KRIDA NEWS

आईपीएल-14: पहले मुकाबले के लिये तैयार मुंबई इंडियंस और आरसीबी

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की शुरुआत जब शुक्रवार से होगी तो रोहित शर्मा अपनी विरासत को बरकरार रखने के इरादे से उतरेंगे जबकि विराट कोहली नई विरासत तैयार करना चाहेंगे। साथ ही सभी की नजरें अनुभवी महेंद्र सिंह धोनी पर भी टिकी होंगी कि पिछले सत्र में अपनी टीम के पहली बार प्ले आफ में जगह बनाने में नाकाम रहने के बाद वे किस रणनीति के साथ उतरते हैं।

कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के कारण लीग का आयोजन जैविक रूप से सुरक्षित माहौल में होगा और दर्शकों को स्टेडियम में आने की इजाजत नहीं होगी।

टूर्नामेंट का पहला मुकाबला गत चैंपियन मुंबई इंडियन्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के बीच यहां खेला जाएगा और दोनों टीमों में बड़े हिटर की मौजूदगी सुनिश्चित करेगी कि दर्शकों का भरपूर मनोरंजन हो जो महामारी के कारण स्टेडियम में नहीं आ पाएंगे।

टूर्नामेंट पर भी कोरोना वायरस का साया पड़ा है और लीग की शुरुआत से पहले कुछ खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ पॉजिटिव पाए गए हैं। लेकिन खेलों के लिए कड़े जैविक रूप से सुरक्षित माहौल के कारण भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) को उम्मीद है कि यूएई में पिछले टूर्नामेंट की तरह इस टूर्नामेंट का आयोजन भी सुचारू रूप से होगा। भारत के लिए आगामी टूर्नामेंट काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसी साल देश में टी20 विश्व कप का आयोजन भी होना है।

कोहली इस टूर्नामेंट के जरिए विश्व कप के अपने संभावित खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर रखने को कोशिश करेंगे जबकि इंग्लैंड के कप्तान इयोन मोर्गन और कीरोन पोलार्ड की नजरें भी अपनी संबंधित फ्रेंचाइजियों की ओर से खेलते हुए अपने देश के खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर टिकी होंगी।

पांच खिताब के साथ आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तान रोहित छठी ट्रॉफी के साथ लीग में पहली खिताबी हैट्रिक बनाना चाहेंगे। रोहित अगर बल्लेबाजी में विफल रहते हैं तो क्विंटन डिकॉक सफलता हासिल करने को तैयार होंगे। अगर ये दोनों ही विफल रहेंगे तो फिर इशान किशन और सूर्य कुमार यादव जैसे बल्लेबाजों पर जिम्मेदारी होगी।

मुंबई का शीर्ष क्रम अगर पूरी तरह नाकाम रहता है तो फिर पंड्या बंधू (हार्दिक और कृणाल) विरोधी को पस्त करने उतरेंगे। साथ ही टीम के पास पोलार्ड जैसा तूफानी बल्लेबाज है जो मैदान पर अपने दमदार क्षेत्ररक्षण के कारण भी टीम के लिए काफी अहम है।

गेंदबाजी का दारोमदार ट्रेंट बोल्ट और राहुल चाहर जैसे गेंदबाजों पर होगा। मुंबई इंडियन्स की टीम अपने खराब दिन में ही हार सकती है और अपने अच्छे दिन वे किसी भी विरोधी टीम के लिए बुरे सपने की तरह हैं।

रोहित के विरोधी और राष्ट्रीय टीम के कप्तान कोहली पहली बार आईपीएल खिताब जीतने उतरेंगे लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) का संयोजन मुंबई जितना प्रभावी नहीं दिखता।

टीम ने ग्लेन मैक्सवेल पर भारी भरकम राशि खर्च की है और न्यूजीलैंड के काइल जेमीसन रातों रात करोड़पति बन गए जबकि भारतीय विकेटों पर उनकी गेंदबाजी की परख अब तक नहीं हुई है। देवदत्त पड्डिकल अपना दूसरा सत्र खेलने उतरेंगे और इस बार टीमों ने उनके लिए रणनीति बनाई होगी। युजवेंद्र चहल लय खोते हुए दिख रहे हैं। मोहम्मद सिराज और नवदीप सैनी सीमित ओवरों के क्रिकेट में अब तक बहुत प्रभावी प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। 

