KRIDA NEWS

वनडे में जीत से शुरुआत करने उतरेगा भारत, टेस्ट, टी-20 के बाद अब वनडे के खिताब पर होगी नजर

टेस्ट और टी20 में शानदार वापसी करने वाली भारतीय टीम विश्व चैंपियन इंग्लैंड के खिलाफ मंगलवार से यहां शुरू हो रही तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में जीत से शुरुआत करने की कोशिश करेगी जिसमें सलामी बल्लेबाज शिखर धवन पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी। 

दूसरी तरफ इंग्लैंड ने टेस्ट और टी20 में जीत से शुरुआत की थी लेकिन इन दोनों प्रारूपों में वह लय बरकरार रखने में नाकाम रहा था। अब इयोन मोर्गन की अगुवाई वाली टीम अपनी इन कमियों को दूर करके दौरे का सकारात्मक अंत करना चाहेगी।

धवन के लिये विशेषकर यह श्रृंखला काफी महत्वपूर्ण है। यह 35 वर्षीय सलामी बल्लेबाज अहमदाबाद में पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय में प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहा जिसके बाद उन्हें अन्य मैचों में मौका नहीं दिया गया।

भारत के पास शीर्षक्रम में कई विकल्प मौजूद हैं। शुभमन गिल अभी टीम में हैं जबकि पृथ्वी सॉव और देवदत्त पडिक्कल भी अपना दावा पेश कर रहे हैं और ऐसे में धवन के लिये यह मैच अग्नि परीक्षा से कम नहीं होगा। 

पूरी संभावना है कि रोहित शर्मा के साथ धवन पारी की शुरुआत करेंगे। रोहित ने टी20 में शानदार प्रदर्शन किया था और वह अपनी इस फार्म को बरकरार रखने की कोशिश करेंगे। 

वनडे प्रारूप में धवन को अपनी पारी का संवारने का समय मिल जाता है और ऐसे में दिल्ली का यह अनुभवी बल्लेबाज मंगलवार को फार्म में वापसी करने की कोशिश करेगा। 

जहां तक भारतीय टीम का सवाल है तो वह इस साल के आखिर में होने वाले टी20 विश्व कप की अपनी तैयारियों को ही आगे बढ़ाएगी क्योंकि इस वर्ष 50 ओवरों के प्रारूप में कोई बड़ा टूर्नामेंट नहीं खेला जाना है। 

कप्तान विराट कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 श्रृंखला में अच्छी पारियां खेली और वनडे में भी वह बड़ी पारियां खेलने की कोशिश करेंगे क्योंकि उन्होंने वनडे में अपना आखिरी और 43वां शतक अगस्त 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ पोर्ट ऑफ स्पेन में लगाया था। कोहली शतक का इंतजार यहां समाप्त करना चाहेंगे। 

केएल राहुल और ऋषभ पंत दोनों के अंतिम एकादश में जगह बनाने की संभावना है। राहुल को हालांकि शीर्ष क्रम में नहीं बल्कि मध्यक्रम में उतारा जाएगा। वह पिछले साल से मध्यक्रम में ही खेल रहे हैं। पंत को विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी के साथ हार्दिक पंड्या के साथ निचले मध्यक्रम में अहम भूमिका निभानी होगी। 

ऐसी स्थिति में अंतिम एकादश में एक जगह के लिये मुंबई के श्रेयस अय्यर और सूर्यकुमार यादव के बीच प्रतिस्पर्धा होगी। सूर्यकुमार ने टी20 श्रृंखला में अपने करारे शॉट से प्रभावित किया था, लेकिन अय्यर पिछले कुछ समय से मध्यक्रम में अच्छी भूमिका निभा रहे हैं। 

टी20 श्रृंखला में अच्छा प्रदर्शन करने वाले भुवनेश्वर कुमार गेंदबाजी विभाग की अगुवाई करेंगे। उनके साथ शार्दुल ठाकुर को नयी गेंद का जिम्मा दिया जा सकता है। उन्होंने टी20 श्रृंखला में आठ विकेट लिये थे। 

मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा भी टीम में हैं। कप्तान कोहली पहले ही कृष्णा की प्रशंसा कर चुके हैं। विजय हजारे ट्राफी में उन्होंने सात मैचों में 14 विकेट लिये थे। 

स्पिन विभाग में युजवेंद्र चहल और वाशिंगटन सुंदर को क्रुणाल पंड्या और कुलदीप यादव पर प्राथमिकता मिल सकती है। हार्दिक पंड्या अब फिट हैं और पांचवें गेंदबाज की भूमिका निभाएंगे लेकिन देखना यह होगा कि वह कितने ओवर कर सकते हैं। 

