KRIDA NEWS

वीनू मांकड ट्रॉफी के आखिरी लीग मुकाबला में बिहार को मिली जीत‌ वहीं महिला अंडर-19 एकदिवसीय ट्रॉफी के रोमांचक मुकाबला में बिहार को मिली हार

पटना। बीसीसीआई के तत्वाधान में खेले जा रहे घरेलू सत्र 2021-22 के अंडर-19 वीनू मांकड़ ट्रॉफी में आज बिहार मोहाली में अपना आखिरी लीग मुकाबला खेलते हुए छत्तीसगढ़ को 4 विकेट से पराजित किया।

जबकि विशाखापट्टनम में खेले जा रहे अंडर-19 महिला एकदिवसीय ट्रॉफी के आखरी लीग मुकाबला बेहद रोमांचक रहा जिसमें बड़ोदरा ने बिहार को 1 विकेट से पराजित कर सभी 4 अंक अपने खाते में जोड़ लिया।

बीसीए मिडिया कमेटी के संयोजक कृष्णा पटेल ने इसकी विस्तृत जानकारी देते हुए बताया है कि अंडर-19 वीनू मांकड़ ट्रॉफी में आज सुबह छत्तीसगढ़ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। इस निर्णय को गलत साबित करते हुए बिहार के गेंदबाजों ने घातक गेंदबाजी करते हुए 35.2 ओवरों में 135 रन पर पूरी टीम को ढेर कर दिया।

छत्तीसगढ़ की ओर से बल्लेबाज दिग्विजय पटेल ने 22 रन, मयंक यादव ने 20 रन, अरुण द्विवेदी ने 19 रन और दीपक सिंह ने 14 रनों का योगदान दिया। जबकि सर्वाधिक 28 अतिरिक्त रन छत्तीसगढ़ के खाते में जुड़े।

बिहार की ओर से गेंदबाजी का भार संभाल रहे आदित्य आनंद ने घातक गेंदबाजी करते हुए 26 रन देकर सर्वाधिक चार विकेट झटके जबकि शाकिब हुसैन व आदित्य को दो-दो सफलता हाथ लगी। वहीं राहुल कुमार और वेदांत चौबे को एक-एक विकेट से हासिल करते हुए छत्तीसगढ़ की पारी को अंत कर दिया।

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार के बल्लेबाज सरमन निग्रोध ने 25 रन व आदित्य आनंद ने 17 रन की छोटी पारी खेल कर चलते बने। लेकिन तरुण कुमार सिंह ने एक छोर को संभालते हुए नाबाद 50 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी और वेदांत चौबे नाबाद 5 रन की पारी खेलते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 44.3 ओवरों में विजयी लक्ष्य को हासिल करते हुए छत्तीसगढ़ पर 4 विकेट से जीत दर्ज कर सभी 4 अंक अपने खाते में जोड़ लिए।

छत्तीसगढ़ की ओर से गेंदबाज आयुष सिंह ठाकुर ने 27 रन देकर सर्वाधिक तीन विकेट झटके जबकि दीपक सिंह व वरुण सिंह को एक-एक सफलता से संतुष्ट होना पड़ा।

वहीं दूसरी ओर विशाखापट्टनम में खेले गए महिला अंडर-19 एकदिवसीय ट्रॉफी के बेहद रोमांचक मुकाबला में बड़ोदरा ने बिहार पर 1 विकेट से जीत दर्ज करने में सफल रही।

आज सुबह बड़ोदरा ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लेते हुए बिहार को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया।

जिसमें बिहार ने निर्धारित 50 ओवरों में 9 विकेट खोकर 121 रनों का स्कोर खड़ा किया और बड़ोदरा के सामने जीत के लिए 122 रनों का लक्ष्य रखा।

बिहार की ओर से वैदेही यादव ने 44 रन व आर्या ने 32 रनों का योगदान दिया जबकि 16 अतिरिक्त रन के रूप में बिहार के खाते में जुड़े।

