KRIDA NEWS

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने के लिए इंग्लैंड से भिड़ेगा भारत

दो मैचों में दबदबा बनाने में सफल रहा भारत गुरुवार से यहां शुरू हो रहे चौथे और अंतिम टेस्ट में एक बार फिर स्पिन की अनुकूल पिच पर इंग्लैंड के खिलाफ कोई रहम नहीं दिखाते हुए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में क्वालीफाई करके के लक्ष्य के साथ उतरेगा।

भारतीय टीम श्रृंखला में 2-1 से आगे चल रही और अगर विराट कोहली की टीम अंतिम टेस्ट ड्रॉ भी करा लेती है तो जून में लार्ड्स में होने वाले फाइनल में जगह बना लेगी जहां उसका सामना न्यूजीलैंड से होगा। इंग्लैंड की टीम फाइनल की दौड़ से बाहर हो गई है लेकिन अगर अंतिम टेस्ट में जीत दर्ज करती है तो फिर भारत को भी खिताबी मुकाबले से बाहर कर देगी और टिम पेन की अगुआई वाली आस्ट्रेलिया की टीम को इस मुकाबले में खेलने का मौका मिलेगा।

इस तरह के मैच में ड्रॉ हमेशा सुरक्षित विकल्प होता है लेकिन आक्रामक रवैया अपनाने वाले कोहली और कोच रवि शास्त्री रक्षात्मक रवैया नहीं अपनाना चाहेंगे क्योंकि ऐसा करना कभी कभी भारी भी पड़ जाता है।

मोटेरा की नई पिच पर तीसरे टेस्ट के दौरान गुलाबी गेंद के सामने मेहमान टीम को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और भारत ने सिर्फ दो दिन के अंदर 10 विकेट से जीत दर्ज की। बायें हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल की सीधी गेंदों का सामना करने में इंग्लैंड के बल्लेबाजों को काफी परेशानी हुई क्योंकि वे शुरुआत से ही गेंद के टर्न होने की उम्मीद कर रहे थे। चेन्नई में दूसरे टेस्ट से ही यह रणनीति मेजबान टीम के लिए सफल रही है।

भारतीय उप कप्तान अजिंक्य रहाणे और इंग्लैंड के बल्लेबाज जैक क्रॉले दोनों का मानना है कि चौथे टेस्ट की पिछले पिछले दो मैचों के ‘समान’ लग रही है लेकिन गुलाबी गेंद की तुलना में लाल गेंद पिच पर गिरने के बाद उतनी अधिक तेजी से नहीं आती जिससे दोनों टीमों के बीच मुकाबला कड़ा देखने को मिल सकता है।

इंग्लैंड की टीम के लिए इस मैच में अधिक कुछ दांव पर नहीं लगा है। टीम इस मैच में जीत के साथ श्रृंखला ड्रॉ कराके अपनी प्रतिष्ठा बचाना चाहेगी लेकिन भारत के लिए काफी कुछ दांव पर लगा है।

आंकड़ों के हिसाब से भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान होने के बावजूद कोहली ने स्वीकार किया है कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की प्रतियोगिताओं के संदर्भ में अपने पूर्ववर्ती महेंद्र सिंह धोनी जैसी सफलता नहीं मिली है।

अक्षर और रविचंद्रन अश्विन ने श्रृंखला में मिलकर अब तक 42 विकेट चटकाए हैं और कोहली उनके विकेटों के आंकड़ों में और इजाफा होता देखना चाहेंगे। भारतीय स्पिनरों ने पहले तीन टेस्ट में इंग्लैंड के 60 में से 49 विकेट चटकाए हैं और लोगों को पता है कि नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अंतिम टेस्ट में वे क्या उम्मीद कर सकते हैं।

कोहली को स्पिनरों के साथ कोई शिकायत नहीं है जिन्होंने उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन किया है। उन्हें हालांकि बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। भारतीय बल्लेबाज अब तक श्रृंखला में दबदबा बनाने में नाकाम रहे हैं और उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए।

