KRIDA NEWS

भारतीय विमानों पर रोक के बाद बीसीसीआई ने विदेशी खिलाड़यों को सुरक्षित घर वापसी का भरोसा दिया

भारत में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों से गंभीर स्थिति को देखते हुए ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार भारत से सभी सीधी उड़ानों को 15 मई तक तुरंत प्रभाव से स्थगित कर दिया और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भाग ले रहे खिलाड़ियों को स्वदेश लौटने का इंतजाम खुद करने का निर्देश दिया जिसके बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने टूर्नामेंट समाप्त होने के बाद खिलाड़ियों के सुरक्षित स्वदेश वापसी का भरोसा दिया।

बीसीसीआई का यह बयान तीन आस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के स्वदेश लौट जाने के बाद आया है। राजस्थान रॉयल्स के एंड्रयू टाइ तथा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के केन रिचर्डसन और एडम जंपा ने आईपीएल से हटने का फैसला किया।

आस्ट्रेलिया ने कोविड-19 मामलों के बढ़ने के कारण मंगलवार को भारत से सभी सीधी उड़ानों को 15 मई तक तुरंत प्रभाव से स्थगित कर दिया। 

बीसीसीआई सीओओ हेमांग अमीन ने खिलाड़ियों को संबोधित पत्र में कहा, ‘‘हम जानते हैं कि आप में से कई इस बात को लेकर आशंकित हैं कि टूर्नामेंट समाप्त होने के बाद स्वदेश कैसे लौटेंगे। हम आपको विश्वास दिलाते हैं कि आपको चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘बीसीसीआई यह सुनिश्चित करने के लिये अपनी तरफ से सब कुछ करेगा कि आप अपने गंतव्य तक बिना किसी रुकावट के पहुंचे। बीसीसीआई स्थिति पर करीबी निगरानी रख रहा है तथा टूर्नामेंट समाप्त होने के बाद आपको स्वदेश पहुंचाने के लिये सरकारी अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है।’’ 

पत्र में आगे कहा गया है, ‘‘हम आपको आश्वस्त करते हैं कि बीसीसीआई के लिये तब तक टूर्नामेंट समाप्त नहीं होगा जब तक आप सकुशल अपने घर नहीं पहुंच जाते।’’ 

भारत में पिछले कुछ दिनों से तीन लाख से अधिक मामले आ रहे हैं तथा आक्सीजन और अन्य महत्वपूर्ण दवाईयों की कमी के कारण स्वास्थ्य ढांचा चरमरा रहा है। 

अमीन ने खिलाड़ियों के टूर्नामेंट में बने रहने के लिये सराहना की। उन्होंने कहा, ‘‘जैसा कि आपमें से कुछ खिलाड़ियों ने कहा कि यदि हम थोड़े समय के लिये भी लोगों का ध्यान तमाम परेशानियों से हटाने में सफल रहते हैं तो हम अहम भूमिका निभाते हैं। जब आप मैदान पर उतरते हो तो उन लाखों लोगों में उम्मीद जगाते हो जो उसे देख रहे हैं। ’’ 

अमीन ने कहा, ‘‘यदि आप एक मिनट के लिये भी किसी के चेहरे पर मुस्कान ला सकते हो तो आपने अच्छा काम किया है। आप पेशेवर हो और जीत के लिये खेलते हो लेकिन इस बार आप इससे भी अधिक महत्वपूर्ण काम कर रहे हो।’’ 

मुंबई इंडियन्स के बल्लेबाज क्रिस लिन ने क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) से आईपीएल समाप्त होने के बाद खिलाड़ियों के स्वदेश लौटने के लिये विशेष विमान की व्यवस्था करने का आग्रह किया है 

लिन ने न्यूज क्रॉप मीडिया से कहा, ‘‘ हर आईपीएल अनुबंध का से क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को 10 प्रतिशत हिस्सा मिलता है। क्या इस साल हम टूर्नामेंट खत्म होने के बाद उस पैसे का इस्तेमाल चार्टर विमान पर खर्च कर सकते है? 

