KRIDA NEWS

आत्मविश्वास से ओतप्रोत केकेआर का सामना मुंबई इंडियंस से

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने वाली दो बार की चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स आईपीएल के मैच में मंगलवार को चिर प्रतिद्वंद्वी मुंबई इंडियंस के खिलाफ इस लय को कायम रखने के इरादे से उतरेगी। पिछले दो सत्र में प्लेआफ में जगह नहीं बना सकी केकेआर ने रविवार को पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को दस रन से हराया।

शीर्षक्रम की आक्रामक बल्लेबाजी के बाद दिनेश कार्तिक के नौ गेंद में 22 रन की मदद से केकेआर ने बेखौफ तेवर अपनाये । कप्तान इयोन मोर्गन ने टॉस के समय ही संकेत दे दिये थे जब उन्होंने अपने सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी सुनील नारायण को बाहर रखा । 

नीतिश राणा और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने पहली ही गेंद से हमला बोलकर अपने तेवर जाहिर कर दिये । मध्यक्रम में आंद्रे रसेल, कार्तिक और मोर्गन जैसे बल्लेबाजों के रहते 2020 में भी केकेआर से उम्दा प्रदर्शन की उम्मीद थी लेकिन रणनीति के अभाव में ऐसा हो नहीं सका। इस बार बांग्लादेश के शाकिब अल हसन को शामिल करके केकेआर ने मध्यक्रम को मजबूत किया है । 

राणा के कलाई के उपयोग और आक्रामकता का पूरा नजारा रविवार को देखने को मिला जब राशिद खान के दिये दोहरे झटकों के बावजूद केकेआर ने दबाव बनाये रखा। राणा के 56 गेंद में 80 रन के बाद कार्तिक ने नौ गेंद में 22 रन बनाकर टीम को छह विकेट पर 187 रन तक पहुंचाया । 

केकेआर के इरादे पांच बार की चैम्पियन मुंबई से पुराना हिसाब चुकता करने के होंगे । मुंबई के खिलाफ पिछले 12 में से केकेआर ने सिर्फ एक मैच जीता है । आईपीएल में मुंबई के खिलाफ उसका रिकार्ड 6 . 21 का रहा है ।

अब मुकाबला मोर्गन और रोहित शर्मा की कप्तानी का भी है । पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर से दो विकेट से हारी मुंबई की नजरें जीत की राह पर लौटने पर लगी होंगी । जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट जैसे गेंदबाजों के सामने खुलकर खेलना केकेआर के बल्लेबाजों के लिये आसान नहीं होगा । गिल का खराब फॉर्म केकेआर की चिंता का सबब है और अब उनका सामना सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों से होगा । 

हमेशा धीमी शुरूआत करने वाली मुंबई को पहले मैच में आरसीबी के हर्षल पटेल और एबी डिविलियर्स के शानदार प्रदर्शन के कारण पराजय झेलनी पड़ी । मुंबई के लिये अपने पहले मैच में क्रिस लिन ने सर्वाधिक रन बनाये लेकिन उनकी पारी बेदाग नहीं रही । 

क्विंटोन डिकॉक अगर पृथकवास में ही रहते हैं तो लिन को ही पारी का आगाज करना होगा । सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन और पंड्या बंधुओं से भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी । 

टीमें : 

केकेआर: इयोन मोर्गन (कप्तान), दिनेश कार्तिक, शुभमन गिल, नितीश राणा, टिम सेफर्ट, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, सुनील नारायण, कुलदीप यादव, शिवम मावी, लॉकी फर्ग्यूसन, पैट कमिंस, कमलेश नागरकोटी, संदीप वारियर, प्रसिद्ध कृष्णा, राहुल त्रिपाठी, वरुण चक्रवर्ती, शाकिब अल हसन, शेल्डन जैक्सन, वैभव अरोड़ा, हरभजन सिंह, करुण नायर, बेन कटिंग, वेंकटेश अय्यर और पवन नेगी।

मुंबई इंडियंस : 

रोहित शर्मा (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, अनमोलप्रीत सिंह, क्रिस लिन, सौरभ तिवारी, धवल कुलकर्णी, जसप्रीत बुमराह, राहुल चाहर, ट्रेंट बोल्ट, मोहसिन खान, हार्दिक पंड्या, जयंत यादव, कीरोन पोलार्ड, कृणाल पंड्या, अनुकूल रॉय, ईशान किशन, क्विंटोन डिकॉक, आदित्य तारे, एडम मिल्ने, नाथन कूल्टर नाइल, पीयूष चावला, जेम्स नीशाम, युधवीर चरक, मार्को जांसेन, अर्जुन तेंदुलकर । 

