KRIDA NEWS

मैं नहीं जानता कि हम कोहली को कैसे आउट करेंगे : मोईन अली

इंग्लैंड के आलराउंडर मोईन अली ने कहा कि वह नहीं जानते कि भारत के खिलाफ आगामी टेस्ट श्रृंखला में विराट कोहली से कैसे पार पाना है और उन्हें लगता है कि आस्ट्रेलिया में अपनी टीम की शानदार जीत का हिस्सा नहीं होने के कारण यह स्टार बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन करने के लिये अधिक प्रेरित होगा। 

कोहली अपने बच्चे के जन्म के कारण पहले टेस्ट मैच के बाद आस्ट्रेलिया से स्वदेश लौट आये थे। वह पांच फरवरी से इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला में भारतीय टीम की अगुवाई करेंगे। 


मोईन ने वीडियो कान्फ्रेंस के दौरान कहा, ‘‘हम उसे कैसे आउट करेंगे? वह निश्चित तौर शानदार खिलाड़ी है, विश्वस्तरीय बल्लेबाज है। वह अच्छा प्रदर्शन करने के लिये प्रेरित रहता है और मुझे पूरा विश्वास है कि आस्ट्रेलिया में टीम के अच्छे प्रदर्शन के बाद वह अधिक प्रेरित होगा क्योंकि वह अपने बच्चे के जन्म के कारण स्वदेश लौट आया था।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘मैं नहीं जानता कि हमें उसे कैसे आउट करना है क्योंकि मुझे नहीं लगता कि उसकी कोई कमजोरी है लेकिन हमारा गेंदबाजी आक्रमण अच्छा है और हमारे पास अच्छे तेज गेंदबाज हैं। ’’ मोईन ने कहा, ‘‘वह बहुत अच्छा इंसान और मेरा अच्छा मित्र है। हम क्रिकेट को लेकर अधिक बात नहीं करते।’’ 

कोविड-19 से उबरने के बाद वापसी करने वाले मोईन ने कहा कि वह अब भी मैच विजेता प्रदर्शन करने में सक्षम है और भारत की चुनौती के लिये तैयार हैं। टेस्ट श्रृंखला के अलावा इंग्लैंड को भारत में तीन वनडे और पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेलने हैं। 


मोईन ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट खेलना उनके लिये सबसे बड़ी प्रेरणा है और अगली श्रृंखला के लिये उन्होंने छोटे छोटे लक्ष्य तय किये हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे टीम में चुना जाता है या नहीं यह अलग मसला है। जहां तक खेलने की बात है तो मुझे लगता है कि मैं तैयार रहूंगा। मैंने लंबा इंतजार किया है।’’ 

मोईन ने कहा, ‘‘मुझे अब भी लगता है कि मैं विकेट ले सकता हूं, रन बना सकता हूं और मैच विजेता प्रदर्शन कर सकता हूं। मेरे छोटे छोटे लक्ष्य है जिन्हें मैं पहले हासिल करना चाहता हूं। मैं 200 विकेट लेने से ज्यादा दूर नहीं हूं।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘मैं जानता हूं कि लोग कहते हैं कि वे इन चीजों पर गौर नहीं करते लेकिन मैं इस पर ध्यान दे रहा हूं। इसके बाद मैं अगले लक्ष्य पर ध्यान दूंगा।’’ 

इस 33 वर्षीय खिलाड़ी को इंग्लैंड टीम के श्रीलंका पहुंचने पर कोविड-19 के लिये पॉजीटिव पाया गया था। इंग्लैंड ने इस श्रृंखला में क्लीन स्वीप किया। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 181 विकेट लिये हैं और 2782 रन बनाये हैं। 

Read More

यूनिटी कप अंडर-16 टूर्नामेंट में किरण क्रिकेट अकादमी की लगातार दूसरी जीत, खुशी टारगेट क्रिकेट अकादमी को 94 रनों से रौंदा

पटना। राजधानी पटना के पंकज स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स (पीटमास) मैदान में The GamePlan Co के तत्वावधान में स्वर्गीय अरुण सिंह जी की स्मृति में आयोजित “यूनिटी कप” अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट का छठा मुकाबला खुशी टारगेट क्रिकेट अकादमी और किरण क्रिकेट अकादमी के बीच खेला गया। इस मुकाबले में किरण क्रिकेट अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खुशी टारगेट क्रिकेट अकादमी को 94 रन से पराजित कर दिया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए किरण क्रिकेट अकादमी की टीम ने निर्धारित 25 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 147 रन बनाए। टीम की ओर से ऋतिक संजय राज ने 26 गेंदों पर 38 रन, अदीद युसूफ ने 27 गेंदों में 34 रन और अंकुल नवीन ने 30 गेंदों में 22 रन की उपयोगी पारी खेली। खुशी टारगेट क्रिकेट अकादमी की ओर से गेंदबाज़ी में सम्राट ने 3 विकेट लेकर 20 रन दिए, जबकि अभिनव अकेला ने 2/20 और जैकी ने 1/24 विकेट हासिल किए।