इस सब के बीच धोनी की नजरें वानखेड़े स्टेडियम की सपाट पिच पर टिकी होंगी क्योंकि चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) को चेपक की धीमी पिच की जगह वहां खेलना है। अनुभवी सुरेश रैना की वापसी से अधिकांश मैचों में इमरान ताहिर के खेलने का रास्ता साफ होगा जबकि मोईन अली और सैम कुरेन के आलराउंडर के रूप में किसी भी क्रम में खेलने की संभावना से टीम पिछले सत्र की तुलना में बेहतर नजर आ रही है।

दूसरी तरफ धोनी के ‘शागिर्द’ ऋषभ पंत पहली बार दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करते हुए छाप छोड़ने को बेताब होंगे। वह अपने सीनियर और बेहद अनुभवी धोनी से प्रेरणा लेने की कोशिश करेंगे।

पिछले साल गाबा में दमदार पारी खेलने के बाद से पंत काफी अच्छी फॉर्म में हैं और इस समय भारतीय क्रिकेट के संभवत: सबसे आश्वस्त खिलाड़ी हैं। टीम के पास पृथ्वी शॉ, मार्कस स्टोइनिस, शिमरोन हेटमायर के अलावा अनुभवी स्टीव स्मिथ और अजिंक्य रहाणे जैसे बल्लेबाज हैं। 

गेंदबाजों में दारोमदार कागिसो रबादा, एनरिच नोर्ट्जे, रविचंद्रन अश्विन, अमित मिश्रा और अक्षर पटेल पर रहेगा जिससे पिछले साल की उपविजेता टीम इस बार एक कदम आगे जाने की कोशिश करेगी।

सनराइजर्स हैदराबाद की टीम सबसे निरंतर प्रदर्शन करने वाली टीमों में शामिल है। टीम के पास डेविड वार्नर, दुनिया के सर्वश्रेष्ठ टी20 गेंदबाज राशिद खान, केन विलियमसन, जेसन होल्डर, जेसन रॉय और जॉनी बेयरस्टॉ के रूप में दुनिया के संभवत: सर्वश्रेष्ठ विदेशी टी20 खिलाड़ी हैं।

कोलकाता नाइट राइडर्स को आक्रामक रालराउंडर आंद्रे रसेल के फॉर्म में लौटने की उम्मीद होगी जबकि टीम चाहेगी कि वरूण चक्रवर्ती एक बार फिर अच्छा प्रदर्शन करें। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सीमित ओवरों के फिलहाल सर्वश्रेष्ठ कप्तान इयोन मोर्गन बल्लेबाजी क्रम में स्थिरता लाने का प्रयास करेंगे और साथ ही उम्मीद करेंगे कि सुनील नारायण के एक्शन को एक बार फिर संदिग्ध करार नहीं दिया जाए।

पंजाब किंग्स के मालिकों को उम्मीद होगी कि टीम का नाम बदलने से उनका भाग्य बदलेगा लेकिन काफी कुछ कप्तान लोकेश राहुल के प्रदर्शन पर निर्भर करेगा। मोहम्मद शमी वापसी करते हुए लय हासिल करने को बेताब होंगे। दर्शक एक बार फिर क्रिस गेल की तूफानी बल्लेबाजी का इंतजार कर रहे हैं लेकिन निश्चित तौर पर शुरुआत में टीम खिताब की दावेदार नहीं है।

राजस्थान रॉयल्स को शुरुआत में जोफ्रा आर्चर की गैरमौजूदगी खलेगी। संजू सैमसन के मार्गदर्शन में खेलने वाली टीम के प्रदर्शन में पिछले कुछ सत्रों में निरंतरता की कमी रही है और टीम अच्छे प्रदर्शन के लिए बेन स्टोक्स, जोस बटलर और क्रिस मौरिस पर निर्भर रहेगी।

Read More

रोमांचक मुकाबले में इंजीनियरिंग विभाग की जीत, मैकेनिकल विभाग को 1 विकेट से हराया

सोनपुर। अंतर विभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट में गुरुवार को खेले गए बेहद रोमांचक मुकाबले में इंजीनियरिंग विभाग ने मैकेनिकल विभाग को अंतिम गेंद तक चले मैच में 1 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की।

मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मैकेनिकल विभाग की शुरुआत खराब रही और टीम के चार प्रमुख बल्लेबाज महज 28 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद राजू यादव ने शिव शंकर मंडल और पंकज सिंह के साथ साझेदारी करते हुए टीम को संभाला और निर्धारित ओवर से चार गेंद पहले टीम को 116 रन तक पहुंचाया। इंजीनियरिंग विभाग की ओर से गेंदबाजी में राजा भारती ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में दो मेडन फेंकते हुए 4 विकेट झटके। इसके अलावा अमित ने 2 विकेट, जबकि रंजीत और राजीव ने 1-1 विकेट हासिल किए।

117 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने पावर प्ले में बिना विकेट खोए 33 रन बनाकर मजबूत शुरुआत की। हालांकि इसके बाद टीम को कुछ झटके लगे और मिथिलेश (10 रन) तथा रंजीत (15 रन) आउट होकर पवेलियन लौट गए। मध्यक्रम में जावेद ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 31 रन बनाए और टीम को जीत की राह पर ला दिया। वहीं सौरभ ने 16 रन का योगदान दिया। मुकाबला अंतिम ओवर तक रोमांचक बना रहा, जहां आखिरी गेंद पर इंजीनियरिंग विभाग ने जीत के लिए जरूरी रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

मैच में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट लेने और बल्लेबाजी में उपयोगी योगदान देने वाले राजा भारती को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस तरह इंजीनियरिंग विभाग ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में शानदार जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

Read More

पटना सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग: शशीम राठौर की तूफानी पारी से पेसू की शानदार जीत

पटना: पटना जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में खेले जा रही अधिकारी मदन मोहन प्रसाद मेमोरियल पटना सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग के अंतर्गत गुरुवार को खेले गए मुकाबले में पेसू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पंचशील सीसी को 6 विकेट से पराजित कर जीत दर्ज की। विजेता टीम के शशीम राठौर (56 रन, 1 विकेट) को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। केएनसीसी को सचिवालय स्पोट्र्स के खिलाफ वाकओवर मिला।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंचशील सीसी की टीम ने निर्धारित 40 ओवर में सात विकेट पर 184 रन बनाए। खराब शुरुआत हुई पर अनिरुद्ध राज (61 रन), बिट्टू कुमार (46 रन) और अभिषेक कुमार (32 रन) की अच्छी बैटिंग के दम पर पंचशील सीसी सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा। अंत में आयुष राज ने नाबाद 17 रन की पारी खेली। पेसू की ओर से अभिजीत साकेत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 38 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं हर्ष राज ने 34 रन देकर 2 विकेट चटकाये। शशीम राठौर और राहुल राठौर को 1-1 सफलता मिली।

185 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पेसू की टीम ने आक्रामक शुरुआत की। शशीम राठौर ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 27 गेंदों में 56 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। कप्तान राजेश कुमार सिन्हा ने 47 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि बाबुल कुमार ने 33 रन का योगदान दिया। इनके अलावा पंकज कुमार ने नाबाद 13 और प्रियांशु ने नाबाद 16 रन की पारी खेली और टीम का स्कोर 26.4 ओवर में 188/4 रन तक पहुंचाकर जीत दिला दी।

संक्षिप्त स्कोर:

पंचशील सीसी : 184/7 (40 ओवर), अनिरुद्ध राज 61, बिट्टू कुमार 46, अभिषेक कुमार 32, आयुष राज नाबाद 17,अतिरिक्त 10, अभिजीत साकेत 3/38, हर्ष राज 2/34, शशीम राठौर 1/37, राहुल राठौर 1/30

पेसू : 188/4 (26.4 ओवर), शशीम राठौर 56, राजेश कुमार सिन्हा 47, बाबुल कुमार 33, प्रियांशु नाबाद 16, पंकज कुमार नाबाद 13, प्रियांशु कुमार प्रतीक 2/24, अनिरुद्ध राज 1/30, बिट्टू कुमार 1/11

Read More

बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी अंडर-13: ईशान किशन एकेडमी की रिकॉर्ड जीत, डी.एस.ए. क्रिकेट एकेडमी को 260 रन से हराया

