KRIDA NEWS

बिहार की हुई एक और हार, समर्थ के शतक से कर्नाटक 267 रनों से विजयी

पटना:- बीसीसीआई द्वारा आयोजित विजय हजारे ट्रॉफी में बिहार और कर्नाटक के बीच जस्ट क्रिकेट बेंगलुरु में खेले गए दूसरे मुकाबले में कर्नाटक ने बिहार को 267 रनों की विशाल अंतर से मात दी।

जिसकी जानकारी देते हुए बीसीए मीडिया कमेटी के संयोजक कृष्णा पटेल ने बताया कि आज सुबह टॉस बिहार के कप्तान आशुतोष अमन ने जीतकर कर्नाटक को बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित कर क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया।

कर्नाटक की ओर से पारी की शुरुआत करने आए सलामी बल्लेबाज सामर्थ आर. और देवदत् पडीक्कल कर्नाटक को ठोस शुरुआत दिलाई और 29.3 ओवरों में 153 रन के योग पर कर्नाटक को पहला झटका सलामी बल्लेबाज देवदत्त के रूप में लगा जब वो 97 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर अपना संयम खो बैठे और शतक लगाने से चूक गए।

जिसे बिहार के गेंदबाज राहुल कुमार ने क्लीन बोल्ड कर अपना शिकार बनाया और देवदत्त को शतक लगाने से वंचित कर बिहार को पहली सफलता दिलाई।

उसके बाद बल्लेबाजी करने आए सिद्धार्थ के. भी. ने इस पारी को आगे बढ़ाते हुए सलामी बल्लेबाज सामर्थ के साथ 48.1 ओवरों में टीम का स्कोर 324 रन तक पहुंचाए थे तभी सिद्धार्थ को अनुज राज ने कॉट एंड बोल्ड कर 76 रन के निजी स्कोर पर चलता कर बिहार को दूसरी सफलता दिलाई और 335 रन के योग पर तीसरी सफलता अनुज राज ने अनिरुद्ध के रूप में सकीबुल गनी के हाथों कैच कराकर दिलाई।

लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और एक छोर पर डंटकर बल्लेबाजी कर रहे सलामी बल्लेबाज सामर्थ ने नाबाद रहते हुए 144 गेंदों पर 158 रनों की शानदार शतकीय पारी खेलते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 3 विकेट खोकर 354 रनों के स्कोर तक पहुंचाया और बिहार के सामने जीत के लिए 355 रनों का लक्ष्य रखा।

बिहार की ओर से गेंदबाजी कर रहे गेंदबाज अनुज राज ने 10 ओवरों में 68 रन देकर सर्वाधिक दो सफलताएं अर्जित की जबकि राहुल कुमार को एक सफलता हाथ लगी ।

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और बिहार की ओर से पारी की शुरुआत करने  सलामी बल्लेबाज के रूप में सकीबुल गनी और शशीम राठौर आए।

लेकिन 1.2 ओवरों में  बिहार को पहला झटका 2 रन के योग पर लगा। जब शशीम राठौर बिना खाता खोले 1 रन चुराने के फिराक में सिद्धार्थ के हाथों रन आउट होकर पवेलियन वापस आ गए और इसी ओवर की आखिरी गेंद पर बिहार टीम को दूसरा झटका लगा जब बाबुल कुमार को बिना खाता खोले एम.प्रसिद्ध ने विकेट के बीचों-बीच पकड़ा और अंपायर ने पगबाधा करार देते हुए पवेलियन का रास्ता दिखाया।

दो लगातार झटके लगने के बाद बिहार के बल्लेबाज मंगल महरूर क्रीज पर आए लेकिन वो भी टीम को मझधार में छोड़ गए जिसे एम. प्रसिद्ध ने 8 रन के निजी स्कोर पर क्लीन बोल्ड कर 5.4 ओवरों में कुल 12 रन के योग पर बिहार को तीसरा झटका दिया।

जबकि 13 रन के योग पर अगले ओवर में कर्नाटक के गेंदबाज मिथुन ए. ने बिहार के बल्लेबाज आकाश राज और विकास रंजन को पगबाधा कर दो लगातार विकेट झटकते हुए  बिहार को चौथा और पांचवां झटका दिया और पूरी तरह से कमर तोड़ दी।

उसके बाद सलामी बल्लेबाज सकीबुल गनी का साथ देने आए कप्तान आशुतोष अमन ने संघर्ष करते हुए टीम का स्कोर 57 रन तक पहुंचाया तभी कप्तान आशुतोष अमन को एक 11 रन के निजी स्कोर पर सुचिथ ने अनिरुद्ध के हाथों कैच कराकर बिहार को छठा झटका दिया और लगातार विकेटों का गिरने का सिलसिला जारी रहा और बिहार की पूरी टीम 27.2 ओवरों में 87 रन पर सिमट गई और कर्नाटक ने इस मैच को 267 रनों के विशाल अंतर से जीत दर्ज कर सभी चार अंक अपनी झोली में डाल लिया।