इंग्लैंड भी जीत के साथ दौरे का अंत करने के लिये बेताब होगा क्योंकि उसने अच्छी शुरुआत करने के बावजूद टेस्ट श्रृंखला 1-3 से और टी20 श्रृंखला 2-3 से गंवायी थी। 

इंग्लैंड के कप्तान मोर्गन, जोस बटलर, जैसन रॉय और आलराउंडर बेन स्टोक्स की फार्म काफी मायने रखेगी। उसके इन चारों प्रमुख बल्लेबाजों को निरंतर अच्छा प्रदर्शन करने की जरूरत है। 

इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड ने अपनी तेजी से भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया था और जोफ्रा आर्चर के चोटिल होने के बाद क्रिस जोर्डन और युवा सैम करेन के साथ उनकी जिम्मेदारी बढ़ जाती है। 

मोईन अली और आदिल राशिद की स्पिन जोड़ी भारतीय बल्लेबाजों को खास परेशान नहीं कर पायी और यह देखना दिलचस्प होगा कि वनडे में उनकी रणनीति क्या होती है। मोईन टीम के लिये पिंच हिटर की भूमिका भी निभा सकते हैं।

भारत में कोविड-19 के मामले फिर से बढ़ने के कारण यह मैच खाली स्टेडियम में खेला जाएगा। 

टीमें इस प्रकार हैं : 

भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (उप-कप्तान), शिखर धवन, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), केएल राहुल (विकेट कीपर), युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, क्रुणाल पंड्या, वाशिंगटन सुंदर, टी नटराजन, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, शार्दुल ठाकुर में से।

इंग्लैंड: इयोन मोर्गन (कप्तान), मोइन अली, जॉनी बेयरस्टो, सैम बिलिंग्स, जोस बटलर, सैम कुरेन, टॉम कुरेन, लियाम लिविंगस्टोन, मैट पार्किंसन, आदिल राशिद, जैसन रॉय, बेन स्टोक्स, रीस टॉपले, मार्क वुड, जैक बॉल, क्रिस जॉर्डन, डाविड मलान में से। 

मैच दोपहर बाद एक बजकर 30 मिनट से शुरू होगा। 

Read More

पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग: लो स्कोरिंग मैच में लक्ष्य इंजीटेक जीता, केएनसीसी को 19 रन से हराया

पटना। अधिकारी मदन मोहन प्रसाद मेमोरियल पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग के अंतर्गत शुक्रवार यानी 6 फरवरी को खेले गए लो स्कोरिंग मुकाबले में कमला नेहरू क्रिकेट क्लब (केएनसीसी) पर लक्ष्य इंजीटेक क्लब की टीम भारी पड़ी और 19 रन की शानदार जीत दर्ज की। विजेता टीम के सूरज ओझा को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया।

स्थानीय अल्फा स्पोट्र्स एकेडमी के ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में टॉस लक्ष्य इंजीटेक क्लब ने जीता और बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्य इंजिटेक की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही और टीम ने शुरुआती ओवरों में नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। हालांकि कप्तान निशांत मोहन ने मोर्चा संभालते हुए तेज तर्रार अंदाज़ में बल्लेबाजी की। उन्होंने मात्र 25 गेंदों पर 39 रन बनाए, जिसमें सात चौके और एक छक्का शामिल था। उनकी इस पारी ने टीम को कुछ हद तक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

मध्यक्रम में सत्यम संतोष कुमार ने धैर्य के साथ 37 गेंदों पर 25 रन जोड़े, जबकि निचले क्रम में महताब आलम ने नाबाद 23 रन बनाकर पारी को संभाला। लक्ष्य इंजिटेक की पूरी टीम 23 ओवर में 122 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। केएनसीसी की ओर से गेंदबाजी में शुभम सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया और 7 ओवर में 27 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा प्रखर प्रखर ज्ञान ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट झटके, जबकि कप्तान राहुल रत्न को भी 2 सफलता मिली।

123 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केएनसीसी की टीम ने संभलकर शुरुआत की, लेकिन लक्ष्य इंजीटेक के गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा। अनमोल कुमार बोनी ने 23 रन और मंजीत कुमार ने 22 रनों की पारी खेलकर संघर्ष जरूर किया, परंतु अन्य बल्लेबाजों का साथ न मिल पाने से टीम लक्ष्य के करीब नहीं पहुंच सकी। सिमुख ने 19 रन बनाये।