बड़ोदरा की ओर से गेंदबाज नरूपा व मेस्वी पकर ने तीन-तीन विकेट जबकि सुरभि चौहान ने 2 विकेट हासिल करने में सफल रही।

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी बड़ोदरा की टीम 44.1 ओवरों में 9 विकेट खोकर 122 रन बनाते हुए इस विजयी लक्ष्य को हासिल कर लिया।

गोधरा की ओर से मेस्वी पकर ने 26 रन व निधि ने 28 रन की उपयोगी पारी खेली वहीं सर्वाधिक 30 अतिरिक्त रन बिहार के गेंदबाजों ने बड़ोदरा के खाते में जोड़ें। जबकि सुरभि चौहान ने 17 रन और नरूपा ने  8 रन की नाबाद पारी खेलते हुए इस रोमांचक मुकाबले में 1 विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

बिहार की ओर से निष्ठा ने बेहद प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए 28 रन देकर चार सफलता हासिल की और इस मैच को रोमांचक बनाने में अहम भूमिका निभाई जिसका साथ बिहार के कोई अन्य गेंदबाजों ने नहीं दिया।

कोमल कुमारी, वैदेही यादव, आर्या व निशा भारती को एक-एक सफलता से संतुष्ट होना पड़ा।

Read More

नालंदा जिला सीनियर क्रिकेट लीग का आगाज, गौरव की शतकीय पारी से परशुराय क्रिकेट क्लब विजयी

बिहार शरीफ: नालंदा जिला क्रिकेट संघ के तत्वाधान में आयोजित नालंदा जिला सीनियर क्रिकेट लीग (ए डिवीजन) का शुभारंभ 8 फरवरी 2026 को एनसीए मैदान, बड़ी दरगाह, बिहार शरीफ में किया गया। लीग का उद्घाटन मुकाबला क्रांतिकारी क्रिकेट क्लब, नूरसराय और परशुराय क्रिकेट क्लब, इस्लामपुर के बीच खेला गया, जिसमें परशुराय क्लब ने दमदार प्रदर्शन करते हुए आसान जीत दर्ज की।

उद्घाटन मैच में क्रांतिकारी क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए क्रांतिकारी क्लब की टीम 8 विकेट के नुकसान पर 168 रन बना सकी। टीम की ओर से लकी कुमार ने 53 रन की सर्वाधिक पारी खेली, जबकि विराज यादव ने 19 रन तथा रामवर्धन, उत्कर्ष और गुफरान ने 17–17 रन का योगदान दिया। परशुराय क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी में नीतीश कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 ओवर में 40 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं गौरव कुमार ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 6 ओवर में 21 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए।

गौरव के शतक से परशुराय क्लब की आसान जीत

169 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी परशुराय क्रिकेट क्लब की टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 16 ओवर 2 गेंद में 2 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की जीत में गौरव कुमार की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी अहम रही, जिन्होंने शानदार 107 रन की शतकीय पारी खेली। उनके अलावा सूरज कुमार ने 39 रन बनाकर जीत को और आसान बना दिया। क्रांतिकारी क्लब की ओर से गेंदबाजी में लकी कुमार ने 6 ओवर में 53 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। उद्घाटन मुकाबले में शानदार हरफनमौला प्रदर्शन के लिए परशुराय क्रिकेट क्लब के गौरव कुमार को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया।

मैच में कई गणमान्य रहे मौजूद

इस अवसर पर पूर्व सीनियर क्रिकेटर सह नालंदा जिला क्रिकेट संघ के पूर्व पदाधिकारी संजय कुमार उर्फ पिंटू दा, नालंदा जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, सचिव गोपाल कुमार सिंह, पूर्व सचिव सैयद मोहम्मद जावेद इकबाल, कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, संयुक्त सचिव संजीव कुमार, डॉ. संजय, संतोष पांडेय, हैदर अली, सिद्धार्थ कुमार बाबा, अंकित राज, विकास, मयूरेश्वर, विश्वजीत कुमार, अभिषेक कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मैच में अंपायरिंग की भूमिका सीनियर अंपायर परवेज़ मुस्तफा पप्पू और मनीष कुमार ने निभाई।

