KRIDA NEWS

पृथ्वी शॉ के एक और शतक से मुंबई की टीम फाइनल में, उत्तरप्रदेश से होगा खिताबी भिड़ंत

पृथ्वी शॉ ने विजय हजारे ट्रॉफी के सेमीफाइनल में कर्नाटक के खिलाफ धुआंधार 165 रन की पारी खेलकर मुंबई को फाइनल में पहुंचा दिया। देवदत्त पडीक्कल लगातार पांचवां शतक जड़ने से चूक गए। यूपी ने भी गुजरात को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। अब मुंबई और यूपी के बीच फाइनल का मुकाबला होगा।

गुजरात vs उत्तर प्रदेश, सेमीफाइनल 1

गुजरात की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया लेकिन यह सही साबित नहीं हुआ। हेत पटेल के अलावा गुजरात को कोई भी अन्य बल्लेबाज क्रीज पर नहीं टिक पाया और पूरी टीम 184 रन के मामूली स्कोर पर आउट हो गई। उत्तर प्रदेश के लिए यश दयाल ने 3 और आकिब खान ने 2 विकेट चटकाए। जवाब में खेलते हुए यूपी की टीम के भी कुछ विकेट गिरे लेकिन अक्षदीप नाथ ने 71 रन की पारी खेल टीम को संभाल लिया और यूपी ने 5 विकेट से मैच जीत फाइनल में प्रवेश कर लिया।

मुंबई vs कर्नाटक, सेमीफाइनल 2

इस मैच में मुंबई की टीम ने धाकड़ बल्लेबाजी की और पृथ्वी शॉ ने एक बार फिर से बड़ा शतक बनाया। उन्होंने 122 गेंदों पर 165 रन की पारी खेली और टूर्नामेंट में तीसरी बार 150 से ज्यादा का स्कोर बनाया। मुंबई की टीम ने 322 रन बनाए। कर्नाटक के लिए व्याशक विजय कुमार ने सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए। उनके अलावा प्रसिद्ध कृष्णा ने भी 3 विकेट चटकाए। जवाब में खेलते हुए कर्नाटक के लिए देवदत्त पडीक्कल का बल्ला चला और उन्होंने 64 रन बनाए लेकिन इस टूर्नामेंट में लगातार पांचवां शतक बनाने से चूक गए। उनके अलावा शरत बीआर ने भी अर्धशतक जड़ा लेकिन कर्नाटक की पूरी टीम 250 रन बनाकर आउट हो गई। इस तरह से 72 रनों से मैच जीतकर मुंबई की टीम विजय हजारे ट्रॉफी के फाइनल में जाने वाली दूसरी टीम बन गई। मुंबई और यूपी के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच 14 मार्च को होगा।

Read More

बिहार ओपन फिडे शतरंज: ग्रैंडमास्टर पीटर समेत तीन खिलाड़ी शीर्ष पर, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला

पटना: पटना के कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र खेल परिसर में चल रही बिहार ओपन फिडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता में छठे चक्र के बाद मुकाबला बेहद रोचक हो गया है। छह राउंड की समाप्ति के बाद तीन खिलाड़ी 6 अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर काबिज हैं।

छठे चक्र की शुरुआत से पहले बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि भारत ने विश्व शतरंज में जो पहचान बनाई है, उसी ऊर्जा और प्रतिभा की झलक अब बिहार के खिलाड़ियों में भी देखने को मिल रही है। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।

मंत्री ने पहले बोर्ड पर रूस के ग्रैंडमास्टर पीटर क्रियाकोव के साथ चाल चलकर छठे चक्र का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर अखिल बिहार शतरंज संघ के अध्यक्ष दिलजीत खन्ना, सचिव धर्मेंद्र कुमार और प्राधिकरण के उपनिदेशक हिमांशु सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

शीर्ष मुकाबलों में रोमांच

पहले बोर्ड पर काले मोहरों से खेलते हुए पीटर क्रियाकोव ने पटना के तबशीर आलम को 41 चालों में पराजित किया। मुकाबला काफी रोमांचक रहा और एक समय ड्रॉ की संभावना भी बनती दिखी, लेकिन अनुभव के दम पर ग्रैंडमास्टर ने जीत अपने नाम कर ली।

दूसरे बोर्ड पर महाराष्ट्र के महिंद्राकर इंद्रजीत ने शानदार खेल दिखाते हुए के.के. चटर्जी को 31 चालों में हराया। वहीं तीसरे बोर्ड पर बंगाल के परमब्रत सरकार ने बिहार के पूर्व राज्य चैंपियन सौरभ रूप को मात्र 21 चालों में पराजित कर अपनी स्थिति मजबूत की।वहीं एक अन्य अहम मुकाबले में झारखंड के कृष्ण कुमार साव को दिल्ली के सुंदरम कुमार ने 85 चालों तक चले लंबे संघर्ष में हराया।

अन्य प्रमुख मुकाबलों में अभ्रोज्योति नाथ ने एन. तरुण को पराजित किया, जबकि रुपेश जायसवाल और शुभम कुमार के बीच खेला गया मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। इसके अलावा समीर चौधरी, आशुतोष कुमार, पृथ्वी शर्मा और अमन बलाना ने अपने-अपने मैच जीतकर अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत की। इन परिणामों के बाद प्रतियोगिता में खिताब की जंग और भी दिलचस्प हो गई है, जहां हर राउंड के साथ प्रतिस्पर्धा और कड़ी होती जा रही है।