लक्ष्य इंजीटेक की गेंदबाजी में सूरज ओझा ने मैच का रुख पलट दिया। उन्होंने 7.5 ओवर में मात्र 16 रन देकर 4 विकेट चटकाए और केएनसीसी की कमर तोड़ दी। वहीं मोहम्मद यासीन ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 5 ओवर में 10 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। अंतिम ओवरों में लगातार विकेट गिरने से केएनसीसी की पूरी टीम 25.5 ओवर में 103 रन ही बना सकी। इस तरह लक्ष्य इंजिटेक ने मुकाबला 19 रन से अपने नाम किया। इस जीत के साथ टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है और उसने लीग तालिका में अपनी स्थिति को मजबूत कर लिया है।

संक्षिप्त स्कोर
लक्ष्य इंजीटेक: 122/10 (23 ओवर), निशांत मोहन 39,सत्यम कुमार 25, महताब आलम नाबाद 23, शुभम सिंह 5/27, राहुल रत्न 2/49, प्रखर ज्ञान 2/11, अक्षत मिश्रा 1/15,

केएनसीसी: 103/9 (25.5 ओवर), अनमोल कुमार बोनी 23, मंजीत कुमार 22, सिमुख 19, प्रखर ज्ञान 16, विक्की आनंद 10,सूरज ओझा 4/16, मोहम्मद यासीन 3/10, उत्तम कुमार 1/21, आदित्य कुमार 1/25

Read More

लक्ष्मण सिंह स्मृति स्कूली क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताबी भिड़ंत दबंग व थंडरबोल्ट के बीच रविवार को

पटना: लक्ष्मण सिंह स्मृति स्कूली क्रिकेट टूर्नामेंट को उसके दोनों फाइनलिस्ट मिल गए हैं। खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में दबंग ने चैंपियंस को 13 रन से हराकर जहां खिताबी मुकाबले में जगह बनाई, वहीं दूसरे सेमीफाइनल में थंडरबोल्ट ने लायंस को एक विकेट से मात देकर फाइनल का टिकट कटाया। अब रविवार को श्रीकृष्णा खेल मैदान, खेमनीचक, पटना में दबंग और थंडरबोल्ट के बीच खिताबी भिड़ंत होगी।

दबंग की जीत का सिलसिला बरकरार

पहले सेमीफाइनल में चैंपियंस ने टॉस जीतकर दबंग को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। दबंग के बल्लेबाजों ने इस मौके को शानदार प्रदर्शन में बदला। आदर्श राज ने 66 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि रूणित सिन्हा ने 34 और युगवीर यादव ने 22 रन का अहम योगदान दिया। दबंग ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 161 रन बनाए।

जवाब में खेलने उतरी चैंपियंस की टीम लक्ष्य के करीब तो पहुंची, लेकिन जीत से चूक गई। पूरी टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 148 रन ही बना सकी। इस पारी में अतिरिक्त 51 रन चैंपियंस के स्कोर का बड़ा हिस्सा रहे। दबंग की ओर से हर्ष राज (4/26) और पियूष राज (2/20) ने शानदार गेंदबाजी की। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए आदर्श राज को दीपमाला गुप्ता और निशा सिन्हा ने संयुक्त रूप से मैच आफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया।

संक्षिप्त स्कोर
दबंग:20 ओवर में 8 विकेट पर 161 रन, आदर्श राज 66, रूणित सिन्हा 34, युगवीर यादव 22, अतिरिक्त 20। गेंदबाजी: ध्रुव कुमार 1/13, दिव्यांशु 1/29, हरिओम 1/20
चैंपियंस: 20 ओवर में 8 विकेट पर 148 रन, मुन्ना 22, ध्रुव 16, विनीत 15, अतिरिक्त 51। गेंदबाजी: हर्ष राज 4/26, पियूष राज 2/20, आदर्श राज 2/8

थंडरबोल्ट की सांस रोक देने वाली जीत

टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल लायंस और थंडरबोल्ट के बीच खेला गया। टॉस जीतकर थंडरबोल्ट ने लायंस को बल्लेबाजी के लिए बुलाया। लायंस की पूरी टीम 17.3 ओवर में मात्र 87 रन पर सिमट गई। थंडरबोल्ट की ओर से विश्वजीत, अभिनव राज, सुजल राज और हिमांशु ने सटीक गेंदबाजी करते हुए लायंस की कमर तोड़ दी। छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए थंडरबोल्ट की पारी भी आसान नहीं रही। लगातार विकेट गिरने के बावजूद टीम ने 16 ओवर में 9 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। रोमांचक जीत में विश्वजीत के हरफनमौला प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

संक्षिप्त स्कोर
लायंस: 17.3 ओवर में 87 रन पर ऑलआउट, सचिन 22, आर्यन अरविंद सिंह 10, मयंक 10, अतिरिक्त 15। गेंदबाजी: विश्वजीत 2/20, अभिनव राज 2/27, सुजल राज 2/21, हिमांशु 2/9
थंडरबोल्ट: 16 ओवर में 88/9. आयुष 16, श्रेयांश शर्मा 12, नवीन नाबाद 12, अतिरिक्त 25। गेंदबाजी: शिबू भूषण 4/9, सचिन 2/16, मयंक 1/17