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने खिलाड़ियों के स्वदेश वापसी में सरकार की ओर से मदद की संभावना को नकारते हुए मंगलवार को कहा कि आईपीएल में भाग ले रहे उनके देश के क्रिकेटरों को स्वदेश लौटने के लिए अपना इंतजाम खुद करना होगा।

मौरिशन ने ‘द गार्जियन’ अखबार से कहा, ‘‘ वे वहां निजी यात्रा पर गये हैं। यह किसी ऑस्ट्रेलियाई दौरे का हिस्सा नहीं है। वे अपने स्वयं के संसाधनों से वहां पहुंचे है, वे उन संसाधनों का भी उपयोग कर रहे हैं। मुझे यकीन है, वे अपनी व्यवस्था के अनुसार ऑस्ट्रेलिया लौटेंगे।’’ 

आईपीएल बायो बबल से बाहर की इस संकट पर चर्चा शुरू हो गयी है कि क्या लीग को जारी रखना चाहिये और आयोजकों तथा इस में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को सहानुभूति व्यक्त करने के लिए कुछ करना चाहिये। 

कोलकाता नाइट राइडर्स के आस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने सोमवार को भारत में कोविड-19 मामलों से भरे अस्पतालों में आक्सीजन की आपूर्ति के लिये ‘पीएम केयर्स फंड’ में 50,000 डॉलर दान देने की घोषणा की। उन्होंने उम्मीद जतायी कि उनका यह कदम दूसरों को भी प्रेरित करेगा। 

कमिंस ने साथ ही कहा कि उन्हें सलाह दी गयी है कि इंडियन प्रीमियर लीग के जारी रहने से इस मुश्किल समय में लोगों को ‘कुछ घंटे का आनंद’ मिल रहा है। उन्होंने कहा था, ‘‘ जब आप मैदान पर उतरते है तो आप लाखों लोगों की उम्मीद जगाते है।’’ 

आस्ट्रेलिया के 14 खिलाड़ी अभी लीग में हैं । उनके अलावा कोच रिकी पोंटिंग और साइमन कैटिच, कमेंटेटर मैथ्यू हेडन, ब्रेट ली, माइकल स्लेटर और लीजा स्टालेकर भी यहां हैं ।

आठ टीमों की इस प्रतियोगिता को दर्शकों के बिना छह स्थलों पर खेला जा रहा है। बायो-बबल (जैव-सुरक्षा) को मजबूत बनाने के लिए अब टीमों के होटल से बाहर से खाना मंगवाने पर रोक लगा दी गयी है। 

इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के भी कई खिलाड़ी आईपीएल में खेल रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्होंने कोई चिंता नहीं जतायी है। उनके बोर्ड ने हालांकि कहा है कि वे स्थिति का लगातार अकलन कर रहे है। आईपीएल फाइनल 30 मई को अहमदाबाद में खेला जाएगा।

Read More

रोमांचक मुकाबले में इंजीनियरिंग विभाग की जीत, मैकेनिकल विभाग को 1 विकेट से हराया

सोनपुर। अंतर विभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट में गुरुवार को खेले गए बेहद रोमांचक मुकाबले में इंजीनियरिंग विभाग ने मैकेनिकल विभाग को अंतिम गेंद तक चले मैच में 1 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की।

मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मैकेनिकल विभाग की शुरुआत खराब रही और टीम के चार प्रमुख बल्लेबाज महज 28 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद राजू यादव ने शिव शंकर मंडल और पंकज सिंह के साथ साझेदारी करते हुए टीम को संभाला और निर्धारित ओवर से चार गेंद पहले टीम को 116 रन तक पहुंचाया। इंजीनियरिंग विभाग की ओर से गेंदबाजी में राजा भारती ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में दो मेडन फेंकते हुए 4 विकेट झटके। इसके अलावा अमित ने 2 विकेट, जबकि रंजीत और राजीव ने 1-1 विकेट हासिल किए।

