इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दौरान ‘बायो-बबल’ से उल्लंघन पर खिलाड़ी को टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ सकता है और उनकी टीमों के एक करोड़ रूपये का भारी जुर्माना भरने के अलावा तालिका में अंक भी काटे जा सकते हैं।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने भाग लेने वाली सभी आठ फ्रेंचाइजी टीमों को अधिसूचना दी कि ‘बायो-बबल’ से ‘अनधिकृत रूप से बाहर’ जाने के लिये खिलाड़ी को छह दिन के पृथकवास में जाना होगा।
अगर ऐसा दूसरी बार होता है तो एक मैच का निलंबन लगाया जायेगा और तीसरे उल्लघंन पर उसे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया जायेगा और उसकी जगह टीम को कोई और खिलाड़ी भी नहीं मिलेगा।
खिलाड़ियों को दैनिक स्वास्थ्य पासपोर्ट पूरा नहीं करने, जीपीएस ट्रैकर नहीं पहनने और निर्धारित कोविड-19 जांच समय पर नहीं करवाने के लिये 60,000 रूपये के करीब का जुर्माना देना पड़ सकता है। यही नियम परिवार के सदस्यों और टीम अधिकारियों के लिये भी हैं।
संयुक्त अरब अमीरात में चल रहे टूर्नामेंट के हर पांचवें दिन सभी खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ की कोविड-19 जांच की जा रही है।
टीम अधिकारियों को भी यह सुनिश्चित करने में काफी सतर्क होने की जरूरत है कि सख्त ‘बायो-बबल’ का उल्लघंन नहीं हो।
अगर कोई फ्रेंचाइजी ‘किसी व्यक्ति को बबल में खिलाड़ी/सहयोगी स्टाफ से बातचीत करने की अनुमति देती है’ तो उसे पहले उल्लंघन पर एक करोड़ रूपये का जुर्माना भरना होगा, दूसरी बार ऐसा करने पर एक अंक काट लिया जायेगा और तीसरे उल्लंघन के लिये दो अंक (एक जीत के बराबर) काट लिये जायेंगे।

रोमांचक मुकाबले में इंजीनियरिंग विभाग की जीत, मैकेनिकल विभाग को 1 विकेट से हराया
सोनपुर। अंतर विभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट में गुरुवार को खेले गए बेहद रोमांचक मुकाबले में इंजीनियरिंग विभाग ने मैकेनिकल विभाग को अंतिम गेंद तक चले मैच में 1 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मैकेनिकल विभाग की शुरुआत खराब रही और टीम के चार प्रमुख बल्लेबाज महज 28 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद राजू यादव ने शिव शंकर मंडल और पंकज सिंह के साथ साझेदारी करते हुए टीम को संभाला और निर्धारित ओवर से चार गेंद पहले टीम को 116 रन तक पहुंचाया। इंजीनियरिंग विभाग की ओर से गेंदबाजी में राजा भारती ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में दो मेडन फेंकते हुए 4 विकेट झटके। इसके अलावा अमित ने 2 विकेट, जबकि रंजीत और राजीव ने 1-1 विकेट हासिल किए।

117 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने पावर प्ले में बिना विकेट खोए 33 रन बनाकर मजबूत शुरुआत की। हालांकि इसके बाद टीम को कुछ झटके लगे और मिथिलेश (10 रन) तथा रंजीत (15 रन) आउट होकर पवेलियन लौट गए। मध्यक्रम में जावेद ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 31 रन बनाए और टीम को जीत की राह पर ला दिया। वहीं सौरभ ने 16 रन का योगदान दिया। मुकाबला अंतिम ओवर तक रोमांचक बना रहा, जहां आखिरी गेंद पर इंजीनियरिंग विभाग ने जीत के लिए जरूरी रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मैच में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट लेने और बल्लेबाजी में उपयोगी योगदान देने वाले राजा भारती को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस तरह इंजीनियरिंग विभाग ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में शानदार जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।






