिस्टन स्टब्स (10 गेंद में पांच रन) 16वें ओवर में मगाला का आईपीएल में पहला शिकार बने।

डेविड ने अगले ओवर में देशपांडे के खिलाफ दो छक्के और चौका लगाकर मुंबई की वापसी की कोशिश की लेकिन एक और बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में रहाणे को कैच दे बैठे। आखिरी ओवर में ऋतिक (12 गेंद में नाबाद 18) ने प्रिटोरियस के खिलाफ तीन चौके लगाकर मुंबई के स्कोर को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

Read More

पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट में क्रिसेंट सीसी ने हासिल की बड़ी जीत, विद्यार्थी सीसी को 10 विकेट से हराया

पटना, 4 फरवरी: पटना जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में खेली जा रही अधिकारी एम एम प्रसाद मेमोरियल पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग के अंतर्गत बुधवार को खेले गए मुकाबले में क्रिसेंट क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यार्थी क्रिकेट क्लब को 10 विकेट से पराजित किया। प्रिंस कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।

विद्यार्थी सीसी की पारी: सनी की जुझारू बल्लेबाजी

स्थानीय अल्फा स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला विद्यार्थी सीसी के लिए भारी पड़ गया और पूरी टीम 26 ओवर में 120 रन पर सिमट गई। कप्तान सनी ने अकेले मोर्चा संभालते हुए नाबाद 69 रन की पारी खेली। उन्होंने 88 गेंदों का सामना किया और 7 चौके व 2 छक्के लगाए। हालांकि, उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका।

शीर्ष क्रम से लेकर निचले क्रम तक विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे। पूरी टीम 26 ओवर में 10 विकेट खोकर सिर्फ 120 रन ही बना सकी। क्रिसेंट सीसी की गेंदबाजी बेहद अनुशासित रही। प्रिंस कुमार और रित्विक ने तीन-तीन विकेट झटके। हिमांशु कुमार ने किफायती गेंदबाजी करते हुए दो विकेट हासिल किए, जिससे विद्यार्थी सीसी बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही।

लक्ष्य का पीछा: क्रिसेंट सीसी का दबदबा

120 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्रिसेंट सीसी की टीम ने शुरू से ही मैच पर नियंत्रण बना लिया। सलामी बल्लेबाज अभिनव सिन्हा और मोहम्मद कैफ ने बिना कोई जोखिम लिए शानदार बल्लेबाजी की और विपक्षी गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया।

अभिनव सिन्हा ने 60 गेंदों पर 64 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 9 चौके शामिल रहे। वहीं मोहम्मद कैफ ने 78 गेंदों पर 47 रन बनाकर उनका बेहतरीन साथ निभाया। दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई नाबाद साझेदारी के दम पर क्रिसेंट सीसी ने 22.4 ओवर में बिना विकेट गंवाए 123 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

संक्षिप्त स्कोर
विद्यार्थी सीसी: 120/10 (26 ओवर), सनी नाबाद 69, प्रिंस कुमार 3/18, रित्विक 3/29, हिमांशु कुमार 2/15
क्रिसेंट सीसी: 123/0 (22.4 ओवर), अभिनव सिन्हा नाबाद 64, मोहम्मद कैफ नाबाद 47

Read More

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की बिहार रूरल लीग का कैंप शुरू, 105 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

पटना: बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित बिहार रूरल लीग के तहत खुशी टारगेट क्रिकेट एकेडमी, दीघा (पटना) में आज से चयन कैंप का शुभारंभ हो गया। कैंप के पहले दिन खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला और कुल 105 खिलाड़ियों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई। मीडिया प्रभारी रूपक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कैंप बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच देने और मजबूत टीम तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

कैंप कन्वेनर प्रभात कुमार ने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से की जा रही है और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का पूरा अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कैंप के दौरान फिटनेस टेस्ट, स्किल असेसमेंट और मैच प्रैक्टिस सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे खिलाड़ियों की क्षमता का सही आकलन किया जा सके।

उन्होंने यह भी बताया कि जहां एक ओर बड़ी संख्या में खिलाड़ी कैंप में शामिल हुए, वहीं सैकड़ों खिलाड़ियों ने काउंसिल की परीक्षाओं का हवाला देते हुए कैंप और मैच की घोषित तिथियों में बदलाव की मांग की है। खिलाड़ियों की इस मांग पर रूरल लीग मैनेजमेंट गंभीरता से विचार कर रहा है, ताकि अधिक से अधिक खिलाड़ियों को मौका मिल सके।