117 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने पावर प्ले में बिना विकेट खोए 33 रन बनाकर मजबूत शुरुआत की। हालांकि इसके बाद टीम को कुछ झटके लगे और मिथिलेश (10 रन) तथा रंजीत (15 रन) आउट होकर पवेलियन लौट गए। मध्यक्रम में जावेद ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 31 रन बनाए और टीम को जीत की राह पर ला दिया। वहीं सौरभ ने 16 रन का योगदान दिया। मुकाबला अंतिम ओवर तक रोमांचक बना रहा, जहां आखिरी गेंद पर इंजीनियरिंग विभाग ने जीत के लिए जरूरी रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

मैच में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट लेने और बल्लेबाजी में उपयोगी योगदान देने वाले राजा भारती को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस तरह इंजीनियरिंग विभाग ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में शानदार जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

Read More

पटना सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग: शशीम राठौर की तूफानी पारी से पेसू की शानदार जीत

पटना: पटना जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में खेले जा रही अधिकारी मदन मोहन प्रसाद मेमोरियल पटना सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग के अंतर्गत गुरुवार को खेले गए मुकाबले में पेसू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पंचशील सीसी को 6 विकेट से पराजित कर जीत दर्ज की। विजेता टीम के शशीम राठौर (56 रन, 1 विकेट) को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। केएनसीसी को सचिवालय स्पोट्र्स के खिलाफ वाकओवर मिला।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंचशील सीसी की टीम ने निर्धारित 40 ओवर में सात विकेट पर 184 रन बनाए। खराब शुरुआत हुई पर अनिरुद्ध राज (61 रन), बिट्टू कुमार (46 रन) और अभिषेक कुमार (32 रन) की अच्छी बैटिंग के दम पर पंचशील सीसी सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा। अंत में आयुष राज ने नाबाद 17 रन की पारी खेली। पेसू की ओर से अभिजीत साकेत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 38 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं हर्ष राज ने 34 रन देकर 2 विकेट चटकाये। शशीम राठौर और राहुल राठौर को 1-1 सफलता मिली।

185 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पेसू की टीम ने आक्रामक शुरुआत की। शशीम राठौर ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 27 गेंदों में 56 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। कप्तान राजेश कुमार सिन्हा ने 47 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि बाबुल कुमार ने 33 रन का योगदान दिया। इनके अलावा पंकज कुमार ने नाबाद 13 और प्रियांशु ने नाबाद 16 रन की पारी खेली और टीम का स्कोर 26.4 ओवर में 188/4 रन तक पहुंचाकर जीत दिला दी।

संक्षिप्त स्कोर:

पंचशील सीसी : 184/7 (40 ओवर), अनिरुद्ध राज 61, बिट्टू कुमार 46, अभिषेक कुमार 32, आयुष राज नाबाद 17,अतिरिक्त 10, अभिजीत साकेत 3/38, हर्ष राज 2/34, शशीम राठौर 1/37, राहुल राठौर 1/30

पेसू : 188/4 (26.4 ओवर), शशीम राठौर 56, राजेश कुमार सिन्हा 47, बाबुल कुमार 33, प्रियांशु नाबाद 16, पंकज कुमार नाबाद 13, प्रियांशु कुमार प्रतीक 2/24, अनिरुद्ध राज 1/30, बिट्टू कुमार 1/11

Read More

बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी अंडर-13: ईशान किशन एकेडमी की रिकॉर्ड जीत, डी.एस.ए. क्रिकेट एकेडमी को 260 रन से हराया

