KRIDA NEWS

प्रतिष्ठा बचाने उतरेगा भारत, सैनी की जगह नटराजन या शारदुल को मिल सकता है मौका

पहले दो मैचों में एकतरफा हार के बाद भारतीय टीम का बुधवार को यहां आस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे और अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में गेंदबाजी आक्रमण में बदलाव करना लगभग तय है जिससे कि लगातार दूसरी श्रृंखला में क्लीन स्वीप से बचा जा सके।

आस्ट्रेलिया अगर 3-0 से जीत दर्ज करने में सफल रहता है तो लगातार दूसरी श्रृंखला में भारत का सूपड़ा साफ होगा क्योंकि इस साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड ने भी उसे इसी अंतर से हराया था। पहले दो मैचों में ढेरों रन बने जिसमें आस्ट्रेलिया ने दबदबा बनाते हुए विराट कोहली की टीम के खिलाफ आसान जीत दर्ज की और टीम इंडिया अगर मनुका ओवल में जीत दर्ज करती है तो टी20 श्रृंखला से पहले उसका आत्मविश्वास बढ़ेगा।

कप्तान कोहली पहले ही स्वीकार कर चुके हैं कि आस्ट्रेलिया ने पहले दो मैचों में उन्हें ‘पूरी तरह से पछाड़’ दिया और उम्मीद है कि जीत की तलाश में भारत कुछ बदलाव करेगा।
पहली बार आस्ट्रेलिया के दौरे पर आए भारत के सबसे तेज गेंदबाज नवदीप सैनी अब तक सटीक लाइन और लेंथ से गेंदबाजी करने में नाकाम रहे हैं और मेजबान टीम के बल्लेबाजों ने उनके खिलाफ आसानी से रन जुटाए हैं।

सैनी के सात ओवर में 70 रन लुटाने के बाद कोहली को हार्दिक पंड्या और मयंक अग्रवाल जैसे गेंदबाजों से उनका स्पैल पूरा कराना पड़ा। पंड्या गेंदबाजी करने के लिए पूरी तरह से फिट नहीं हैं जबकि अग्रवाल आम तौर पर गेंदबाजी नहीं करते।

तीसरे और अंतिम वनडे में अगर शारदुल ठाकुर या बायें हाथ के तेज गेंदबाज टी नटराजन को मौका मिलता है तो हैरानी नहीं होगी। शारदुल को 27 अंतरराष्ट्रीय मैचों का अनुभव है जबकि नटराजन को यॉर्कर फेंकने में महारत हासिल है।

कोहली अगर टेस्ट श्रृंखला से पहले जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी दोनों को आराम देने का फैसला करते हैं तो शारदुल और नटराजन दोनों को खेलने का मौका मिल सकता है। 

मौजूदा श्रृंखला में भारतीय गेंदबाज बिलकुल भी लय में नजर नहीं आ रहे हैं और उनके खिलाफ पहले दो मैचों में 69 चौके और 19 छक्के लगे हैं।

कोहली ने कहा कि टी20 प्रारूप से एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में ढलने को बहाना नहीं बनाया जा सकता क्योंकि पिछले काफी समय से टीम के मुख्य खिलाड़ी समान हैं।

गेंदबाजों के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द आस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ बने हुए हैं जिन्होंने लगातार दो मैचों में 62 गेंद में शतक जड़े।

इंडियन प्रीमियर लीग में नाकाम रहे ग्लेन मैक्सवेल ने भी अपनी तूफानी बल्लेबाजी से अंतर पैदा किया है जिससे आस्ट्रेलिया की टीम अंतिम ओवरों में ताबड़तोड़ रन बटोरने में सफल रही है। भारत की 66 और 51 रन की हार को देखते हुए उनकी पारियां अहम हो जाती हैं।