बिहार की ओर से एकमात्र सलामी बल्लेबाज सकीबुल गनी ने साहसिक पारी खेलते हुए 37 रनों का योगदान दिया जिसे एम. प्रसिद्ध ने करुण नायर के हाथों कैच कराकर इस पारी का अंत किया।

कर्नाटक की ओर से गेंदबाज एम. प्रसिद्ध ने 6.1 ओवरों में तीन मैडेन ओवर के साथ 17 रन देकर सर्वाधिक चार सफलताएं अर्जित की। जबकि मिथुन और श्रेयस गोपाल को दो-दो सफलताएं हासिल हुई।

बिहार का तीसरा मुकाबला 24 फरवरी को उत्तर प्रदेश के साथ एलुर क्रिकेट स्टेडियम बेंगलुरु में खेला जाएगा।


Read More

बिहार ओपन फिडे शतरंज: ग्रैंडमास्टर पीटर समेत तीन खिलाड़ी शीर्ष पर, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला

पटना: पटना के कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र खेल परिसर में चल रही बिहार ओपन फिडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता में छठे चक्र के बाद मुकाबला बेहद रोचक हो गया है। छह राउंड की समाप्ति के बाद तीन खिलाड़ी 6 अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर काबिज हैं।

छठे चक्र की शुरुआत से पहले बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि भारत ने विश्व शतरंज में जो पहचान बनाई है, उसी ऊर्जा और प्रतिभा की झलक अब बिहार के खिलाड़ियों में भी देखने को मिल रही है। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।

मंत्री ने पहले बोर्ड पर रूस के ग्रैंडमास्टर पीटर क्रियाकोव के साथ चाल चलकर छठे चक्र का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर अखिल बिहार शतरंज संघ के अध्यक्ष दिलजीत खन्ना, सचिव धर्मेंद्र कुमार और प्राधिकरण के उपनिदेशक हिमांशु सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

शीर्ष मुकाबलों में रोमांच

पहले बोर्ड पर काले मोहरों से खेलते हुए पीटर क्रियाकोव ने पटना के तबशीर आलम को 41 चालों में पराजित किया। मुकाबला काफी रोमांचक रहा और एक समय ड्रॉ की संभावना भी बनती दिखी, लेकिन अनुभव के दम पर ग्रैंडमास्टर ने जीत अपने नाम कर ली।

दूसरे बोर्ड पर महाराष्ट्र के महिंद्राकर इंद्रजीत ने शानदार खेल दिखाते हुए के.के. चटर्जी को 31 चालों में हराया। वहीं तीसरे बोर्ड पर बंगाल के परमब्रत सरकार ने बिहार के पूर्व राज्य चैंपियन सौरभ रूप को मात्र 21 चालों में पराजित कर अपनी स्थिति मजबूत की।वहीं एक अन्य अहम मुकाबले में झारखंड के कृष्ण कुमार साव को दिल्ली के सुंदरम कुमार ने 85 चालों तक चले लंबे संघर्ष में हराया।

अन्य प्रमुख मुकाबलों में अभ्रोज्योति नाथ ने एन. तरुण को पराजित किया, जबकि रुपेश जायसवाल और शुभम कुमार के बीच खेला गया मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। इसके अलावा समीर चौधरी, आशुतोष कुमार, पृथ्वी शर्मा और अमन बलाना ने अपने-अपने मैच जीतकर अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत की। इन परिणामों के बाद प्रतियोगिता में खिताब की जंग और भी दिलचस्प हो गई है, जहां हर राउंड के साथ प्रतिस्पर्धा और कड़ी होती जा रही है।

Read More

बारिश ने छीना जीत का मौका, BCCA जूनियर्स और इमर्जिंग प्लेयर अकादमी के बीच मैच रद्द; दोनों टीम को मिला 1-1 अंक

पटना: बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी अंडर-13 टूर्नामेंट के लीग मुकाबले में BCCA जूनियर्स और इमर्जिंग प्लेयर क्रिकेट अकादमी के बीच खेला गया मैच रोमांचक स्थिति में पहुंचने के बाद बारिश के कारण रद्द (Abandoned) कर दिया गया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए BCCA जूनियर्स की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और 32.5 ओवर में 252 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से विवान ने 50 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि आयुष ने 26 रन और कप्तान रौनक कुमार ने तेज 18 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