पटना: बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी मैदान पर खेले गए बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी अंडर-13 के लीग मुकाबले में ईशान किशन क्रिकेट एकेडमी ने विस्फोटक बल्लेबाजी और धारदार गेंदबाजी के दम पर डी.एस.ए. क्रिकेट एकेडमी को 260 रनों के विशाल अंतर से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ईशान किशन एकेडमी ने 32.5 ओवर में 386 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से आयुष रंजन ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 40 गेंदों में 116 रन ठोक दिए, जिसमें 15 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। वहीं अंश राज ने 111 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि सार्थक ने 58 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।डी.एस.ए. क्रिकेट एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में सचिन कुमार ने 3 विकेट, जबकि आशीष रंजन और शौर्य कुमार ने 2-2 विकेट हासिल किए, लेकिन टीम विपक्षी बल्लेबाजों पर अंकुश नहीं लगा सकी।

387 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डी.एस.ए. क्रिकेट एकेडमी की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। पूरी टीम 22.3 ओवर में 126 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से नेहाल ने 45 रनों की पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। ईशान किशन एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में रिआन सैनी और साहिल ने 3-3 विकेट झटके। वहीं अनिश और अर्जुन राणा ने 1-1 विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की। आयुष रंजन को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार किया गया।

Read More

पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में वाईएमसीसी और बीएसईबी जीते

पटना: पटना जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रही अधिकारी मदन मोहन प्रसाद मेमोरियल पटना डिस्ट्रिक्ट सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में बुधवार को खेले गए मुकाबलों में वाईएमसीसी और बीएसईबी की टीमों ने शानदार जीत दर्ज की। एक मैच में वाईएमसीसी ने सत्यम कुमार के तूफानी शतक और सूरज कश्यप (84 रन, 3 विकेट) के हरफनमौला खेल की बदौलत शर्मा स्पोर्टिंग को 166 रन के बड़े अंतर से पराजित किया, जबकि दूसरे मुकाबले में बीएसईबी ने बेहद रोमांचक संघर्ष में क्रिसेंट सीसी को 1 विकेट से हराकर जीत अपने नाम की।

YMCC की जीत

स्थानीय जेनेक्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वाईएमसीसी की टीम ने निर्धारित 35 ओवर में 7 विकेट पर 324 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से सत्यम कुमार ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 53 गेंदों में 129 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 11 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा सूरज कुमार कश्यप ने 57 गेंदों में 84 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कप्तान विराट पांडेय ने 43 रन का योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत वाईएमसीसी ने बड़ा स्कोर खड़ा किया।

324 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी शर्मा स्पोर्टिंग की टीम वाईएमसीसी के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 28 ओवर में 158 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से राहुल कुमार ने 33 रन और आदित्य कुमार राय ने 24 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। वाईएमसीसी की ओर से गेंदबाजी में गौरव राज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 ओवर में 30 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं सूरज कश्यप ने 3 विकेट विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की। विजेता टीम के सूरज कश्यप (84 रन, 3 विकेट) को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

BSEB ने हासिल की जीत

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए क्रिसेंट सीसी की टीम ने 40 ओवर में 150 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से आशीष राज ने 37 गेंदों में 40 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि नदीम स्ट्राइकर ने 21 रन और रितविक राज ने 14 रन का योगदान दिया। बीएसईबी की ओर से तुषार कांत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 ओवर में 13 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं परमेश्वर यादव ने 2 विकेट लिए और शंभू कुमार तथा प्रदीप को 1-1 सफलता मिली।

151 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीएसईबी की टीम को क्रिसेंट सीसी के गेंदबाजों ने कड़ी चुनौती दी। एक समय टीम ने लगातार विकेट गंवा दिए, लेकिन पंकज कुमार मिश्रा ने 36 गेंदों में 44 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया।

इसके अलावा दीपक कुमार ने 25 रन और कप्तान मुकेश कुमार शर्मा ने 21 रन का योगदान दिया। बीएसईबी की टीम ने 30 ओवर में 9 विकेट खोकर 151 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। क्रिसेंट सीसी की ओर से गेंदबाजी में गुलरेज अख्तर और रितविक राज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट हासिल किए, लेकिन इसके बावजूद टीम जीत दर्ज नहीं कर सकी। विजेता टीम के तुषारकांत को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.