रोहित शर्मा ने श्रृंखला में अब तक 296 रन बनाए हैं जो दूसरे सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज अश्विन के 176 रन के आंकड़े से 120 रन अधिक हैं। अश्विन ने चेपक की मुश्किल पिच पर शतक जड़ा था। रोहित के अलावा भारत का कोई बल्लेबाज अब तक स्पिन की अनुकूल पिचों पर आत्मविश्वास के साथ नहीं खेल पाया है।


कोहली ने दो अर्धशतक जड़े हैं लेकिन अब तक गेंदबाजों पर दबदबा बनाने वाली पारी नहीं खेल पाए हैं जिसके लिए वह जाने जाते हैं। अजिंक्य रहाणे, चेतेश्वर पुजारा और शुभमन गिल तीन टेस्ट मैचों में सिर्फ एक-एक अच्छी पारी खेल पाए हैं।

भारतीय टीम अंतिम मैच में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के बिना उतरेगी और ऐसे में उमेश यादव की अंतिम एकादश में वापसी हो सकती है। ये देखना होगा कि उनके जोड़ीदार इशांत शर्मा होंगे या मोहम्मद सिराज।

इंग्लैंड की लचर बल्लेबाजी में खराब टीम चयन का भी हाथ रहा है। कप्तान जो रूट (333 रन) ने पहले टेस्ट में दोहरा शतक जड़ा लेकिन उनके और दूसरे सर्वोच्च स्कोर बने स्टोक्स (146) के बीच 187 रन का अंतर है।

रूट ने तीसरे टेस्ट में गेंदबाजी में भी करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए आठ रन देकर पांच विकेट चटकाए थे। टीम अंतिम टेस्ट में दो विशेषज्ञ स्पिनरों के साथ उतर सकती है।

बायें हाथ के स्पिनर जैक लीच (16 विकेट) ने प्रभावित किया है लेकिन उनकी अपनी सीमाएं हैं और वह अक्षर की तुलना में औसत 10 किमी प्रतिघंटा कम की रफ्तार से गेंदबाजी करते हैं। एक बार फिर स्पिन की अनुकूल पिच की संभावना को देखते हुए उन्हें डॉम बेस का साथ मिल सकता है। बेस ने चेन्नई में पहले टेस्ट में प्रभावित किया था लेकिन इसके बाद उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला।

टीमें इस प्रकार हैं: 
भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, ऋषभ पंत, वाशिंगटन सुंदर, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, इशांत शर्मा, उमेश यादव, मोहम्मद सिराज, रिद्धिमान साहा, मयंक अग्रवाल, हार्दिक पंड्या, कुलदीप यादव और लोकेश राहुल।


इंग्लैंड: जो रूट (कप्तान), जेम्स एंडरसन, जोफ्रा आर्चर, जॉनी बेयरस्टो, डोमिनिक बेस, स्टुअर्ट ब्रॉड, रोरी बर्न्स, जैक क्रॉली, बेन फोक्स, डैन लॉरेंस, जैक लीच, ओली पोप, डोम सिबली, बेन स्टोक्स, ओली स्टोन, क्रिस वोक्स और मार्क वुड।

समय: मैच सुबह नौ बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा।

Read More

नायाब स्पोर्ट्स की तीसरी वर्षगांठ पर महिला प्रदर्शनी क्रिकेट मैच, रॉयल पैंथर्स की शानदार जीत

पटना: नायाब स्पोर्ट्स की तीसरी वर्षगांठ के अवसर पर पटना में महिला क्रिकेट का एकदिवसीय प्रदर्शनी मैच आयोजित किया गया। इस मुकाबले में रॉयल पैंथर्स और डायमंड इलेवन की टीमों के बीच रोमांचक मैच खेला गया, जिसमें रॉयल पैंथर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एकतरफा जीत दर्ज की।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल पैंथर्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 140 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से निरजला राउत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 50 रनों की नाबाद पारी खेली। उनके अलावा नेहा चौधरी ने 36 रन और साक्षी सिंह ने 19 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। डायमंड इलेवन की ओर से गेंदबाजी में सलोनी ने 1 विकेट हासिल किया।