पटना: बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी मैदान पर खेले गए बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी अंडर-13 के लीग मुकाबले में ईशान किशन क्रिकेट एकेडमी ने विस्फोटक बल्लेबाजी और धारदार गेंदबाजी के दम पर डी.एस.ए. क्रिकेट एकेडमी को 260 रनों के विशाल अंतर से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ईशान किशन एकेडमी ने 32.5 ओवर में 386 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से आयुष रंजन ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 40 गेंदों में 116 रन ठोक दिए, जिसमें 15 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। वहीं अंश राज ने 111 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि सार्थक ने 58 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।डी.एस.ए. क्रिकेट एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में सचिन कुमार ने 3 विकेट, जबकि आशीष रंजन और शौर्य कुमार ने 2-2 विकेट हासिल किए, लेकिन टीम विपक्षी बल्लेबाजों पर अंकुश नहीं लगा सकी।

387 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डी.एस.ए. क्रिकेट एकेडमी की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। पूरी टीम 22.3 ओवर में 126 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से नेहाल ने 45 रनों की पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। ईशान किशन एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में रिआन सैनी और साहिल ने 3-3 विकेट झटके। वहीं अनिश और अर्जुन राणा ने 1-1 विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की। आयुष रंजन को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार किया गया।

Read More

पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में वाईएमसीसी और बीएसईबी जीते

पटना: पटना जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रही अधिकारी मदन मोहन प्रसाद मेमोरियल पटना डिस्ट्रिक्ट सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में बुधवार को खेले गए मुकाबलों में वाईएमसीसी और बीएसईबी की टीमों ने शानदार जीत दर्ज की। एक मैच में वाईएमसीसी ने सत्यम कुमार के तूफानी शतक और सूरज कश्यप (84 रन, 3 विकेट) के हरफनमौला खेल की बदौलत शर्मा स्पोर्टिंग को 166 रन के बड़े अंतर से पराजित किया, जबकि दूसरे मुकाबले में बीएसईबी ने बेहद रोमांचक संघर्ष में क्रिसेंट सीसी को 1 विकेट से हराकर जीत अपने नाम की।

YMCC की जीत

स्थानीय जेनेक्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वाईएमसीसी की टीम ने निर्धारित 35 ओवर में 7 विकेट पर 324 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से सत्यम कुमार ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 53 गेंदों में 129 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 11 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा सूरज कुमार कश्यप ने 57 गेंदों में 84 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कप्तान विराट पांडेय ने 43 रन का योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत वाईएमसीसी ने बड़ा स्कोर खड़ा किया।

324 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी शर्मा स्पोर्टिंग की टीम वाईएमसीसी के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 28 ओवर में 158 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से राहुल कुमार ने 33 रन और आदित्य कुमार राय ने 24 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। वाईएमसीसी की ओर से गेंदबाजी में गौरव राज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 ओवर में 30 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं सूरज कश्यप ने 3 विकेट विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की। विजेता टीम के सूरज कश्यप (84 रन, 3 विकेट) को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

BSEB ने हासिल की जीत

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए क्रिसेंट सीसी की टीम ने 40 ओवर में 150 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से आशीष राज ने 37 गेंदों में 40 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि नदीम स्ट्राइकर ने 21 रन और रितविक राज ने 14 रन का योगदान दिया। बीएसईबी की ओर से तुषार कांत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 ओवर में 13 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं परमेश्वर यादव ने 2 विकेट लिए और शंभू कुमार तथा प्रदीप को 1-1 सफलता मिली।

151 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीएसईबी की टीम को क्रिसेंट सीसी के गेंदबाजों ने कड़ी चुनौती दी। एक समय टीम ने लगातार विकेट गंवा दिए, लेकिन पंकज कुमार मिश्रा ने 36 गेंदों में 44 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया।

इसके अलावा दीपक कुमार ने 25 रन और कप्तान मुकेश कुमार शर्मा ने 21 रन का योगदान दिया। बीएसईबी की टीम ने 30 ओवर में 9 विकेट खोकर 151 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। क्रिसेंट सीसी की ओर से गेंदबाजी में गुलरेज अख्तर और रितविक राज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट हासिल किए, लेकिन इसके बावजूद टीम जीत दर्ज नहीं कर सकी। विजेता टीम के तुषारकांत को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.