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से पटना सहित आसपास के सभी खिलाड़ियों को सूचित किया गया है कि भले ही वे कैंप का हिस्सा नहीं बन पाए हों, फिर भी कैंप स्थल पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं। इससे चयन प्रक्रिया को सुचारु रूप से पूरा किया जा सकेगा और टीम को अंतिम रूप देने में सहूलियत होगी। आयोजकों ने उम्मीद जताई है कि बिहार रूरल लीग के माध्यम से नए और उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा।

Read More

लक्ष्मण सिंह स्मृति स्कूली क्रिकेट टूर्नामेंट में चेंजर्स जीता, वारियर्स ने सुपरकिंग्स को 1 रन से हराया

पटना । श्रीकृष्णा खेल मैदान, खेमनीचक, पटना में खेले जा रहे लक्ष्मण सिंह स्मृति स्कूली क्रिकेट मैच में चेंजर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइटर्स को 59 रनों से पराजित किया। मुकाबले में टॉस जीतकर फाइटर्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन चेंजर्स के बल्लेबाजों ने तय 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाकर मजबूत लक्ष्य खड़ा किया।

चेंजर्स की ओर से शौर्य समीर ने जिम्मेदार और आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 43 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। उनके अलावा स्वजित टासकट ने 19 रन, तमजीद आलम ने 18 रन और रयान अनवर ने 12 रनों का योगदान दिया। टीम को एक्स्ट्रा के रूप में 18 रन मिले, जो स्कोर को मजबूती देने में अहम साबित हुए।

170 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फाइटर्स की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और पूरी टीम 17.1 ओवर में 110 रन पर सिमट गई। फाइटर्स की ओर से सचिन यादव ने सर्वाधिक 29 रन बनाए, जबकि अनुपम राज ने 15 रन और आदर्श कुमार व नीरज ने 11-11 रनों का योगदान दिया। टीम को एक्स्ट्रा के रूप में 21 रन मिले, लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए विजेता टीम के शौर्य समीर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

संक्षिप्त स्कोर
चैंजर्स 169/9 (20 ओवर), तमजीद आलम 18, रयान अनवर 12, शौर्य समीर 43, स्वजीत डासकट 19, अतिरिक्त 18, सचिन यादव 3/25, श्याम कुमार 2/27, कार्तिक चौधरी 2/48.

फाइटर्स 110/10 (17.1 ओवर), रोहित कुमार 10, आदर्श कुमार 11, सचिन यादव 29, अनुपम राज 15, नीरज 11, अतिरिक्त 21, विशाल 2/28, जीत यादव 2/18.

दिन का दूसरा मुकाबला दर्शकों के लिए सांसें रोक देने वाला साबित हुआ, जहां वारियर्स और सुपरकिंग्स के बीच खेला गया मैच आखिरी गेंद तक रोमांच से भरा रहा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वारियर्स की टीम ने आक्रामक अंदाज में रन बटोरते हुए 19.5 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 179 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

वारियर्स की पारी में कप्तान आयुष यादव ने शानदार नेतृत्व करते हुए 39 रनों की अहम पारी खेली। उनके अलावा प्रत्युष सुंदरम ने 24 रन बनाए, जबकि अमन कुमार और रोहन कुमार ने 21–21 रनों का योगदान दिया। शुभम घोष ने 15 रन जोड़े। टीम को एक्स्ट्रा के रूप में 45 रन मिले, जिसने कुल स्कोर को मजबूती दी।

180 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुपरकिंग्स की टीम ने भी जोरदार मुकाबला पेश किया। हर्ष राज ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 57 रन बनाए, वहीं कप्तान अनिकेत प्रकाश ने 43 रनों की सधी हुई पारी खेली। अंत के ओवरों में विपुल ने नाबाद 35 रन बनाकर मैच को आखिरी क्षणों तक पहुंचा दिया। सुपरकिंग्स को एक्स्ट्रा के रूप में 32 रन मिले, लेकिन टीम निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 178 रन ही बना सकी। इस तरह वारियर्स ने बेहद रोमांचक मुकाबले में सुपरकिंग्स को एक रन से शिकस्त दी। शानदार कप्तानी पारी के लिए वारियर्स के आयुष यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