Read More

बारिश ने छीना जीत का मौका, BCCA जूनियर्स और इमर्जिंग प्लेयर अकादमी के बीच मैच रद्द; दोनों टीम को मिला 1-1 अंक

पटना: बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी अंडर-13 टूर्नामेंट के लीग मुकाबले में BCCA जूनियर्स और इमर्जिंग प्लेयर क्रिकेट अकादमी के बीच खेला गया मैच रोमांचक स्थिति में पहुंचने के बाद बारिश के कारण रद्द (Abandoned) कर दिया गया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए BCCA जूनियर्स की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और 32.5 ओवर में 252 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से विवान ने 50 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि आयुष ने 26 रन और कप्तान रौनक कुमार ने तेज 18 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

टीम को अतिरिक्त रनों के रूप में भी बड़ा योगदान (92 रन) मिला। इमर्जिंग प्लेयर क्रिकेट अकादमी की ओर से गेंदबाजी में आयुष दीप ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके। वहीं अभिराज सिंह ने 2 विकेट और अन्य गेंदबाजों ने भी योगदान दिया।

253 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इमर्जिंग प्लेयर क्रिकेट अकादमी की टीम ने 22 ओवर में 4 विकेट पर 133 रन बना लिए थे और मुकाबला रोमांचक स्थिति में था। टीम की ओर से अतु ने नाबाद 49 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली, जबकि युवराज भारती ने 23 रन और सिद्धार्थ ने तेज 14 रन बनाकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। BCCA जूनियर्स की ओर से गेंदबाजी में इर्फान आलम ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 1 विकेट मात्र 7 रन देकर लिया, जबकि कुमार उज्जवल और आयुष को भी 1-1 सफलता मिली।

हालांकि मैच निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका था, लेकिन अचानक बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा और अंततः मैच को रद्द घोषित कर दिया गया। इस तरह दोनों टीमों को अंक साझा करने पड़े, जबकि दर्शकों को एक संभावित रोमांचक परिणाम से वंचित रहना पड़ा।

Read More

राज कमल की घातक गेंदबाजी से किरण क्रिकेट एकेडमी की शानदार जीत, डीके क्रिकेट एकेडमी को 41 रनों से हराया

नालंदा: अंडर-16 यंग टैलेंट क्रिकेट टूर्नामेंट के लीग मुकाबले में किरण क्रिकेट एकेडमी, जहानाबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डीके क्रिकेट एकेडमी, पटना को 41 रनों से पराजित कर दमदार जीत दर्ज की। मुकाबला नालंदा क्रिकेट एकेडमी, एकंगरसराय मैदान पर खेला गया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए किरण क्रिकेट एकेडमी की टीम ने 39.1 ओवर में 213 रन बनाए। टीम की ओर से सोनू संजीत कुमार ने 60 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जबकि तेज बल्लेबाजी करते हुए राज कमल ने 46 रन और अन्य खिलाड़ियों ने उपयोगी योगदान देकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीके क्रिकेट एकेडमी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और लगातार विकेट गिरते रहे। हालांकि तेजश कुमार ने शानदार 75 रनों की पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। पूरी टीम 35.1 ओवर में 172 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

किरण क्रिकेट एकेडमी की ओर से कप्तान राज कमल ने घातक गेंदबाजी करते हुए 8 ओवर में मात्र 24 रन देकर 5 विकेट झटके और मैच का रुख पूरी तरह अपनी टीम की ओर मोड़ दिया। उनके अलावा श्याम कुमार ने 3 विकेट और पियूष कुमार ने 2 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई। राज कमल के ऑलराउंड प्रदर्शन (46 रन और 5 विकेट) के दम पर किरण क्रिकेट एकेडमी ने यह मुकाबला 41 रनों से अपने नाम कर लिया और टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

Read More

पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग: केशव कुमार के शतक से ईआरसीसी की रोमांचक जीत

पटना, 27 मार्च: मोइनुल हक स्टेडियम में खेले गए पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग के मुकाबले में ईआरसीसी (E R C C) ने राइजिंग स्टार को 2 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मुकाबला काफी रोमांचक रहा और आखिरी क्षणों तक परिणाम अनिश्चित बना रहा।

राइजिंग स्टार ने खड़ा किया मजबूत स्कोर

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राइजिंग स्टार की टीम ने निर्धारित 40 ओवर में 6 विकेट खोकर 227 रन बनाए। टीम के लिए अमन राज ने शानदार नाबाद 101 रनों की पारी खेली, जिसमें 12 चौके शामिल रहे। उनके अलावा अनिमेष कुमार ने 46 रन और रौशन राज ने 28 रन का योगदान दिया। ईआरसीसी की ओर से गेंदबाजी में रोहित राज ने 2 विकेट झटके, जबकि मुकेश पटेल और केशव कुमार को 1-1 सफलता मिली।

केशव कुमार का मैच जिताऊ शतक

228 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईआरसीसी टीम की शुरुआत साधारण रही, लेकिन केशव कुमार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 85 गेंदों पर 115 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी में 15 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा आदित्य ने 39 रन और रोहित राज ने नाबाद 22 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। ईआरसीसी ने 37.1 ओवर में 8 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

गेंदबाजी में सनी सम्राट का दमदार प्रदर्शन

राइजिंग स्टार की ओर से सनी रतन सम्राट ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 8 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं गोविंद कुमार ने 2 विकेट हासिल किए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। मैच में दोनों टीमों के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन अंत में केशव कुमार की शतकीय पारी ईआरसीसी के लिए निर्णायक साबित हुई। इस जीत के साथ ईआरसीसी ने लीग में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.