भारतीय कप्तान को मैच के दौरान अपने गेंदबाजों के रोटेशन के कारण भी आलोचना का सामना करना पड़ा है। गौतम गंभीर और आशीष नेहरा जैसे पूर्व भारतीय क्रिकेटरों ने मुख्य गेंदबाज बुमराह को पहले स्पैल में सिर्फ दो ओवर देने के लिए उनकी आलोचना की थी। तेज गेंदबाज अगर नाकाम रहे हैं तो स्पिनरों की विफलता ने भारत की मुसीबत को और बढ़ा दिया है।

युजवेंद्र चहल पहले दो मैचों में सबसे महंगे गेंदबाज रहे। उन्होंने 19 ओवर में 160 रन लुटाए और सिर्फ एक विकेट हासिल कर सके। रविंद्र जडेजा ने रन गति पर कुछ अंकुश लगाया लेकिन गेंद को घुमाने को अधिक तरजीह नहीं देने के कारण एक भी विकेट हासिल नहीं कर पाए।

बल्लेबाजी की बात करें तो कोहली और लोकेश राहुल दूसरे मैच में अच्छी लय में दिखे लेकिन राहुल दूसरे पावर प्ले के दौरान स्ट्राइक रोटेट करने में नाकाम रहे जो चिंता का सबब है। भारतीय बल्लेबाज हालांकि दोनों मैचों में ठीक ठाक प्रदर्शन करने में सफल रहे हैं और अगर गेंदबाजों का प्रदर्शन थोड़ा बेहतर होता है मेहमान टीम के पास मौका हो सकता था।

टीमें इस प्रकार हैं: 

भारत: विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, शुभमन गिल, लोकेश राहुल, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे, हार्दिक पांड्या, मयंक अग्रवाल, रविंद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, नवदीप सैनी, शारदुल ठाकुर और टी नटराजन।

आस्ट्रेलिया: आरोन फिंच (कप्तान), डार्सी शॉर्ट, स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, ग्लेन मैक्सवेल, एलेक्स केरी, मिशेल स्टार्क, एडम जम्पा, जोश हेजलवुड, सीन एबट, एश्टन एगर, कैमरन ग्रीन, मोइजेस हेनरिक्स, एंड्रयू टाय, डेनियल सैम्स और मैथ्यू वेड।

समय: मैच भारतीय समयानुसार सबुह नौ बजकर 10 मिनट से शुरू होगा।


Read More

बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी U-13: बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी C टीम की धमाकेदार जीत, सुदय क्रिकेट एकेडमी को 10 विकेट से हराया

पटना। बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी मैदान पर खेले गए बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी अंडर-13 के लीग मुकाबले में बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी की सी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सुदय क्रिकेट एकेडमी को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सुदय क्रिकेट एकेडमी की टीम 19.3 ओवर में 136 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से कप्तान ईशु शाहिल ने 35 रनों की तेज पारी खेली, जबकि हर्ष कुमार (15 रन), सरस (10 रन) और पियूष (10 रन) ने कुछ योगदान दिया। टीम को अतिरिक्त रनों (45) का भी सहारा मिला।

बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में अमन राज ने घातक प्रदर्शन करते हुए 7 ओवर में 5 विकेट झटके और विपक्षी बल्लेबाजी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा एमडी तबरेज़ ने 2 विकेट और ओजैर ने 1 विकेट हासिल किया।

137 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। ओपनिंग जोड़ी रोहित राज और प्रतिश ने बिना कोई विकेट खोए मैच खत्म कर दिया। रोहित राज ने नाबाद 52 रन (13 चौके) और प्रतिश ने नाबाद 55 रन (10 चौके, 2 छक्के) की बेहतरीन पारियां खेलीं। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर 14.1 ओवर में ही 139 रन बनाकर टीम को आसान जीत दिला दी।

सुदय क्रिकेट एकेडमी के गेंदबाज इस मैच में पूरी तरह बेअसर नजर आए और एक भी विकेट हासिल नहीं कर सके। इस तरह बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी ने एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की, जबकि सुदय क्रिकेट एकेडमी को हार का सामना करना पड़ा।

