KRIDA NEWS

रणधीर वर्मा अंडर -17 राज्यस्तरीय क्रिकेट चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंची बसावन पार्क

पटना – 10 फरवरी 2023: रणधीर वर्मा फाउंडेशन बिहार के तत्वाधान में संजय गाँधी स्टेडियम गर्दनीबाग में आयोजित रणधीर वर्मा अंडर -17 क्रिकेट चैम्पियनशिप के तहत आज खेले गये कवाटर फाइनल मुकाबले में बसावन पार्क क्रिकेट एकेडमी ने लर्निंग स्कूल ऑफ क्रिकेट को  6 विकेट पराजित कर सेमी फाइनल में प्रवेश किया। आज के मैच का उद्घाटन भोजपुरी सिनेमा के बेताज बादशाह कुणाल सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। विजेता टीम के आयुष पटेल को (31/4 विकेट) “मैन ऑफ द मैच” का पुरस्कार दिया गया। 

उक्त अवसर पर मुख्य रूप से समाजसेवी अनुज कुमार, राजन श्रीवास्तव, राजू श्रीवास्तव, भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के सह-संयोजक मुकेश पासवान, प्रवक्ता राजीव रंजन, आनंद सिन्हा, क्षेत्रीय प्रभारी समृद्ध वर्मा, आनंद मिश्रा, सोनू श्रीवास्तव, सुमित झा, सोशल मिडिया प्रभारी विकास सिंह, अखिलेश लुलन, कंचन, रेनू कुमारी, संतोष तिवारी, आशुतोष कुमार, यतीन्द्र कुमार, डॉ. रवि शंकर, संजीव कुमार, सुखलाल मार्डी सहित सैकड़ों खेल प्रेमी मौजूद थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता फाउंडेशन के सचिव सतीश राजू ने किया। 

संक्षिप्त स्कोर

लर्निंग स्कूल ऑफ़ क्रिकेट बनाम बसावन पार्क एकेडमी

लर्निंग स्कूल ऑफ़ क्रिकेट – 21.5 ओवर में 139 /10

अंकित-32 (4×4), बिनीत-33 (4×6), सौरव -18 (4×1), प्रियांशु-17 (4×3), अतिरिक्त -25 रन वहीं आयुष पटेल 31/4, हिमांशु 35/2, प्रतिक सिन्हा 38/2, रन आउट 2 विकेट

बसावन पार्क एकेडमी – 12.4 ओवर में 142/4

यश प्रताप 45  (4×5, 6×3) अर्मत्य 47 (4×5, 6×4), आयुष सिंह 21 (4×3), अतिरिक्त 12 रन एवं अंकित 43/3, आदित्य 16/1 विकेट 

Read More

गुलशन की अर्धशतकीय पारी से कैड टाइटंस ने जीता कॉपरेट स्ट्राइकर लीग का खिताब, पटना प्रीडेटर्स को 6 विकेट से हराया

पटना: ऊर्जा स्टेडियम, पटना में खेले गए कॉपरेट स्ट्राइकर लीग (CSL 2026) के फाइनल मुकाबले में विकेटकीपर-बल्लेबाज़ गुलशन की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी की बदौलत कैड टाइटंस ने पटना प्रीडेटर्स को 6 विकेट से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में गुलशन का प्रदर्शन जीत का सबसे बड़ा आधार साबित हुआ।

मैच में कैड टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पटना प्रीडेटर्स की टीम 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 142 रन ही बना सकी। प्रीडेटर्स की ओर से राजनीश ने 40 रन और कुमार सौरभ ने 29 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि अंत में आदित्य ने नाबाद 17 रन जोड़कर स्कोर को सम्मानजनक बनाया।

कैड टाइटंस की ओर से गेंदबाजी में कुलदीप कुमार सहाय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3.4 ओवर में 34 रन देकर 3 विकेट झटके। इसके अलावा विवेकानंद ने 2 विकेट और हिमांशु शेखर ने 1 विकेट लेकर पटना प्रीडेटर्स की रन गति पर लगाम लगाई।