टीम को अतिरिक्त रनों के रूप में भी बड़ा योगदान (92 रन) मिला। इमर्जिंग प्लेयर क्रिकेट अकादमी की ओर से गेंदबाजी में आयुष दीप ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके। वहीं अभिराज सिंह ने 2 विकेट और अन्य गेंदबाजों ने भी योगदान दिया।

253 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इमर्जिंग प्लेयर क्रिकेट अकादमी की टीम ने 22 ओवर में 4 विकेट पर 133 रन बना लिए थे और मुकाबला रोमांचक स्थिति में था। टीम की ओर से अतु ने नाबाद 49 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली, जबकि युवराज भारती ने 23 रन और सिद्धार्थ ने तेज 14 रन बनाकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। BCCA जूनियर्स की ओर से गेंदबाजी में इर्फान आलम ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 1 विकेट मात्र 7 रन देकर लिया, जबकि कुमार उज्जवल और आयुष को भी 1-1 सफलता मिली।

हालांकि मैच निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका था, लेकिन अचानक बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा और अंततः मैच को रद्द घोषित कर दिया गया। इस तरह दोनों टीमों को अंक साझा करने पड़े, जबकि दर्शकों को एक संभावित रोमांचक परिणाम से वंचित रहना पड़ा।

Read More

राज कमल की घातक गेंदबाजी से किरण क्रिकेट एकेडमी की शानदार जीत, डीके क्रिकेट एकेडमी को 41 रनों से हराया

नालंदा: अंडर-16 यंग टैलेंट क्रिकेट टूर्नामेंट के लीग मुकाबले में किरण क्रिकेट एकेडमी, जहानाबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डीके क्रिकेट एकेडमी, पटना को 41 रनों से पराजित कर दमदार जीत दर्ज की। मुकाबला नालंदा क्रिकेट एकेडमी, एकंगरसराय मैदान पर खेला गया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए किरण क्रिकेट एकेडमी की टीम ने 39.1 ओवर में 213 रन बनाए। टीम की ओर से सोनू संजीत कुमार ने 60 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जबकि तेज बल्लेबाजी करते हुए राज कमल ने 46 रन और अन्य खिलाड़ियों ने उपयोगी योगदान देकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीके क्रिकेट एकेडमी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और लगातार विकेट गिरते रहे। हालांकि तेजश कुमार ने शानदार 75 रनों की पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। पूरी टीम 35.1 ओवर में 172 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

किरण क्रिकेट एकेडमी की ओर से कप्तान राज कमल ने घातक गेंदबाजी करते हुए 8 ओवर में मात्र 24 रन देकर 5 विकेट झटके और मैच का रुख पूरी तरह अपनी टीम की ओर मोड़ दिया। उनके अलावा श्याम कुमार ने 3 विकेट और पियूष कुमार ने 2 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई। राज कमल के ऑलराउंड प्रदर्शन (46 रन और 5 विकेट) के दम पर किरण क्रिकेट एकेडमी ने यह मुकाबला 41 रनों से अपने नाम कर लिया और टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

Read More

पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग: केशव कुमार के शतक से ईआरसीसी की रोमांचक जीत

पटना, 27 मार्च: मोइनुल हक स्टेडियम में खेले गए पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग के मुकाबले में ईआरसीसी (E R C C) ने राइजिंग स्टार को 2 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मुकाबला काफी रोमांचक रहा और आखिरी क्षणों तक परिणाम अनिश्चित बना रहा।

राइजिंग स्टार ने खड़ा किया मजबूत स्कोर

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राइजिंग स्टार की टीम ने निर्धारित 40 ओवर में 6 विकेट खोकर 227 रन बनाए। टीम के लिए अमन राज ने शानदार नाबाद 101 रनों की पारी खेली, जिसमें 12 चौके शामिल रहे। उनके अलावा अनिमेष कुमार ने 46 रन और रौशन राज ने 28 रन का योगदान दिया। ईआरसीसी की ओर से गेंदबाजी में रोहित राज ने 2 विकेट झटके, जबकि मुकेश पटेल और केशव कुमार को 1-1 सफलता मिली।

केशव कुमार का मैच जिताऊ शतक

228 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईआरसीसी टीम की शुरुआत साधारण रही, लेकिन केशव कुमार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 85 गेंदों पर 115 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी में 15 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा आदित्य ने 39 रन और रोहित राज ने नाबाद 22 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। ईआरसीसी ने 37.1 ओवर में 8 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

गेंदबाजी में सनी सम्राट का दमदार प्रदर्शन

राइजिंग स्टार की ओर से सनी रतन सम्राट ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 8 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं गोविंद कुमार ने 2 विकेट हासिल किए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। मैच में दोनों टीमों के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन अंत में केशव कुमार की शतकीय पारी ईआरसीसी के लिए निर्णायक साबित हुई। इस जीत के साथ ईआरसीसी ने लीग में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.