Read More

कासा पिकोला स्कूल क्रिकेट लीग अंडर-12: मगध तूफांस और आईआईटी पैंथर्स ने जीता अपना मुकाबला

पटना: श्रीकृष्ण खेल मैदान, खेमनीचक में चल रहे कासा पिकोला स्कूल क्रिकेट लीग अंडर-12 के चौथे दिन आईआईटी पैंथर्स ने सुमित एंड शर्मा स्पोटर्स एवेंजर्स पर 90 रन से जीत दर्ज की। वहीं दूसरा मुकाबला 24 रन से मगध तूफांस ने अपने नाम किया।

आईआईटी पैंथर्स ने दर्ज की जीत

गुरुवार को दिन का पहला मैच में आईआईटी पैंथर्स बनाम सुमित एंड शर्मा स्पोटर्स एवेंजर्स के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पैंथर्स ने बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पैंथर्स ने आयुष के शानदार 108 रन, कप्तान आरव चंद्रा के 38 व सिद्धार्थ गौतम के 25 रन की मदद से निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 217 रन बनाए। आयुष ने 61 गेंदों में 19 चौके व एक छक्के की मदद से अपना शतक पूरा किया।

जवाब में खेलने उतरी सुमित एंड शर्मा स्पोटर्स एवेंजर्स के बल्लेबाज पैंथर्स के गेंदों का सामना नहीं कर सके। पूरी टीम निर्धारित ओवर में 127 रन पर आलआउट हो गई। एवेंजर्स के लिए उत्कर्ष आनंद ने 38 व आदित्य कुमार केशरी ने 26 रन बनाए। मैच समाप्ति उपरांत शतकवीर आयुष को जीएसटी कमिश्नर शशि शेखर ने प्लेयर आफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया।

संक्षिप्त स्कोर:
आईआईटी पैंथर्स : 20 ओवर में पांच विकेट पर 217 रन, आरव 38, आयुष 108, सिद्धार्थ गौतम 25, अतिरिक्त 30, रेयांश केशरी 1/31, हार्दिक कुमार 1/10।

सुमित एंड शर्मा स्पोटर्स एवेंजर्स: 20 ओवर में नौ विकेट पर 127 रन, आदित्य केशरी 26, उत्कर्ष आनंद 38, आयुष सिंह 12, अतिरिक्त 20, शुभम आर्या 1/14, आदित्य कुमार 2/19, शशांक शेखर 1/19, सत्यम साह 1/23, आदित्य आर्यन 1/4, साहिल राय 2/16।

मगध तूफांस जीता

दिन का दूसरा मैच मगध तूफांस बनाम न्यूटन विक्टर्स के बीच खेला गया। न्यूटन ने टॉस जीतकर मगध को बल्लेबाजी के लिए निमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए तूफांस ने निर्धारित 20 ओवर में आयुष्मान जैन के नाबाद 72 व अनुराग कुमार यादव के नाबाद 65 रन की मदद से 1 विकेट पर 166 रन बनाए। जवाब में न्यूटन विक्टर्स निर्धारित ओवर में सात विकेट खोकर 142 रन ही बना सकी। विजेता टीम के आयुष्मान को रॉबिन सिंह ने मैन आफ द मैच का पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

संक्षिप्त स्कोर
मगध तूफांस: 20 ओवर में एक विकेट पर 166 रन, आयुष्मान जैन नाबाद 72, अनुराग कुमार यादव नाबाद 65, अतिरिक्त 29।
न्यूटन विक्टर्स: 20 ओवर में 7 विकेट पर 142 रन, आशीष कुमार 29, आशुतोष नाबाद 22, पुण्य प्रसून नाबाद 23, अतिरिक्त 47, रुद्र नारायण 2/21, आयुष कुमार 1/11, अभिषेक 1/17, लक्ष्य रंजन 1/13, आनंद कुमार 1/14।

Read More

पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में शशीम राठौर का हरफनमौला प्रदर्शन से पेसू की शानदार जीत