141 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डायमंड इलेवन की टीम रॉयल पैंथर्स की सधी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 63 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से सलोनी ने 23 रन और रंजना ने 16 रनों की पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। रॉयल पैंथर्स की ओर से गेंदबाजी में रीवा चौधरी, सिद्धि और अनुष्का ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो-दो विकेट हासिल किए और टीम को आसान जीत दिलाई।

मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए निरजला राउत को प्लेयर ऑफ द मैच और बेस्ट बैटर का पुरस्कार दिया गया। वहीं सिद्धि कुमारी को बेस्ट बॉलर, कुमारी रंजना को बेस्ट फील्डर, रीवा चौधरी को इमर्जिंग प्लेयर और रूपम को सबसे अनुशासित खिलाड़ी का पुरस्कार प्रदान किया गया। मुकाबले में निर्णायक की भूमिका बिट्टू चौधरी और मुशर्रफ अली ने निभाई। इस अवसर पर नायाब स्पोर्ट्स के सभी पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे और तीसरी वर्षगांठ के समारोह को उत्साह के साथ मनाया।

Read More

शिवाय यादव के अर्धशतक से किरण क्रिकेट एकेडमी-1 की 4 विकेट से जीत, KCA ब्लू को मिली हार

जहानाबाद। जहानाबाद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (एयरोड्रम स्टेडियम) में खेले गए मुकाबले में किरण क्रिकेट एकेडमी-1 की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए किरण क्रिकेट एकेडमी टीम ब्लू को 4 विकेट से हराकर जीत दर्ज की। मैच में शिवाय यादव की शानदार अर्धशतकीय पारी और गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केसीए टीम ब्लू की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही। कप्तान आर्यन निधि ने 29 गेंदों पर 33 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, जबकि स्मिता ने 46 गेंदों पर 26 रन की जुझारू नाबाद पारी खेली। इसके अलावा उमर आलम ने 12 और रवि ने 11 रन का योगदान दिया। अतिरिक्त रनों की मदद से टीम 30.1 ओवर में 159 रन पर सिमट गई।

केसीए-1 की ओर से गेंदबाजी में एम.एस. कौशिक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3.1 ओवर में केवल 9 रन देकर 3 विकेट चटकाए। जय प्रकाश ने 7 ओवर में 32 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि पवन ने 6 ओवर में 14 रन देकर 2 विकेट लिए। इसके अलावा शिवाय यादव ने भी 2 विकेट लेकर टीम की गेंदबाजी को मजबूती दी।

160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केसीए-1 की टीम को शिवाय यादव ने मजबूत आधार दिया। उन्होंने 63 गेंदों पर 55 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 9 चौके शामिल रहे। इसके अलावा अभि राज ने 12 गेंदों पर 19 रन की तेज पारी खेली, जबकि एम.एस. कौशिक ने 13 रन का योगदान दिया। टीम ने 28.5 ओवर में 7 विकेट खोकर 163 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया।

केसीए टीम ब्लू की ओर से गेंदबाजी में आर्यन निधि ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 ओवर में 31 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं उत्कर्ष राज यादव ने भी 3 विकेट हासिल किए, जबकि उमर आलम को 1 विकेट मिला, लेकिन टीम को जीत दिलाने में सफल नहीं हो सके।