गुलशन की पारी ने दिलाया खिताब

143 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैड टाइटंस की शुरुआत सधी हुई रही, लेकिन असली मजबूती एक छोर से गुलशन ने दी। विकेट के पीछे भी मुस्तैदी दिखाने वाले गुलशन ने बल्लेबाजी में भी कमाल करते हुए 56 गेंदों पर 66 रन की शानदार पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 9 चौके जड़े और पूरे आत्मविश्वास के साथ रनचेज को संभाले रखा।

गुलशन को दूसरे छोर से पंकज रॉय का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने 38 गेंदों पर 46 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। अंत में कैड टाइटंस ने 19.4 ओवर में 4 विकेट खोकर 146 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। पटना प्रीडेटर्स की ओर से गेंदबाजी में कुलदीप कुमार सहाय ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन गुलशन और पंकज की साझेदारी के सामने टीम जीत से दूर रह गई।

फाइनल के हीरो बने गुलशन

फाइनल मुकाबले में गुलशन का संयम, तकनीक और मैच को अंत तक ले जाने की क्षमता दर्शकों के बीच चर्चा का विषय रही। विकेटकीपर-बल्लेबाज़ के रूप में उन्होंने हर विभाग में योगदान देकर यह साबित किया कि बड़े मुकाबलों के खिलाड़ी कैसे दबाव में भी टीम को जीत तक पहुँचाते हैं। मैच के बाद दर्शकों और क्रिकेट विशेषज्ञों ने गुलशन की पारी को CSL 2026 फाइनल का टर्निंग पॉइंट करार दिया।

Read More

लक्ष्मण सिंह स्मृति स्कूली क्रिकेट टूर्नामेंट की ट्रॉफी पर थंडरबोल्ट ने जमाया कब्जा

पटना। श्रीकृष्णा खेल मैदान, खेमनीचक में खेले गए लक्ष्मण सिंह स्मृति स्कूली क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में थंडरबोल्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दबंग को 8 विकेट से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। खिताबी मुकाबले में थंडरबोल्ट के गेंदबाजों और बल्लेबाजों का दबदबा साफ तौर पर देखने को मिला।

रविवार को खेले गए फाइनल में दबंग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन थंडरबोल्ट के घातक गेंदबाजी आक्रमण के सामने उसकी एक न चली। पूरी टीम 17.4 ओवर में मात्र 97 रन पर सिमट गई। दबंग की ओर से ओपनर आदर्श राज ने 27 रन और कप्तान शंकू राजेश कुमार ने 32 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली।

इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। टीम के कुल स्कोर में 22 रन अतिरिक्त के रूप में जुड़े। थंडरबोल्ट के लिए विश्वजीत आनंद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि हिमांशु शेखर ने 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी थंडरबोल्ट की टीम ने संयमित और आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार मिश्रण दिखाया। कप्तान साहिल के नाबाद 29 रन, श्रेयांश शेखर के 29 और आशीष के 17 रन की मदद से टीम ने 12 ओवर में ही दो विकेट खोकर 99 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में सेवानिवृत्त एडिशनल सेक्रेटरी सुरेश पासवान, यूनियन बैंक औरंगाबाद के मैनेजर अरविंद कुमार, समाजसेवी दीपमाला गुप्ता और नीतू कुमारी ने खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। अतिथियों का स्वागत नवीन कुमार ने बुके, शॉल और मोमेंटो देकर किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संतोष तिवारी (संस्थापक, सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन) ने किया।

व्यक्तिगत पुरस्कारों में प्लेयर ऑफ द फाइनल का खिताब विजेता टीम के गेंदबाज विश्वजीत आनंद को मिला। मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दबंग के शंकू शर्मा को दिया गया। बेस्ट बैट्समैन का सम्मान चेंजर के शौर्य समीर को, बेस्ट बॉलर का पुरस्कार लायंस के भूषण को, बेस्ट फील्डर का खिताब नाइटराइडर के करण को तथा बेस्ट विकेटकीपर का पुरस्कार दबंग के युगवीर यादव को प्रदान किया गया।