पटना, 25 मार्च: पटना जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित अधिकारी मदन मोहन प्रसाद मेमोरियल पटना सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में बुधवार को खेले गए मैच में पेसू ने सिटी स्टूडेंट क्लब को 6 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पेसू की ओर से शशीम राठौर (70) और पंकज कुमार (55) और सिटी स्टूडेंट क्लब की ओर से बलजीत सिंह बिहारी (76) ने अर्धशतक जमाया। शशीम राठौर (70 रन, 2 विकेट) को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।

स्थानीय उर्जा स्टेडियम में खेले गए मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सिटी स्टूडेंट क्लब की टीम 40 ओवर में 203 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से बलजीत सिंह बिहारी ने 76 रन की शानदार पारी खेली, जबकि राज आर्यन (24) और आदित्य प्रकाश (18) ने योगदान दिया। पेसू की गेंदबाजी में राजेश कुमार सिन्हा ने 3 विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे, जबकि शशीम राठौर और अभिजीत साकेत ने 2-2 विकेट झटके।

पेसू की धमाकेदार बल्लेबाजी, 27 ओवर में लक्ष्य हासिल

204 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पेसू ने आक्रामक बल्लेबाजी की और सिर्फ 27 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। शशीम राठौर ने 70 रन की शानदार पारी खेली, जबकि पंकज कुमार ने 55 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। बाबुल कुमार ने 32 रन का योगदान दिया।

संक्षिप्त स्कोर

सिटी स्टूडेंट क्लब: 203/10 (40 ओवर), बलजीत सिंह बिहारी 76, राज आर्यन 24, आदित्य प्रकाश 18, सुधांशु रंजन 15, रजनीकांत 14, अतिरिक्त 39। राजेश कुमार सिन्हा 3/24, शशीम राठौर 2/28, अभिजीत साकेत 2/34, हर्ष राज 1/25, निखिलेश रंजन 1/32.

पेसू : 204/4 (27 ओवर), शशीम राठौर 70, पंकज कुमार 55, बाबुल कुमार 32, प्रियांशु नाबाद 19, रजत कुमार आर्यन 18, सुंधाशु रंजन 1/51, आदित्य प्रकाश 1/44, चंद्र मोहन यादव 2/30

Read More

धनबाद के कोनैन कुरैशी को बीसीसीआई हाई परफॉर्मेंस कैंप का बुलावा, झारखंड से एकमात्र खिलाड़ी चयनित

धनबाद: झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के लिए गर्व की बात है कि धनबाद के उभरते क्रिकेटर कोनैन कुरैशी को बीसीसीआई के इमर्जिंग अंडर-23 हाई परफॉर्मेंस कैंप के लिए आमंत्रित किया गया है। यह कैंप बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित होगा, जहां उन्हें 12 अप्रैल को रिपोर्ट करना है और वे 7 मई तक इस विशेष प्रशिक्षण शिविर का हिस्सा रहेंगे।

इस संबंध में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख और पूर्व भारतीय दिग्गज वीवीएस लक्ष्मण ने झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) को पत्र लिखकर औपचारिक सूचना दी है। खास बात यह है कि कोनैन कुरैशी झारखंड से इस कैंप के लिए चयनित होने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं, जो उनकी प्रतिभा और मेहनत को दर्शाता है। यह हाई परफॉर्मेंस कैंप देश के चुनिंदा युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग और मार्गदर्शन प्रदान करता है, जिससे वे भविष्य में भारतीय टीम के लिए तैयार हो सकें।

कोनैन कुरैशी के चयन पर धनबाद क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार, महासचिव बिनय कुमार सिंह, संयुक्त सचिव बाल शंकर झा, बीएच खान, धर्मेंद्र कुमार, अभिजीत घोष और जेएससीए के कार्यकारिणी सदस्य उत्तम विश्वास सहित कई खेल प्रेमियों ने खुशी जताई है। सभी ने उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कैंप में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

कोनैन का यह चयन न सिर्फ धनबाद बल्कि पूरे झारखंड क्रिकेट के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है और आने वाले समय में उनसे और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.