Read More

गुलशन की अर्धशतकीय पारी से कैड टाइटंस ने जीता कॉपरेट स्ट्राइकर लीग का खिताब, पटना प्रीडेटर्स को 6 विकेट से हराया

पटना: ऊर्जा स्टेडियम, पटना में खेले गए कॉपरेट स्ट्राइकर लीग (CSL 2026) के फाइनल मुकाबले में विकेटकीपर-बल्लेबाज़ गुलशन की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी की बदौलत कैड टाइटंस ने पटना प्रीडेटर्स को 6 विकेट से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में गुलशन का प्रदर्शन जीत का सबसे बड़ा आधार साबित हुआ।

मैच में कैड टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पटना प्रीडेटर्स की टीम 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 142 रन ही बना सकी। प्रीडेटर्स की ओर से राजनीश ने 40 रन और कुमार सौरभ ने 29 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि अंत में आदित्य ने नाबाद 17 रन जोड़कर स्कोर को सम्मानजनक बनाया।

कैड टाइटंस की ओर से गेंदबाजी में कुलदीप कुमार सहाय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3.4 ओवर में 34 रन देकर 3 विकेट झटके। इसके अलावा विवेकानंद ने 2 विकेट और हिमांशु शेखर ने 1 विकेट लेकर पटना प्रीडेटर्स की रन गति पर लगाम लगाई।

गुलशन की पारी ने दिलाया खिताब

143 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैड टाइटंस की शुरुआत सधी हुई रही, लेकिन असली मजबूती एक छोर से गुलशन ने दी। विकेट के पीछे भी मुस्तैदी दिखाने वाले गुलशन ने बल्लेबाजी में भी कमाल करते हुए 56 गेंदों पर 66 रन की शानदार पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 9 चौके जड़े और पूरे आत्मविश्वास के साथ रनचेज को संभाले रखा।

गुलशन को दूसरे छोर से पंकज रॉय का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने 38 गेंदों पर 46 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। अंत में कैड टाइटंस ने 19.4 ओवर में 4 विकेट खोकर 146 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। पटना प्रीडेटर्स की ओर से गेंदबाजी में कुलदीप कुमार सहाय ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन गुलशन और पंकज की साझेदारी के सामने टीम जीत से दूर रह गई।

फाइनल के हीरो बने गुलशन

फाइनल मुकाबले में गुलशन का संयम, तकनीक और मैच को अंत तक ले जाने की क्षमता दर्शकों के बीच चर्चा का विषय रही। विकेटकीपर-बल्लेबाज़ के रूप में उन्होंने हर विभाग में योगदान देकर यह साबित किया कि बड़े मुकाबलों के खिलाड़ी कैसे दबाव में भी टीम को जीत तक पहुँचाते हैं। मैच के बाद दर्शकों और क्रिकेट विशेषज्ञों ने गुलशन की पारी को CSL 2026 फाइनल का टर्निंग पॉइंट करार दिया।

Read More

लक्ष्मण सिंह स्मृति स्कूली क्रिकेट टूर्नामेंट की ट्रॉफी पर थंडरबोल्ट ने जमाया कब्जा

पटना। श्रीकृष्णा खेल मैदान, खेमनीचक में खेले गए लक्ष्मण सिंह स्मृति स्कूली क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में थंडरबोल्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दबंग को 8 विकेट से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। खिताबी मुकाबले में थंडरबोल्ट के गेंदबाजों और बल्लेबाजों का दबदबा साफ तौर पर देखने को मिला।

रविवार को खेले गए फाइनल में दबंग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन थंडरबोल्ट के घातक गेंदबाजी आक्रमण के सामने उसकी एक न चली। पूरी टीम 17.4 ओवर में मात्र 97 रन पर सिमट गई। दबंग की ओर से ओपनर आदर्श राज ने 27 रन और कप्तान शंकू राजेश कुमार ने 32 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली।

इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। टीम के कुल स्कोर में 22 रन अतिरिक्त के रूप में जुड़े। थंडरबोल्ट के लिए विश्वजीत आनंद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि हिमांशु शेखर ने 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी थंडरबोल्ट की टीम ने संयमित और आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार मिश्रण दिखाया। कप्तान साहिल के नाबाद 29 रन, श्रेयांश शेखर के 29 और आशीष के 17 रन की मदद से टीम ने 12 ओवर में ही दो विकेट खोकर 99 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में सेवानिवृत्त एडिशनल सेक्रेटरी सुरेश पासवान, यूनियन बैंक औरंगाबाद के मैनेजर अरविंद कुमार, समाजसेवी दीपमाला गुप्ता और नीतू कुमारी ने खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। अतिथियों का स्वागत नवीन कुमार ने बुके, शॉल और मोमेंटो देकर किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संतोष तिवारी (संस्थापक, सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन) ने किया।

व्यक्तिगत पुरस्कारों में प्लेयर ऑफ द फाइनल का खिताब विजेता टीम के गेंदबाज विश्वजीत आनंद को मिला। मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दबंग के शंकू शर्मा को दिया गया। बेस्ट बैट्समैन का सम्मान चेंजर के शौर्य समीर को, बेस्ट बॉलर का पुरस्कार लायंस के भूषण को, बेस्ट फील्डर का खिताब नाइटराइडर के करण को तथा बेस्ट विकेटकीपर का पुरस्कार दबंग के युगवीर यादव को प्रदान किया गया।

संक्षिप्त स्कोर

दबंग: 17.4 ओवर में 97 रन पर ऑलआउट, आदर्श राज 27, शंकू राजेश 32, अतिरिक्त 22, गेंदबाजी: विश्वजीत आनंद 4/26, हिमांशु शेखर 3/26, सुजल राज 1/14, नवीन 1/2

थंडरबोल्ट: 12 ओवर में 2 विकेट पर 99 रन, श्रेयांश शर्मा 29, साहिल नाबाद 29, आशीष 17, सरस 10, अतिरिक्त 14। गेंदबाजी: शुभम 1/40

Read More

Divyang Challenger Trophy 2026 का आगाज 11 फरवरी से, ऊर्जा स्टेडियम में दिखेगा जोश, जज्बा और जुनून का संगम; दर्शकों के लिए खास इनाम की घोषणा

पटना: बिहार दिव्यांग क्रिकेट डेवलपमेंट एसोसिएशन द्वारा आयोजित होने वाली दिव्यांग चैलेंजर ट्रॉफी (Divyang Challenger Trophy) 2026 को लेकर 8 फरवरी को पटना स्थित अंगीठी रेस्टोरेंट एवं बैंक्वेट में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। प्रेस को संबोधित करते हुए बिहार दिव्यांग क्रिकेट डेवलपमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अमितेश कुमार ने बताया कि दिव्यांग चैलेंजर ट्रॉफी 2026 का आयोजन 11 एवं 12 फरवरी 2026 को ऊर्जा स्टेडियम, पटना में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में बिहार, मध्य प्रदेश एवं जम्मू-कश्मीर की दिव्यांग क्रिकेट टीमें हिस्सा लेंगी।

दिव्यांग खिलाड़ियों को सशक्त मंच देने की पहल

डॉ. अमितेश कुमार ने कहा कि यह टूर्नामेंट केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि दिव्यांग खिलाड़ियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और संघर्षशीलता को सम्मान देने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में समावेशन, समान अवसर और सकारात्मक सोच को मजबूती प्रदान करते हैं तथा दिव्यांग खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

उद्घाटन, फाइनल और पुरस्कार वितरण का समय घोषित

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान टूर्नामेंट कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा भी की गई। जानकारी देते हुए डॉ. अमितेश कुमार ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्घाटन समारोह 11 फरवरी को सुबह 8:00 बजे ऊर्जा स्टेडियम में आयोजित होगा। वहीं फाइनल मुकाबला 12 फरवरी को शाम 6:00 बजे से खेला जाएगा।