Read More

बीसीए मेंस अंडर-23 वनडे ट्रॉफी का आगाज, नवादा ने शेखपुरा को 124 रन से हराया

नालंदा: आज दिनांक 15 मार्च 2026 को नालंदा जिला क्रिकेट संघ की मेजबानी में बिहार क्रिकेट संघ के घरेलु सत्र 2025-26 बीसीए मेंस अंडर 23 वनडे ट्रॉफी मगध जोन की शुरुआत की गयी, नवादा बनाम शेखपुरा के बीच मैच से इसकी शुरुआत पावापुरी खेल मैदान मे किया गया।

नवादा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 351 रन बनाये। जिसमें दीपक ने 104 रन, योगेश ने 100 रन , हर्ष 52 रन, सुभास ने 21 रन तथा आदर्श ने 16 रन का योगदान दिया। शेखपुरा की ओर से गेंदबाजी करते हुए कन्हैया ने 52 रन पे 2 विकेट, राहुल ने 107 पर 2 और रिकी, गगन तथा सूरज ने एक एक विकेट अपने नाम किया।

जवाब मे खेलते हुए शेखपुरा की पूरी टीम 50 ओवर 227 में रन बना सकी। शेखपुरा की ओर से बल्लेबाजी करते हुए सुमन सौरभ ने 62 रन, सचिन ने 89 रन, आदित्य ने 37 संजीव 40 रन, रोहित ने 13 रन तथा सूरज ने 17 रन का योगदान दिया। नवादा की ओर से गेंदबाज़ी करते हुए आदर्श ने 34 रन देकर 4 विकेट लिए। सुमन ने 25 रन देकर 2 विकेट, दीपक ने 18 रन देकर 2 विकेट तथा अभिनव एक विकेट अपने नाम किया। मैन ऑफ द मैच नवादा के दीपक कुमार को दिया गया।

इस मौके पर क्रिकेट एसोसिएशन नालंदा के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, सचिव गोपाल कुमार सिंह, पूर्व सचिव सैयद मोहम्मद जावेद इकबाल, कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, संयुक्त सचिव संजीव कुमार, शेखपुरा के पूर्व सचिव गंगा यादव, नवादा सचिव मनीष आनंद, डॉ संजय, संतोष पांडेय, हैदर अली, सिद्धार्थ कुमार, बाबा विश्वजीत कुमार, अभिषेक कुमार इत्यादि मौजूद रहे। अंपायरिंग की भूमिका बीसीए पैनल अम्पायर सुनील सिंह तथा नितेश कुमार ने निभाया। कल दिनांक 16-03-2026 को नालंदा बनाम नवादा के बीच मैच खेला जायेगा।

Read More

बीसीए मेंस अंडर-23 ट्रॉफी के लिए नालंदा की 20 सदस्यीय टीम घोषित, आदित्य राज को सौंपी गई कमान

बिहारशरीफ: बिहार क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित बीसीए मेंस अंडर-23 ट्रॉफी के लिए नालंदा जिला क्रिकेट संघ ने अपनी 20 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कमान आदित्य राज को सौंपी गई है, जबकि दिव्यांश राज को उपकप्तान बनाया गया है।

टीम में कई युवा और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मौका दिया गया है, जिनसे टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी कुश कुमार और नीरज पासवान को सौंपी गई है। टीम के कोच के रूप में दीपक प्रसाद खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देंगे।

नालंदा अंडर-23 टीम इस प्रकार है:
आदित्य राज (कप्तान), दिव्यांश राज (उपकप्तान), लव कुमार, कुश कुमार (विकेटकीपर), नीरज पासवान (विकेटकीपर), गौतम कुमार, ए.एस. गौरव, आदर्श राज, हर्षित राज, अनीश गुप्ता, गौरव कुमार, रामवर्धन पांडेय, राजीव रंजन, आरव रॉय, अयान अरमान, शशि कुमार, राकेश कुमार, नीरज यादव, कुमार नीरज और लक्ष प्रकाश। स्टैंडबाई खिलाड़ी: हर्ष राज, अमित कुमार, आदित्य राज जूनियर और विनीत उर्फ बंटी।

नालंदा जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि टीम के खिलाड़ी टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.