Read More

रोमांचक मुकाबले में इंजीनियरिंग विभाग की जीत, मैकेनिकल विभाग को 1 विकेट से हराया

सोनपुर। अंतर विभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट में गुरुवार को खेले गए बेहद रोमांचक मुकाबले में इंजीनियरिंग विभाग ने मैकेनिकल विभाग को अंतिम गेंद तक चले मैच में 1 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की।

मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मैकेनिकल विभाग की शुरुआत खराब रही और टीम के चार प्रमुख बल्लेबाज महज 28 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद राजू यादव ने शिव शंकर मंडल और पंकज सिंह के साथ साझेदारी करते हुए टीम को संभाला और निर्धारित ओवर से चार गेंद पहले टीम को 116 रन तक पहुंचाया। इंजीनियरिंग विभाग की ओर से गेंदबाजी में राजा भारती ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में दो मेडन फेंकते हुए 4 विकेट झटके। इसके अलावा अमित ने 2 विकेट, जबकि रंजीत और राजीव ने 1-1 विकेट हासिल किए।

117 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने पावर प्ले में बिना विकेट खोए 33 रन बनाकर मजबूत शुरुआत की। हालांकि इसके बाद टीम को कुछ झटके लगे और मिथिलेश (10 रन) तथा रंजीत (15 रन) आउट होकर पवेलियन लौट गए। मध्यक्रम में जावेद ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 31 रन बनाए और टीम को जीत की राह पर ला दिया। वहीं सौरभ ने 16 रन का योगदान दिया। मुकाबला अंतिम ओवर तक रोमांचक बना रहा, जहां आखिरी गेंद पर इंजीनियरिंग विभाग ने जीत के लिए जरूरी रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

मैच में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट लेने और बल्लेबाजी में उपयोगी योगदान देने वाले राजा भारती को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस तरह इंजीनियरिंग विभाग ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में शानदार जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

Read More

पटना सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग: शशीम राठौर की तूफानी पारी से पेसू की शानदार जीत

पटना: पटना जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में खेले जा रही अधिकारी मदन मोहन प्रसाद मेमोरियल पटना सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग के अंतर्गत गुरुवार को खेले गए मुकाबले में पेसू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पंचशील सीसी को 6 विकेट से पराजित कर जीत दर्ज की। विजेता टीम के शशीम राठौर (56 रन, 1 विकेट) को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। केएनसीसी को सचिवालय स्पोट्र्स के खिलाफ वाकओवर मिला।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंचशील सीसी की टीम ने निर्धारित 40 ओवर में सात विकेट पर 184 रन बनाए। खराब शुरुआत हुई पर अनिरुद्ध राज (61 रन), बिट्टू कुमार (46 रन) और अभिषेक कुमार (32 रन) की अच्छी बैटिंग के दम पर पंचशील सीसी सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा। अंत में आयुष राज ने नाबाद 17 रन की पारी खेली। पेसू की ओर से अभिजीत साकेत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 38 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं हर्ष राज ने 34 रन देकर 2 विकेट चटकाये। शशीम राठौर और राहुल राठौर को 1-1 सफलता मिली।

185 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पेसू की टीम ने आक्रामक शुरुआत की। शशीम राठौर ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 27 गेंदों में 56 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। कप्तान राजेश कुमार सिन्हा ने 47 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि बाबुल कुमार ने 33 रन का योगदान दिया। इनके अलावा पंकज कुमार ने नाबाद 13 और प्रियांशु ने नाबाद 16 रन की पारी खेली और टीम का स्कोर 26.4 ओवर में 188/4 रन तक पहुंचाकर जीत दिला दी।

संक्षिप्त स्कोर:

पंचशील सीसी : 184/7 (40 ओवर), अनिरुद्ध राज 61, बिट्टू कुमार 46, अभिषेक कुमार 32, आयुष राज नाबाद 17,अतिरिक्त 10, अभिजीत साकेत 3/38, हर्ष राज 2/34, शशीम राठौर 1/37, राहुल राठौर 1/30

पेसू : 188/4 (26.4 ओवर), शशीम राठौर 56, राजेश कुमार सिन्हा 47, बाबुल कुमार 33, प्रियांशु नाबाद 16, पंकज कुमार नाबाद 13, प्रियांशु कुमार प्रतीक 2/24, अनिरुद्ध राज 1/30, बिट्टू कुमार 1/11