फाइनल मैच के बाद रात्रि 9:30 बजे से पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें विजेता, उपविजेता सहित इस टूर्नामेंट में भाग लेने वाली तीनों टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा, ताकि दिव्यांग खिलाड़ियों का जोश, जज़्बा और जुनून निरंतर बना रहे।

दर्शकों के लिए आकर्षक घोषणा

प्रेस वार्ता के दौरान दर्शकों के लिए एक विशेष घोषणा भी की गई, जिसने खेल प्रेमियों में खासा उत्साह भर दिया। डॉ. अमितेश कुमार ने घोषणा करते हुए कहा कि दिव्यांग चैलेंजर ट्रॉफी 2026 के प्रत्येक मैच के दौरान यदि कोई दर्शक बाउंड्री लाइन के बाहर कैच पकड़ता है, तो उसे बिहार दिव्यांग क्रिकेट डेवलपमेंट एसोसिएशन की ओर से ₹200 नकद इनाम प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही आयोजकों ने दर्शकों से बड़ी संख्या में ऊर्जा स्टेडियम पहुँचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।

आयोजन सचिव की नियुक्ति

इस अवसर पर अध्यक्ष डॉ. अमितेश कुमार ने बताया कि दिव्यांग चैलेंजर ट्रॉफी 2026 के आयोजन सचिव के रूप में डॉ. प्रभात चंद्रा को नियुक्त किया गया है, जिनकी देखरेख में टूर्नामेंट का सफल संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।

बिहार की टीम घोषित

इसके साथ ही दिव्यांग चैलेंजर ट्रॉफी के लिए बिहार टीम की घोषणा भी की गई है। इंटरनेशनल खिलाड़ी धर्मेंद्र कुमार को टीम का कप्तान बनाया गया है। वहीं अभी हाल में भारतीय दिव्यांग टीम के लिए डेब्यू करने वाले जितेंद्र कुमार को उपकप्तान बनाया गया है।

बिहार टीम: धर्मेंद्र कुमार (कप्तान), जितेंद्र कुमार यादव (उपकप्तान), अजय कुमार, नीरज कुमार, अमित कुमार, दीपू कुमार, अंकित कुमार, कैलाश प्रसाद, धर्मेंद्र साह, चंदन कुमार, रामनिवास कुमार, अमित कुमार, अमन कुमार, शौकत अली, अनंत पांडे, रंजन कुमार।

मीडिया बंधुओं को किया गया सम्मानित

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान टूर्नामेंट के प्रचार-प्रसार में सहयोग के लिए मीडिया बंधुओं को भी सम्मानित किया गया, जिस पर आयोजकों ने प्रेस जगत के प्रति आभार व्यक्त किया।

ये रहे उपस्थित पदाधिकारी

इस अवसर पर बिहार दिव्यांग क्रिकेट डेवलपमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अमितेश कुमार, सचिव उज्ज्वल कुमार सिन्हा, संयुक्त सचिव अजय कुमार, कोषाध्यक्ष उदय कुमार, आयोजन सचिव डॉ. प्रभात चंद्रा सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।

आयोजकों ने शहरवासियों, खेल प्रेमियों और मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनें और दिव्यांग खिलाड़ियों के हौसले को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएँ।

टूर्नामेंट विवरण (एक नज़र में)

📍 स्थान: ऊर्जा स्टेडियम, पटना
📅 तारीख: 11 एवं 12 फरवरी 2026
🏏 आयोजन: दिव्यांग चैलेंजर ट्रॉफी 2026
⏰ उद्घाटन: 11 फरवरी, सुबह 8:00 बजे
🏆 फाइनल: 12 फरवरी, शाम 6:00 बजे
🎁 पुरस्कार वितरण: 12 फरवरी, रात 9:30 बजे से

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.