संक्षिप्त स्कोर
वारियर्स 179/10 (19.5 ओवर), आयुष यादव 39, अमन कुमार 21, प्रत्युष सुंदरम 24, रोहन सिंह 21, शुभमम घोष 15, अतिरिक्त 45, पियूष रंजन 4/47.
सुपर किंग्स 178/6 (20 ओवर), हर्ष राज 57, अनिकेत प्रकाश 43, विपुल कुमार 35, अतिरिक्त 32, यशस्वी 2/26, आयुष यादव 2/32.

Read More

लक्ष्मण सिंह स्मृति अंडर-15 अंतर विद्यालय क्रिकेट टूर्नामेंट में लायंस और चैंपियंस ने जीते अपने मुकाबले

पटना। कप्तान हिमांशु और हरिओम की धारदार गेंदबाजी के आगे ब्लास्टर के बल्लेबाज नहीं टिक सके। श्रीकृष्ण खेल मैदान, खेमनीचक में मंगलवार को खेले गए चैंपियंस बनाम ब्लास्टर के बीच मैच में चैंपियंस ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 18 ओवर में दो विकेट खोकर 146 रन बनाए। चैंपियंस के लिए अस्तित्व चंद्रा ने 62 रन, आयुष्मान जैन ने 29 रन और अभिमान ने 16 रन बनाए।

जवाब में खेलने उतरे ब्लास्टर को ओपनर बल्लेबाज रवि कुमार व अमन ने बेहतरीन शुरुआत थी। रवि ने जहां 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. वहीं कप्तान अमन ने 23 गेंदों में 35 रन का योगदान दिया. इनके बाद के बल्लेबाज चैंपियंस के गेंदबाज हिमांशु व हरिओम के सामने नहीं टिक सके. पूरी टीम 16.3 ओवर में 130 रन पर सिमट गई। हिमांशु व हरिओम ने तीन-तीन विकेट चटकाए। विजेता टीम के हरिओम को प्लेयर आफ द मैच चुना गया।

संक्षिप्त स्कोर
चैंपियंस: 18 ओवर में 2 विकेट पर 146 रन, आयुष्मान जैन 29, अस्तित्व चंद्रा 62, अभिमान नाबाद 16, शरद सिंह नाबाद 11, अतिरिक्त 28, यश राज 1/21, अर्पित लाल 1/23.
ब्लास्टर: रवि कुमार 57, अमन कुमार 35, सौरव 11, जैकी 11, अतिरिक्त 6, हिमांशु 3/35, हरिओम 3/23, शरद सिंह 1/25, अस्तित्व चंद्रा 1/2, आयुष्मान जैन 1/0.

दूसरा मैच
दिन के दूसरे मुकाबले में रोमांचक संघर्ष देखने को मिला, जहां लायंस और जाबांज की टीमें आमने-सामने थीं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लायंस की टीम निर्धारित 20 ओवर भी पूरे नहीं खेल सकी और 19.5 ओवर में 121 रन पर सिमट गई। लायंस की ओर से साहिल ने सर्वाधिक 36 रन बनाए, जबकि प्रशांत ने 30 रन का योगदान दिया. इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी जाबांज की टीम भी दबाव में बिखरती नजर आई और 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 103 रन ही बना सकी। लायंस के गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी के सामने जाबांज के बल्लेबाज खुलकर नहीं खेल पाए। इस तरह लायंस ने 18 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। शानदार गेंदबाजी के लिए लायंस के शिबू भूषण को मैन ऑफ द मैच चुना गया। शिबू ने अपने चार ओवर के स्पेल में एक मेडन सहित सिर्फ 12 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट झटके और टीम की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई।

संक्षिप्त स्कोर
लायंस: 19.5 ओवर में 121 रन पर आलआउट, प्रशांत 30, साहिल 36, अतिरिक्त 24, रुद्र प्रकाश मिश्रा 3/18, पार्थ पुष्कर 2/16, सार्थक राज 2/17.
जाबांज: 20 ओवर में 9 विकेट पर 103 रन, सार्थक राज 41, पियूष रंजन 12, पियूष कुमार 14, अतिरिक्त 17, शिबू भूषण 3/12, मयंक 2/13.

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.