संक्षिप्त स्कोर

दबंग: 17.4 ओवर में 97 रन पर ऑलआउट, आदर्श राज 27, शंकू राजेश 32, अतिरिक्त 22, गेंदबाजी: विश्वजीत आनंद 4/26, हिमांशु शेखर 3/26, सुजल राज 1/14, नवीन 1/2

थंडरबोल्ट: 12 ओवर में 2 विकेट पर 99 रन, श्रेयांश शर्मा 29, साहिल नाबाद 29, आशीष 17, सरस 10, अतिरिक्त 14। गेंदबाजी: शुभम 1/40

Read More

Divyang Challenger Trophy 2026 का आगाज 11 फरवरी से, ऊर्जा स्टेडियम में दिखेगा जोश, जज्बा और जुनून का संगम; दर्शकों के लिए खास इनाम की घोषणा

पटना: बिहार दिव्यांग क्रिकेट डेवलपमेंट एसोसिएशन द्वारा आयोजित होने वाली दिव्यांग चैलेंजर ट्रॉफी (Divyang Challenger Trophy) 2026 को लेकर 8 फरवरी को पटना स्थित अंगीठी रेस्टोरेंट एवं बैंक्वेट में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। प्रेस को संबोधित करते हुए बिहार दिव्यांग क्रिकेट डेवलपमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अमितेश कुमार ने बताया कि दिव्यांग चैलेंजर ट्रॉफी 2026 का आयोजन 11 एवं 12 फरवरी 2026 को ऊर्जा स्टेडियम, पटना में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में बिहार, मध्य प्रदेश एवं जम्मू-कश्मीर की दिव्यांग क्रिकेट टीमें हिस्सा लेंगी।

दिव्यांग खिलाड़ियों को सशक्त मंच देने की पहल

डॉ. अमितेश कुमार ने कहा कि यह टूर्नामेंट केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि दिव्यांग खिलाड़ियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और संघर्षशीलता को सम्मान देने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में समावेशन, समान अवसर और सकारात्मक सोच को मजबूती प्रदान करते हैं तथा दिव्यांग खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

उद्घाटन, फाइनल और पुरस्कार वितरण का समय घोषित

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान टूर्नामेंट कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा भी की गई। जानकारी देते हुए डॉ. अमितेश कुमार ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्घाटन समारोह 11 फरवरी को सुबह 8:00 बजे ऊर्जा स्टेडियम में आयोजित होगा। वहीं फाइनल मुकाबला 12 फरवरी को शाम 6:00 बजे से खेला जाएगा।

फाइनल मैच के बाद रात्रि 9:30 बजे से पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें विजेता, उपविजेता सहित इस टूर्नामेंट में भाग लेने वाली तीनों टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा, ताकि दिव्यांग खिलाड़ियों का जोश, जज़्बा और जुनून निरंतर बना रहे।

दर्शकों के लिए आकर्षक घोषणा

प्रेस वार्ता के दौरान दर्शकों के लिए एक विशेष घोषणा भी की गई, जिसने खेल प्रेमियों में खासा उत्साह भर दिया। डॉ. अमितेश कुमार ने घोषणा करते हुए कहा कि दिव्यांग चैलेंजर ट्रॉफी 2026 के प्रत्येक मैच के दौरान यदि कोई दर्शक बाउंड्री लाइन के बाहर कैच पकड़ता है, तो उसे बिहार दिव्यांग क्रिकेट डेवलपमेंट एसोसिएशन की ओर से ₹200 नकद इनाम प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही आयोजकों ने दर्शकों से बड़ी संख्या में ऊर्जा स्टेडियम पहुँचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।

आयोजन सचिव की नियुक्ति

इस अवसर पर अध्यक्ष डॉ. अमितेश कुमार ने बताया कि दिव्यांग चैलेंजर ट्रॉफी 2026 के आयोजन सचिव के रूप में डॉ. प्रभात चंद्रा को नियुक्त किया गया है, जिनकी देखरेख में टूर्नामेंट का सफल संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।