Read More

बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी अंडर-13: ईशान किशन एकेडमी की रिकॉर्ड जीत, डी.एस.ए. क्रिकेट एकेडमी को 260 रन से हराया

पटना: बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी मैदान पर खेले गए बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी अंडर-13 के लीग मुकाबले में ईशान किशन क्रिकेट एकेडमी ने विस्फोटक बल्लेबाजी और धारदार गेंदबाजी के दम पर डी.एस.ए. क्रिकेट एकेडमी को 260 रनों के विशाल अंतर से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ईशान किशन एकेडमी ने 32.5 ओवर में 386 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से आयुष रंजन ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 40 गेंदों में 116 रन ठोक दिए, जिसमें 15 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। वहीं अंश राज ने 111 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि सार्थक ने 58 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।डी.एस.ए. क्रिकेट एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में सचिन कुमार ने 3 विकेट, जबकि आशीष रंजन और शौर्य कुमार ने 2-2 विकेट हासिल किए, लेकिन टीम विपक्षी बल्लेबाजों पर अंकुश नहीं लगा सकी।

387 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डी.एस.ए. क्रिकेट एकेडमी की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। पूरी टीम 22.3 ओवर में 126 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से नेहाल ने 45 रनों की पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। ईशान किशन एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में रिआन सैनी और साहिल ने 3-3 विकेट झटके। वहीं अनिश और अर्जुन राणा ने 1-1 विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की। आयुष रंजन को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार किया गया।

Read More

पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में वाईएमसीसी और बीएसईबी जीते

पटना: पटना जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रही अधिकारी मदन मोहन प्रसाद मेमोरियल पटना डिस्ट्रिक्ट सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में बुधवार को खेले गए मुकाबलों में वाईएमसीसी और बीएसईबी की टीमों ने शानदार जीत दर्ज की। एक मैच में वाईएमसीसी ने सत्यम कुमार के तूफानी शतक और सूरज कश्यप (84 रन, 3 विकेट) के हरफनमौला खेल की बदौलत शर्मा स्पोर्टिंग को 166 रन के बड़े अंतर से पराजित किया, जबकि दूसरे मुकाबले में बीएसईबी ने बेहद रोमांचक संघर्ष में क्रिसेंट सीसी को 1 विकेट से हराकर जीत अपने नाम की।

YMCC की जीत

स्थानीय जेनेक्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वाईएमसीसी की टीम ने निर्धारित 35 ओवर में 7 विकेट पर 324 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से सत्यम कुमार ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 53 गेंदों में 129 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 11 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा सूरज कुमार कश्यप ने 57 गेंदों में 84 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कप्तान विराट पांडेय ने 43 रन का योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत वाईएमसीसी ने बड़ा स्कोर खड़ा किया।

324 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी शर्मा स्पोर्टिंग की टीम वाईएमसीसी के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 28 ओवर में 158 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से राहुल कुमार ने 33 रन और आदित्य कुमार राय ने 24 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। वाईएमसीसी की ओर से गेंदबाजी में गौरव राज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 ओवर में 30 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं सूरज कश्यप ने 3 विकेट विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की। विजेता टीम के सूरज कश्यप (84 रन, 3 विकेट) को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

BSEB ने हासिल की जीत

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए क्रिसेंट सीसी की टीम ने 40 ओवर में 150 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से आशीष राज ने 37 गेंदों में 40 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि नदीम स्ट्राइकर ने 21 रन और रितविक राज ने 14 रन का योगदान दिया। बीएसईबी की ओर से तुषार कांत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 ओवर में 13 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं परमेश्वर यादव ने 2 विकेट लिए और शंभू कुमार तथा प्रदीप को 1-1 सफलता मिली।

151 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीएसईबी की टीम को क्रिसेंट सीसी के गेंदबाजों ने कड़ी चुनौती दी। एक समय टीम ने लगातार विकेट गंवा दिए, लेकिन पंकज कुमार मिश्रा ने 36 गेंदों में 44 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया।

इसके अलावा दीपक कुमार ने 25 रन और कप्तान मुकेश कुमार शर्मा ने 21 रन का योगदान दिया। बीएसईबी की टीम ने 30 ओवर में 9 विकेट खोकर 151 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। क्रिसेंट सीसी की ओर से गेंदबाजी में गुलरेज अख्तर और रितविक राज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट हासिल किए, लेकिन इसके बावजूद टीम जीत दर्ज नहीं कर सकी। विजेता टीम के तुषारकांत को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.