Read More

पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट में क्रिसेंट सीसी ने हासिल की बड़ी जीत, विद्यार्थी सीसी को 10 विकेट से हराया

पटना, 4 फरवरी: पटना जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में खेली जा रही अधिकारी एम एम प्रसाद मेमोरियल पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग के अंतर्गत बुधवार को खेले गए मुकाबले में क्रिसेंट क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यार्थी क्रिकेट क्लब को 10 विकेट से पराजित किया। प्रिंस कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।

विद्यार्थी सीसी की पारी: सनी की जुझारू बल्लेबाजी

स्थानीय अल्फा स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला विद्यार्थी सीसी के लिए भारी पड़ गया और पूरी टीम 26 ओवर में 120 रन पर सिमट गई। कप्तान सनी ने अकेले मोर्चा संभालते हुए नाबाद 69 रन की पारी खेली। उन्होंने 88 गेंदों का सामना किया और 7 चौके व 2 छक्के लगाए। हालांकि, उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका।

शीर्ष क्रम से लेकर निचले क्रम तक विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे। पूरी टीम 26 ओवर में 10 विकेट खोकर सिर्फ 120 रन ही बना सकी। क्रिसेंट सीसी की गेंदबाजी बेहद अनुशासित रही। प्रिंस कुमार और रित्विक ने तीन-तीन विकेट झटके। हिमांशु कुमार ने किफायती गेंदबाजी करते हुए दो विकेट हासिल किए, जिससे विद्यार्थी सीसी बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही।

लक्ष्य का पीछा: क्रिसेंट सीसी का दबदबा

120 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्रिसेंट सीसी की टीम ने शुरू से ही मैच पर नियंत्रण बना लिया। सलामी बल्लेबाज अभिनव सिन्हा और मोहम्मद कैफ ने बिना कोई जोखिम लिए शानदार बल्लेबाजी की और विपक्षी गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया।

अभिनव सिन्हा ने 60 गेंदों पर 64 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 9 चौके शामिल रहे। वहीं मोहम्मद कैफ ने 78 गेंदों पर 47 रन बनाकर उनका बेहतरीन साथ निभाया। दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई नाबाद साझेदारी के दम पर क्रिसेंट सीसी ने 22.4 ओवर में बिना विकेट गंवाए 123 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

संक्षिप्त स्कोर
विद्यार्थी सीसी: 120/10 (26 ओवर), सनी नाबाद 69, प्रिंस कुमार 3/18, रित्विक 3/29, हिमांशु कुमार 2/15
क्रिसेंट सीसी: 123/0 (22.4 ओवर), अभिनव सिन्हा नाबाद 64, मोहम्मद कैफ नाबाद 47

Read More

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की बिहार रूरल लीग का कैंप शुरू, 105 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

पटना: बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित बिहार रूरल लीग के तहत खुशी टारगेट क्रिकेट एकेडमी, दीघा (पटना) में आज से चयन कैंप का शुभारंभ हो गया। कैंप के पहले दिन खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला और कुल 105 खिलाड़ियों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई। मीडिया प्रभारी रूपक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कैंप बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच देने और मजबूत टीम तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

कैंप कन्वेनर प्रभात कुमार ने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से की जा रही है और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का पूरा अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कैंप के दौरान फिटनेस टेस्ट, स्किल असेसमेंट और मैच प्रैक्टिस सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे खिलाड़ियों की क्षमता का सही आकलन किया जा सके।

उन्होंने यह भी बताया कि जहां एक ओर बड़ी संख्या में खिलाड़ी कैंप में शामिल हुए, वहीं सैकड़ों खिलाड़ियों ने काउंसिल की परीक्षाओं का हवाला देते हुए कैंप और मैच की घोषित तिथियों में बदलाव की मांग की है। खिलाड़ियों की इस मांग पर रूरल लीग मैनेजमेंट गंभीरता से विचार कर रहा है, ताकि अधिक से अधिक खिलाड़ियों को मौका मिल सके।

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से पटना सहित आसपास के सभी खिलाड़ियों को सूचित किया गया है कि भले ही वे कैंप का हिस्सा नहीं बन पाए हों, फिर भी कैंप स्थल पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं। इससे चयन प्रक्रिया को सुचारु रूप से पूरा किया जा सकेगा और टीम को अंतिम रूप देने में सहूलियत होगी। आयोजकों ने उम्मीद जताई है कि बिहार रूरल लीग के माध्यम से नए और उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.