बिहार की टीम घोषित

इसके साथ ही दिव्यांग चैलेंजर ट्रॉफी के लिए बिहार टीम की घोषणा भी की गई है। इंटरनेशनल खिलाड़ी धर्मेंद्र कुमार को टीम का कप्तान बनाया गया है। वहीं अभी हाल में भारतीय दिव्यांग टीम के लिए डेब्यू करने वाले जितेंद्र कुमार को उपकप्तान बनाया गया है।

बिहार टीम: धर्मेंद्र कुमार (कप्तान), जितेंद्र कुमार यादव (उपकप्तान), अजय कुमार, नीरज कुमार, अमित कुमार, दीपू कुमार, अंकित कुमार, कैलाश प्रसाद, धर्मेंद्र साह, चंदन कुमार, रामनिवास कुमार, अमित कुमार, अमन कुमार, शौकत अली, अनंत पांडे, रंजन कुमार।

मीडिया बंधुओं को किया गया सम्मानित

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान टूर्नामेंट के प्रचार-प्रसार में सहयोग के लिए मीडिया बंधुओं को भी सम्मानित किया गया, जिस पर आयोजकों ने प्रेस जगत के प्रति आभार व्यक्त किया।

ये रहे उपस्थित पदाधिकारी

इस अवसर पर बिहार दिव्यांग क्रिकेट डेवलपमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अमितेश कुमार, सचिव उज्ज्वल कुमार सिन्हा, संयुक्त सचिव अजय कुमार, कोषाध्यक्ष उदय कुमार, आयोजन सचिव डॉ. प्रभात चंद्रा सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।

आयोजकों ने शहरवासियों, खेल प्रेमियों और मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनें और दिव्यांग खिलाड़ियों के हौसले को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएँ।

टूर्नामेंट विवरण (एक नज़र में)

📍 स्थान: ऊर्जा स्टेडियम, पटना
📅 तारीख: 11 एवं 12 फरवरी 2026
🏏 आयोजन: दिव्यांग चैलेंजर ट्रॉफी 2026
⏰ उद्घाटन: 11 फरवरी, सुबह 8:00 बजे
🏆 फाइनल: 12 फरवरी, शाम 6:00 बजे
🎁 पुरस्कार वितरण: 12 फरवरी, रात 9:30 बजे से

Read More

मार्च में होगा अंडर-15 बिहार स्कूल चैंपियनशिप लीग, राज्य के युवा क्रिकेटरों को मिलेगा बड़ा मंच

पटना: बिहार के स्कूली क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। “बिहार स्कूल चैंपियनशिप लीग (अंडर-15)” का आयोजन मार्च माह में किया जाएगा। यह टूर्नामेंट राज्य के उभरते हुए युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगा।

इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट से पहले ओपन ट्रायल का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बिहार भर से बड़ी संख्या में स्कूली खिलाड़ी भाग लेंगे। ट्रायल के आधार पर चयनित खिलाड़ियों को टीमों में विभाजित कर प्रतियोगिता कराई जाएगी। टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें प्रत्येक टीम में 15 खिलाड़ी होंगे। ट्रायल कि तिथि जल्द घोषित की जाएगी।

टूर्नामेंट का प्रारूप पूरी तरह पेशेवर रहेगा। 16 टीमों को 4 ग्रुप में बांटा जाएगा। हर टीम लीग चरण में 3 मुकाबले खेलेगी। कुल 27 मैच खेले जाएंगे, जिनमें सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला शामिल होगा। हर मैच के बाद मैन ऑफ द मैच पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि फाइनल मुकाबले में बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर और मैन ऑफ द सीरीज जैसे विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

आयोजन समिति के सचिव ओपन माइंड बिरला स्कूल के निर्देशक अमित रंजन के अनुसार, इस टूर्नामेंट का उद्देश्य ग्रासरूट स्तर पर क्रिकेट प्रतिभाओं की पहचान करना, उन्हें सही मंच देना और भविष्य के लिए तैयार करना है। बिहार स्कूल चैंपियनशिप लीग खेलों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

आयोजन समिति ने सभी स्कूलों, खिलाड़ियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे इस टूर्नामेंट में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और इस आयोजन को सफल बनाएं।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.