148 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी खुशी टारगेट क्रिकेट अकादमी की टीम किरण के गेंदबाज़ों के सामने टिक नहीं सकी और 19.5 ओवर में 53 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से एस. स्मार्ट ने 55 गेंदों पर 31 रन बनाकर सर्वाधिक योगदान दिया।किरण क्रिकेट अकादमी की ओर से गेंदबाज़ी में आयुष रंजन और अनीश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-3 विकेट लिए। आयुष रंजन ने 14 रन देकर 3 विकेट और अनीश ने 6 रन देकर 3 विकेट झटके। इसके अलावा अमन ने 1 विकेट लेकर 20 रन दिए।शानदार गेंदबाज़ी प्रदर्शन के लिए आयुष रंजन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

Read More

बीच थ्रोबॉल ऑफ इंडिया में बिहार का जलवा, हरियाणा को हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंची

पटना: उत्तराखंड के ऋषिकेश में आयोजित बीच थ्रोबॉल ऑफ इंडिया प्रतियोगिता में बिहार की पुरुष और महिला टीमों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। पुरुष वर्ग में बिहार की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पहले मध्य प्रदेश और फिर हरियाणा को पराजित कर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। टीम के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल दिखाते हुए दोनों मुकाबलों में प्रभावशाली जीत दर्ज की।

वहीं महिला वर्ग में भी बिहार की टीम ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। बिहार की महिला टीम ने उत्तर प्रदेश को हराकर प्रतियोगिता में अपनी पहली जीत हासिल की। इस मुकाबले में ईशा नंदनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

बीच थ्रोबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना होने से पहले बिहार टीम को सुमित कुमार श्रीवास्तव ने विदा किया था। वहीं सीनियर वाइस प्रेसिडेंट सतीश कुमार श्रीवास्तव ने टीम के खिलाड़ियों को आगामी मुकाबलों के लिए अग्रिम बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की।

Read More

यूनिटी कप अंडर-16 : फेयर लेस फाल्कन्स की शानदार जीत, पंकज स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स को 10 विकेट से हराया

पटना। राजधानी पटना के पंकज स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स (पीटमास) मैदान में The GamePlanCo के तत्वावधान में स्वर्गीय अरुण सिंह जी की स्मृति में आयोजित “यूनिटी कप” अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट के पूल-बी का पहला मुकाबला पंकज स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स और फेयर लेस फाल्कन्स के बीच खेला गया। इस मुकाबले में फेयर लेस फाल्कन्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पंकज स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स को 10 विकेट से पराजित कर दिया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए पंकज स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स की टीम 15.4 ओवर में 79 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से आयुष ने 20 गेंदों पर 18 रन, अंकित सिंह ने 14 गेंदों में 16 रन और पंकज ने 12 गेंदों पर 10 रन बनाए। फेयर लेस फाल्कन्स की ओर से गेंदबाज़ी में विशेष सुनील गोस्वामी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट पर 22 रन दिए। इसके अलावा सक्षम भारती ने 2/29 और रौनक ने 2/14 विकेट लिए।

फाल्कन्स की आसान जीत

80 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फेयर लेस फाल्कन्स की टीम ने आक्रामक बल्लेबाज़ी करते हुए मात्र 5 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 84 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से आदित्य कुमार ने 15 गेंदों पर तेज़ 52 रन बनाए, जबकि पीयूष ने 15 गेंदों में 24 रन का योगदान दिया। शानदार गेंदबाज़ी प्रदर्शन के लिए विशेष सुनील गोस्वामी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

Read More

पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग: शर्मा स्पोर्टिंग और अमर सीसी की शानदार जीत

पटना। पटना जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में खेले जा रहे सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में शुक्रवार को खेले गये दो मुकाबलों में शर्मा स्पोर्टिंग और अमर सीसी ने शानदार जीत दर्ज की। दोनों टीमों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी में दमदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों को बड़े अंतर से हराया।

शर्मा स्पोर्टिंग ने विद्यार्थी सीसी को हराया

पहले मैच में शर्मा स्पोर्टिंग ने विद्यार्थी सीसी को 238 रन से पराजित किया। शर्मा स्पोर्टिंग ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 40 ओवर में 8 विकेट पर 281 रन का विशाल स्कोर बनाया। टीम की ओर से चंद्रमणि पटेल ने 93 रन की शानदार पारी खेली, जबकि शाहिल कुमार ने 36 गेंदों पर नाबाद 62 रन बनाये। आदित्य कुमार राय ने 47 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी विद्यार्थी सीसी की टीम 13 ओवर में मात्र 43 रन पर सिमट गई। गेंदबाजी में अनिश कुमार ने 4 विकेट, गौरव ललिता कुमार ने 3 विकेट हासिल किये।

अमर सीसी ने बाटा सीसी को हराया

दूसरे मुकाबले में अमर सीसी ने बाटा सीसी को 119 रन से हराया। अमर सीसी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवर में 7 विकेट पर 223 रन बनाये। आर्यमन देवानंद सिंह ने 73 रन, आयुष राज ने 58 रन और कप्तान रवि शंकर ने नाबाद 46 रन की पारी खेली। जवाब में बाटा सीसी की टीम 23 ओवर में 104 रन पर ऑल आउट हो गई। बाटा सीसी की ओर से पार्थ सिन्हा ने 57 रन बनाये। गेंदबाजी में मोनू कुमार ने 5 विकेट, आर्यमन देवानंद सिंह ने 3 विकेट तथा प्रकाश यादव ने 2 विकेट लिये।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.